Delhi NCR Aaj Aur kal ka Mausam kaisa Rahega: दिल्ली में बीते कुछ दिनों से बारिश का सिलसिला जारी है। बारिश के चलते तापमान नियंत्रित है। लेकिन उमस से पूरी तरह राहत नहीं मिली है। घर से बाहर निकलते ही लोगों को उमस भरी गर्मी परेशान कर रही है। शनिवार को भी कुछ इलाकों में बारिश दर्ज की गई। लेकिन इससे उमस से राहत नहीं मिली। दो दिन बाद दिल्ली में अच्छी बारिश होने की संभावना है। आइए जानते हैं कि दिल्ली में आज कैसा मौसम रहेगा।
आज दिल्ली का मौसम
मौसम विभाग के अनुसार आज दिल्ली में बादल छाए रहेंगे और हल्की बारिश होने की भी संभावना है। इस दौरान यहां का अधिकतम तापमान 35 डिग्री और न्यूनतम तापमान 28 डिग्री सेल्सियस तक रह सकता है। सोमवार 5 अगस्त को भी यहां हल्की बारिश रहने के आसार हैं। हालांकि 6 अगस्त को बारिश बढ़ने की संभावना है। मौसम विभाग ने 6 और 7 अगस्त को दो दिन के लिए हल्की से मध्यम बारिश का येलो अलर्ट जारी किया। जिसके बाद 8 और 9 अगस्त को फिर से बारिश हल्की हो जाएगी। इस दौरान दिल्ली का अधिकतम तापमान 33-34 डिग्री सेल्सियस रह सकता है, वहीं न्यूनतम तापमान 26 से 28 डिग्री तक रहने की संभावना है।
शनिवार को कहां-कितनी हुई बारिश
शनिवार को सुबह के समय हवाएं चलने से उमस से थोड़ी राहत। लेकिन 8 बजे तक तेज धूप निकल आई और उमस भी बढ़ गई। दोपहर में तीन बजे करीब कुछ इलाकों में बौछार पड़ी। जिससे नमी का स्तर और अधिक हो गया। मौसम विभाग के अनुसार शनिवार को दोपहर के समय सफदरजंग में 0.4 मिमी, पालम में 0.2 मिमी, लोदी रोड में बूंदाबांदी, मयूर विहार में एक मिमी बारिश दर्ज की गई। शनिवार को यहां का अधिकतम तापमान 34.7 डिग्री और न्यूनतम तापमान 27 डिग्री तक रहा।
अगस्त के तीनों दिन हुई बारिश
दिल्ली में अगस्त के शुरू से अब तक यहां रोज बारिश हुई है। 1 अगस्त को सफदरजंग में 107.6 मिमी बारिश हुई और 2 अगस्त को 1.6 मिमी बारिश दर्ज की गई। अगस्त में अब तक 109.6 मिमी बारिश हो चुकी है, जबकि इस महीने में सामान्य बारिश 233.1 मिमी है। मॉनसून सीजन जून से सितंबर तक रहता है। इस दौरान सामान्य रूप से 307.7 मिमी बारिश होनी चाहिए, जबकि यहां अब तक 556.3 मिमी बारिश हो चुकी है और इसमें से 70 फीसदी बारिश सिर्फ चार दिनों में ही दर्ज की गई है।
देश और दुनिया की ताजा ख़बरें (Hindi News) पढ़ें हिंदी में और देखें छोटी बड़ी सभी न्यूज़ Times Now Navbharat Live TV पर। शहर (Delhi News) अपडेट और चुनाव (Elections) की ताजा समाचार के लिए जुड़े रहे Times Now Navbharat से।
