UP-Bihar Ka Mausam, 15 August 2025 Ka Mausam : उत्तर भारत में मानसून अपनी रफ्तार कायम किए हुए है। मौसम विभाग ने देश के कई हिस्सो में मूसलाधार बारिश का अलर्ट जारी किया है, जिससे अगले कुछ दिन तक मौसम काफी सुहावना रहेगा। हालांकि, बीच-बीच में बारिश की रफ्तार थमने से उमस और गर्मी भी परेशान कर रही है। आईएमडी ने बिहार और उत्तर प्रदेश के विभिन्न जिलों में 15 अगस्त को दिनभर मौसमी गतिविधियां जारी रहने की चेतावनी जारी की है। इस दौरान मेघ गर्जन के साथ आकाशीय बिजली गिरने और कहीं हल्की तो कहीं भारी बारिश छुट्टी का मजा दोगुना कर सकती है। हालांकि, लगातार बारिश के कारण नदियों का जलस्तर खतरे के निशान के आसपास रहेगा, जिससे तराई के इलाकों में बाढ़ जैसे हालात बने रहेंगे, जो कटरी डूब क्षेत्र के लोगों के लिए चिंता का सबब बनेगी। आइये जानते हैं दोनों राज्यों में कहां-कहां अधिक वर्षा के संकेत मिल रहे हैं।
बिहार का मौसम कैसा रहेगा?
बिहार में आज मौसम का मिजाज काफी ठंडा है। कई हिस्सों में बारिश का दौर जारी है। आईएमडी ने बिहार के 18 जिले में आंधी तूफान के साथ ठनका गिरने और भारी बारिश का अलर्ट जारी किया है। लिहाजा, लोगों को खराब मौसम के दौरान सुरक्षित स्थानों पर रहने की सलाह दी है। 15 अगस्त के दौरान राजधानी पटना खगड़िया, किशनगंज, जमुई, नवादा, नालंदा, भागलपुर, कटिहार, पूर्णिया, जहानाबाद, गयाजी, अररिया, सुपौल, मधेपुरा, शेखपुरा, बांका, मुंगेर और बेगूसराय में भीषण आंधी चलने के साथ बादलों के गड़गड़ाने, बिजली कड़कने और मूसलाधार बारिश की चेतावनी है।
बिहार, यूपी और नेपाल की ओर जारी कई दिनों से जारी भारी बारिश के कारण राज्य की नदियां उफान पर हैं। कोसी, गंडक और बूढ़ी नदियों का जलस्तर खतरे के निशान के आसपास है, जिससे डूब क्षेत्र में बाढ़ जैसे हालात बने हुए हैं। फिलहाल, इसी तरह के हालात बने रहने के संकेत हैं।
यूपी आज का मौसम
उत्तर प्रदेश में आज कहीं धूप तो कहीं छांव का दौर जारी है। 15 अगस्त शुक्रवार को राज्य के कई हिस्सों में बादलों की आवाजाही के साथ झमाझम बारिश के संकेत हैं। अगले 24 घंटे के दौरान मौसम विभाग ने पश्चिमी उत्तर प्रदेश के कई जिलों में गरज चमक के साथ तेज बारिश और आकाशीय बिजली गिरने की संभावना जताई है। हालांकि, पूर्वी उत्तर प्रदेश में मौसम की चाल थोड़ी सुस्त रहेगी।
यूपी में कहां होगी बारिश
बुंदेलखंड के झांसी, ललितपुर, बांदा, हमीरपुर, चित्रकूट और जालौन में बादलों की आवाजाही लगी है। हालांकि, कानपुर और फतेहपुर समेत कई पड़ोसी जिलों में सुबह से हल्की धूप निकली हुई है, जिससे उमस का असर दिखाई दे रहा है। मौसम विभाग ने लखनऊ, प्रयागराज, वाराणसी, गोरखपुर, आगरा, मेरठ, जौनपुर समेत राज्य के अधिकतर हिस्सों में बादलों के गरजने और आंधी के साथ वज्रपात की चेतावनी है। ऐसे में लोगों को घरों में रहने की सलाह दी गई है। अगले 24 घंटे में तेज मौसमी गतिविधियों की चेतावनी है। इस दौरान अधिकतम तापमान 33 से 34 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 27 डिग्री सेल्सियस रह सकता है।
