लखनऊ

UP Flood: यूपी के 400 से अधिक गांवों में भरा पानी, 84 लाख जिंदगियों पर पड़ा असर

उत्तर प्रदेश में भारी मानसूनी बारिश नदियों में ऐसा उफान लाया है कि 17 जिलों के 400 से अधिक गांव बाढ़ से प्रभावित हैं। प्रशासन के मुताबिक अबतक 343 घरों और 4,015 हेक्टेयर कृषि भूमि को नुकसान हुआ है। राहत कार्यों के लिए NDRF, SDRF और PAC सक्रिय हैं।

Image

400 से अधिक घर बाढ़ से प्रभावित (तस्वीर साभार | PTI )

Photo : PTI

UP News: मानसून इस बार ऐसी भारी बारिश लेकर आया है कि नदियां उफान पर हैं। बिहार, उत्तर प्रदेश से लेकर राजस्थान भी इस बार बाढ़ का प्रकोप देख रहा है। उत्तर प्रदेश में गंगा का जलस्तर ऐसा बढ़ रहा है कि अगले वाराणसी-प्रयागराज जैसे शहरों में भी बाढ़ जैसी स्थिति बनने लगी है। प्रशासन की मानें तो उत्तर प्रदेश के 17 जिलों के 400 से ज्यादा गांव इस वक्त बाढ़ से प्रभावित हैं।

84 लाख लोग परेशान

राहत आयुक्त भानु चंद्र गोस्वामी ने रविवार को बताया कि राज्य के 17 जिलों में 37 तहसीलों के 402 गांव बाढ़ से प्रभावित हुए हैं और उनमें रहने वाले 84 हजार 392 लोगों की जिंदगी पर असर पड़ा है। राष्ट्रीय आपदा मोचन बल (NDRF), राज्य आपदा मोचन बल (SDRF) और प्रादेशिक सशस्त्र कांस्टेबलरी (PAC) के कर्मियों द्वारा निरंतर गश्त के साथ राहत और बचाव कार्य जोरों पर चल रहा है।

ये जिले हैं बाढ़ग्रस्त

बाढ़ से प्रभावित जिलों में कानपुर नगर, लखीमपुर खीरी, आगरा, औरैया, चित्रकूट, बलिया, बांदा, गाजीपुर, मिर्जापुर, प्रयागराज, वाराणसी, चंदौली, जालौन, कानपुर देहात, हमीरपुर, इटावा और फतेहपुर शामिल हैं।

300 से अधिक घरों को पहुंचा नुकसान

गोस्वामी के मुताबिक बाढ़ से अब तक 343 घरों को नुकसान पहुंचा है। इसके अलावा 4,015 हेक्टेयर से अधिक कृषि भूमि भी प्रभावित हुई है। बाढ़ से परेशान लोगों तक 493 नावों और मोटरबोटों के जरिए राहत सामग्री पहुंचाई जा रही है।

बनाए गए हैं बाढ़ आश्रय स्थल

प्रभावित लोगों की मदद के लिए अब तक खाद्य पदार्थों के 76 हजार 632 पैकेट वितरित किए जा चुके हैं। इसके अलावा, प्रभावित लोगों को ताजा भोजन उपलब्ध कराने के लिए 29 सामुदायिक रसोइयां (लंगर) स्थापित की गयी हैं। फिलहाल कुल 905 बाढ़ आश्रय स्थल बनाये गये हैं जिनमें 11 हजार 248 विस्थापित लोग रह रहे हैं। जबकि 757 स्वास्थ्यकर्मी चिकित्सा जांच कर रहे हैं और स्थिति पर नजर रखने के लिए 1,193 बाढ़ चौकियां स्थापित की गई हैं।

(इनपुट-भाषा)

Nishant Tiwari
निशांत तिवारीauthor

निशांत तिवारी टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल की सिटी टीम में कॉपी एडिटर हैं। शहरों से जुड़ी खबरों, स्थानीय मुद्दों और नागरिक सरोकार को समझने की उनकी गहरी दृष्टि उन्हें इस बीट का एक भरोसेमंद और प्रभावी कंटेंट राइटर बनाती है। वे जटिल लोकल इश्यूज को सहज, स्पष्ट और असरदार अंदाज में पेश करने में दक्ष हैं और अबतक 2,000 से अधिक न्यूज रिपोर्ट लिख चुके हैं। उनकी लेखन शैली शहर की नब्ज पकड़ते हुए ऐसे कंटेंट पर केंद्रित रहती है, जो सीधे पाठकों के जीवन और उनकी रोजमर्रा की चिंताओं से जुड़ा होता है।

और पढ़ें
End of Article
Subscribe to our daily Newsletter!