शहर

लखनऊ में बनेगा देश का सबसे गहरा मेट्रो स्टेशन, पाण्डेयगंज में जमीन से 38 मीटर नीचे तैयार होगा 5 मंजिला स्ट्रक्चर

लखनऊ के पाण्डेयगंज में देश का सबसे गहरा और डबल-डेकर मेट्रो स्टेशन बनेगा। जमीन से 35-38 मीटर नीचे बनने वाले यह स्टेशन ने हावड़ा के रिकॉर्ड पीछे छोड़ देगा।

Image

पाण्डेयगंज में बनेगा सबसे गहरा मेट्रो स्टेशन (चित्र साभार: UPMRC)

Lucknow Metro: उत्तर प्रदेश की राजधानी लखनऊ में मेट्रो नेटवर्क के विस्तार को लेकर एक बेहद रोमांचक और तकनीकी रूप से अनूठा प्रोजेक्ट सामने आया है। शहर के पाण्डेयगंज में देश का सबसे गहरा मेट्रो स्टेशन बनाया जाने वाला है, जो इंजीनियरिंग का एक बेहतरीन नमूना होगा। यह प्रोजेक्ट पूरा होने के बाद पश्चिम बंगाल के हावड़ा मेट्रो स्टेशन का रिकॉर्ड टूट जाएगा, जो अब तक देश का सबसे गहरा मेट्रो स्टेशन माना जाता है। उत्तर प्रदेश मेट्रो रेल कॉरपोरेशन (UPMRC) द्वारा चारबाग से वसंतकुंज तक बनने वाले ईस्ट-वेस्ट कॉरिडोर के अंडरग्राउंड सेक्शन के लिए टेंडर प्रक्रिया पूरी कर ली गई है। UPMRC ने 1632 करोड़ रुपये की लागत से चारबाग से चौक तक सात भूमिगत स्टेशनों के निर्माण के लिए कंपनी का चयन कर लिया है।

पाण्डेयगंज मेट्रो स्टेशन की खास बातें और गहराई

चारबाग से चौक के बीच बनने वाले इन सातों स्टेशनों में पाण्डेयगंज मेट्रो स्टेशन का निर्माण सबसे चुनौतीपूर्ण और अनूठा होगा। यह स्टेशन जमीन से 35 से 38 मीटर नीचे बनाया जाएगा, जो लगभग 12 मंजिला इमारत की ऊंचाई से भी अधिक गहरा है। तुलनात्मक रूप से देखें तो हावड़ा मेट्रो स्टेशन करीब 33 मीटर गहरा है। जगह की कमी के चलते पाण्डेयगंज स्टेशन सामान्य 3 मंजिला के बजाय 5 मंजिला तैयार किया जाएगा।

माइनस 5 तल: यहां मुख्य प्लेटफॉर्म होगा।

माइनस 4 तल: यहां कॉनकोर्स (Concourse) क्षेत्र रहेगा।

माइनस 3 तल: ठीक नीचे के प्लेटफॉर्म के ऊपर एक और प्लेटफॉर्म तैयार किया जाएगा।

माइनस 2 तल: यात्रियों के आने और जाने के लिए दूसरा कॉनकोर्स बनाया जाएगा।

माइनस 1 तल: टिकटिंग काउंटर जैसी यात्री सुविधाएं उपलब्ध होंगी।

देश का पहला डबल-डेकर प्लेटफॉर्म

पाण्डेयगंज लखनऊ ही नहीं बल्कि देश का पहला ऐसा मेट्रो स्टेशन होगा जहां प्लेटफॉर्म 'डबल स्टोरी' का होगा और मेट्रो ऊपर-नीचे आएंगी। आने-जाने वाली मेट्रो के दोनों ट्रैक पैरेलल न होकर एक-दूसरे के ऊपर-नीचे बनाए जाएंगे। दोनों ट्रैक के बीच एक मंजिल खाली रखी जाएगी, जिसमें मेट्रो संचालन से जुड़े आधुनिक सिस्टम लगाए जाएंगे। अधिकारियों के अनुसार, ऊपर-नीचे ट्रैक वाला यह सिस्टम देश में अपनी तरह का पहला प्रयोग होगा।

Nishant Tiwari
निशांत तिवारीauthor

निशांत तिवारी टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल की सिटी टीम में कॉपी एडिटर हैं। शहरों से जुड़ी खबरों, स्थानीय मुद्दों और नागरिक सरोकार को समझने की उनकी गहरी दृष्टि उन्हें इस बीट का एक भरोसेमंद और प्रभावी कंटेंट राइटर बनाती है। वे जटिल लोकल इश्यूज को सहज, स्पष्ट और असरदार अंदाज में पेश करने में दक्ष हैं और अबतक 2,000 से अधिक न्यूज रिपोर्ट लिख चुके हैं। उनकी लेखन शैली शहर की नब्ज पकड़ते हुए ऐसे कंटेंट पर केंद्रित रहती है, जो सीधे पाठकों के जीवन और उनकी रोजमर्रा की चिंताओं से जुड़ा होता है।

और पढ़ें
End of Article