शहर

बिहार के SKMCH हॉस्पिटल में शराब पार्टी, तीमारदार कोल्ड ड्रिंक की बोतल में छिपाकर लाते थे देसी शराब

मुजफ्फरपुर स्थित श्री कृष्ण मेडिकल कॉलेज एंड हॉस्पिटल मेडिकल में भर्ती मरीजों के तीमारदार अस्पताल के अंदर शराब लेकर पहुंचते थे और वार्ड के आसपास उसका सेवन करते थे। इस मामले में दो लोगों को हिरासत में लिया गया है।

Image

श्री कृष्ण मेडिकल कॉलेज एंड हॉस्पिटल में शराब पार्टी का खुलासा

उत्तर बिहार के सबसे बड़े सरकारी अस्पताल श्री कृष्ण मेडिकल कॉलेज एंड हॉस्पिटल (SKMCH) में इलाज कराने आए मरीज के परिजनों ने कोल्ड्रिंक की बोतल में शराब मिलाकर शराब पार्टी करने का मामला सामने आया है। गुरुवार को हड्डी रोग वार्ड (वार्ड संख्या-2) में भर्ती एक मरीज के परिजनों पर वार्ड के बाहर शराब पीने और शराब छिपाकर लाने का आरोप लगा है। सूचना मिलने के बाद पुलिस ने कार्रवाई करते हुए देसी शराब बरामद की और मरीज के पिता और भाई को हिरासत में लेकर पूछताछ कर रही है। वहीं SKMCH के अधीक्षक ने पूरे मामले की जांच का आदेश दिया है।

बताया जा रहा है कि वैशाली जिले के बेलसर थाना क्षेत्र के निवासी बबलू शर्मा श्री कृष्ण मेडिकल कॉलेज (SKMCH) के हड्डी रोग वार्ड में भर्ती हैं और वार्ड में भर्ती अन्य मरीजों और उनके परिजनों ने आरोप लगाया कि बबलू शर्मा के पिता और भाई पिछले कई दिनों से चोरी-छिपे अस्पताल परिसर में शराब लेकर आते थे और वार्ड के आसपास उसका सेवन करते थे।

सॉफ्ट ड्रिंक की बोतलों में अस्पताल पहुंचती थी शराब

मरीजों का कहना है कि पकड़े जाने से बचने के लिए आरोपी देसी शराब को पानी, माजा और अन्य सॉफ्ट ड्रिंक की बोतलों में भरकर अस्पताल के भीतर लाते थे। इससे वार्ड में भर्ती मरीजों, महिलाओं और उनके परिजनों को काफी परेशानी का सामना करना पड़ रहा था। इसके बाद वार्ड में भर्ती एक मरीज ने इस मामले की शिकायत अस्पताल प्रशासन से की। सूचना मिलते ही SKMCH ओपी पुलिस मौके पर पहुंची और संदिग्धों के सामान की तलाशी ली। तलाशी के दौरान एक झोले में रखी कोल्ड्रिंक की बोतल से देसी शराब बरामद हुई।

इसके बाद पुलिस ने मरीज के पिता चंदेश्वर ठाकुर और उसके भाई को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी। वहीं SKMCH के अधीक्षक डॉ. महेश प्रसाद ने मामला सामने आते ही जांच के आदेश दिए हैं। उन्होंने कहा कि जांच रिपोर्ट आने के बाद दोषी पाए जाने वाले लोगों के खिलाफ नामजद प्राथमिकी दर्ज कर सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

SKMCH ओपी प्रभारी पिंटू कुमार ने बताया कि मौके से बरामद देसी शराब को जब्त कर लिया गया है... साथ ही यह भी जांच की जा रही है कि अस्पताल के मुख्य गेट पर सुरक्षा व्यवस्था के बावजूद शराब परिसर के भीतर किस रास्ते से पहुंची।

Pushpendra kumar
पुष्पेंद्र कुमारauthor

पुष्पेंद्र कुमार टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल में चीफ कॉपी एडिटर के रूप में सिटी डेस्क पर कार्यरत हैं। जर्नलिज्म में मास्टर्स डिग्री हासिल करने के बाद से वे पिछले 7 वर्षों से सक्रिय पत्रकारिता में जुड़े हैं। इस दौरान उन्होंने 10,000 से अधिक खबरें लिखी हैं। पुष्पेंद्र हाइपर-लोकल मुद्दों, रेलवे, रोड, इंफ्रास्ट्रक्चर, डेवलपमेंट, कृषि और मौसम से जुड़ी खबरों पर गहरी पकड़ रखते हैं। शहर से लेकर गांव-देहात तक की संवेदनशीलताओं को समझते हुए वे लोकल खबरों को ऐसा रूप देते हैं जो न केवल तथ्यपूर्ण होता है, बल्कि पाठकों से भावनात्मक रूप से भी जुड़ता है।

और पढ़ें
End of Article