शहर

Kerala Assembly Elections 2026 : केरल विधानसभा चुनाव की तैयारियां, EC की पॉलिटिकल पार्टियों के साथ बैठक; क्या बोले चुनाव आयुक्त

Kerala Assembly Elections 2026 : केरल विधानसभा चुनाव की तैयारियों को लेकर कोच्चि में चुनाव आयोग की अहम बैठक हुई, जिसमें चुनाव के दौरीान रुपये और शराब के इस्तेमाल पर सख्ती की मांग उठी। इस बैठक में मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार के साथ दो चुनाव आयुक्त सुखबीर सिंह संधू और विवेक जोशी मौजूद रहे। उ

Image

कोच्चि में चुनाव आयोग की अहम बैठक

Kerala Assembly Elections 2026 : केरल के कोच्चि में आज चुनाव आयोग ने राजनीतिक दलों के साथ अहम बैठक की। बैठक में मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार के साथ दो चुनाव आयुक्त सुखबीर सिंह संधू और विवेक जोशी मौजूद रहे। उनके साथ आयोग के वरिष्ठ अधिकारी और केरल के मुख्य निर्वाचन अधिकारी भी बैठक में शामिल हुए। आने वाले विधानसभा चुनाव को लेकर मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार ने कहा कि कानून के अनुसार निष्पक्ष और पारदर्शी चुनाव कराना आयोग की जिम्मेदारी है। बैठक में राष्ट्रीय और राज्य स्तर के मान्यता प्राप्त राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों ने चुनाव प्रक्रिया से जुड़े कई मुद्दों पर अपनी बात रखी।

SIR की सराहना

बैठक में मौजूद ज्यादातर राजनीतिक दलों ने केरल में मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण की प्रक्रिया की सराहना की। दलों ने कहा कि इस पूरी प्रक्रिया को शांतिपूर्ण और सुचारु तरीके से पूरा किया गया। कुछ दलों ने बूथ स्तर के अधिकारियों के काम की भी तारीफ की। उनका कहना था कि बूथ स्तर पर काम करने वाले अधिकारियों ने मतदाता सूची को सही बनाने में अहम भूमिका निभाई।

पारदर्शिता पर चुनाव आयोग का जोर

मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार ने बैठक में कहा कि मतदाता सूची का विशेष पुनरीक्षण पूरी पारदर्शिता के साथ किया गया है। उन्होंने बताया कि मतदाता सूची में नाम जोड़ने, हटाने या बदलाव के लिए अभी भी फॉर्म 6, 7 और 8 जमा किए जा सकते हैं। अगर किसी को आपत्ति है तो वह जनप्रतिनिधित्व अधिनियम 1950 के तहत जिला अधिकारी या मुख्य निर्वाचन अधिकारी के पास अपील भी कर सकता है।

चुनाव में पैसे और शराब के इस्तेमाल पर चिंता

बैठक के दौरान कई राजनीतिक दलों ने चुनाव में पैसे के प्रभाव और शराब वितरण पर चिंता जताई। दलों ने चुनाव आयोग से मांग की कि चुनाव के दौरान पैसे और फ्री सुविधाएं बांटने पर सख्त कार्रवाई की जाए। उनका कहना था कि इस तरह की गतिविधियां चुनाव की निष्पक्षता को प्रभावित करती हैं।

चुनाव तारीख तय करते समय त्योहारों का ध्यान रखने की मांग

कुछ राजनीतिक दलों ने आयोग से अनुरोध किया कि विधानसभा चुनाव की तारीख तय करते समय स्थानीय त्योहारों को ध्यान में रखा जाए। दलों ने कहा कि केरल में कई बड़े धार्मिक और सांस्कृतिक त्योहार होते हैं। अगर चुनाव कार्यक्रम इनसे टकराता है तो मतदाताओं की भागीदारी प्रभावित हो सकती है।

आचार संहिता उल्लंघन की शिकायत के लिए डिजिटल व्यवस्था

मुख्य चुनाव आयुक्त ने राजनीतिक दलों को चुनाव के दौरान आचार संहिता के उल्लंघन की शिकायत दर्ज कराने के लिए डिजिटल प्लेटफॉर्म का उपयोग करने की सलाह दी। उन्होंने दलों को चुनाव आयोग के cVIGIL फीचर का इस्तेमाल करने के लिए प्रोत्साहित किया। यह सुविधा आयोग के ECINET प्लेटफॉर्म का हिस्सा है, जिसके जरिए चुनाव से जुड़ी शिकायतें तुरंत दर्ज की जा सकती हैं।

पोलिंग बूथ को वोटर फ्रेंडली बनाने का भरोसा

चुनाव आयोग ने राजनीतिक दलों को भरोसा दिलाया कि मतदान केंद्रों पर मतदाताओं की सुविधा के लिए जरूरी इंतजाम किए जाएंगे। आयोग ने कहा कि हर मतदान केंद्र पर रैंप, व्हीलचेयर, पीने का पानी और अन्य बुनियादी सुविधाएं उपलब्ध कराई जाएंगी ताकि मतदाताओं को किसी तरह की परेशानी न हो।

केरल के चुनाव को आदर्श बनाने की अपील

बैठक के अंत में मुख्य चुनाव आयुक्त ने सभी राजनीतिक दलों से अपील की कि वे मिलकर केरल में चुनाव को आदर्श बनाएं। उन्होंने कहा कि केरल में हमेशा शांतिपूर्ण और व्यवस्थित चुनाव होते रहे हैं। उम्मीद है कि आने वाले चुनाव भी न सिर्फ देश बल्कि दुनिया के लिए एक उदाहरण बनेंगे।

बैठक में राष्ट्रीय और राज्य दलों की रही मौजूदगी

बैठक में कई राष्ट्रीय दलों ने हिस्सा लिया। इनमें आप, बसपा, सीपीआई(एम) और कांग्रेस शामिल हुई। वहीं राज्य स्तर के दलों में सीपीई, इंडियन मुस्लिम लीग, केरल कांग्रेस, रेवोल्यूशनरी सोशलिस्ट पार्टी और केरल कांग्रेस एम बैठक में शामिल हुए। इस बैठक को चुनाव प्रक्रिया को और मजबूत बनाने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है।

Gaurav Srivastav
गौरव श्रीवास्तवauthor

टीवी न्यूज रिपोर्टिंग में 10 साल पत्रकारिता का अनुभव है। फिलहाल सुप्रीम कोर्ट से लेकर कानूनी दांव पेंच से जुड़ी हर खबर आपको इस जगह मिलेगी। साथ ही चुनाव आयोग, विपक्ष के राजनीतिक घटनाक्रम से लेकर हर जनहित मुद्दे पर मेरी नजर रहती है।

और पढ़ें
End of Article
Subscribe to our daily Newsletter!