शहर

केदारनाथ में फिर बिछी बर्फ की चादर, यात्रा तैयारियों की थमी रफ्तार; 22 अप्रैल को खुलेंगे कपाट

हिमालय की चोटियों पर कुदरत का मिजाज एक बार फिर बदल गया है। बाबा केदारनाथ के धाम में अप्रैल के महीने में भी भारी बर्फबारी का दौर जारी है, जिससे यात्रा की तैयारियों में जुटी टीमों की मुश्किलें बढ़ गई हैं।

Image

केदारनाथ धाम में भारी बर्फबारी का नजारा

Photo : Times Now Digital

Kedarnath Snowfall: केदारनाथ धाम में इन दिनों आस्था और कुदरत के बीच एक अलग ही मुकाबला देखने को मिल रहा है। जहां एक ओर 22 अप्रैल को होने वाले कपाट उद्घाटन की तैयारियां जोरों पर थीं, वहीं दूसरी ओर लगातार हो रही भारी बर्फबारी ने मजदूरों की मेहनत पर पानी फेर दिया है। आलम यह है कि जिन रास्तों और मंदिर परिसर से हाल ही में बर्फ हटाई गई थी, वे स्थान एक बार फिर कई फीट बर्फ की तह में दब गए हैं।

मजदूरों की मेहनत पर भारी पड़ा मौसम

धाम में कल शाम से ही रुक-रुक कर बर्फ गिर रही है। बद्री-केदार मंदिर समिति (BKTC) के सदस्य विनीत पोस्ती ने बताया कि केदारनाथ धाम में मौसम पल-पल रंग बदल रहा है। मंदिर परिसर पूरी तरह से बर्फ से ढक चुका है। सबसे ज्यादा चुनौती उन रास्तों को लेकर आ रही है जिन्हें कड़ी मशक्कत के बाद पैदल यात्रा के लिए साफ किया गया था, लेकिन ताजी बर्फबारी के बाद वे फिर से दुर्गम हो गए हैं।

यात्रा तैयारियों पर संकट के बादल

22 अप्रैल को केदारनाथ धाम के कपाट खुलने हैं, जिसके लिए प्रशासन और मंदिर समिति दिन-रात तैयारियों में जुटे हुए हैं। लेकिन अप्रैल की इस 'बेरुखी' ने प्रशासन की चिंता बढ़ा दी है। बर्फबारी के कारण पैदल मार्ग का सुधारीकरण, बिजली-पानी की व्यवस्था और टेंट कॉलोनी बसाने का काम प्रभावित हो रहा है। अगर मौसम का यही हाल रहा, तो कपाट खुलने से पहले व्यवस्थाएं पूरी करना एक बड़ी चुनौती साबित होगा।

पल-पल बदल रहा है केदारपुरी का नजारा

केदारनाथ में इस बार मौसम कुछ ज्यादा ही मेहरबान नजर आ रहा है। पूरी केदारपुरी एक बार फिर चांदी जैसी सफेद बर्फ से चमक उठी है। हालांकि, पर्यटकों और श्रद्धालुओं के लिए यह नजारा बेहद खूबसूरत है, लेकिन यात्रा सुचारू करने में जुटे कर्मचारियों के लिए यह किसी अग्निपरीक्षा से कम नहीं है।

Nishant Tiwari
निशांत तिवारीauthor

निशांत तिवारी टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल की सिटी टीम में कॉपी एडिटर हैं। शहरों से जुड़ी खबरों, स्थानीय मुद्दों और नागरिक सरोकार को समझने की उनकी गहरी दृष्टि उन्हें इस बीट का एक भरोसेमंद और प्रभावी कंटेंट राइटर बनाती है। वे जटिल लोकल इश्यूज को सहज, स्पष्ट और असरदार अंदाज में पेश करने में दक्ष हैं और अबतक 2,000 से अधिक न्यूज रिपोर्ट लिख चुके हैं। उनकी लेखन शैली शहर की नब्ज पकड़ते हुए ऐसे कंटेंट पर केंद्रित रहती है, जो सीधे पाठकों के जीवन और उनकी रोजमर्रा की चिंताओं से जुड़ा होता है।

और पढ़ें
End of Article
Subscribe to our daily Newsletter!