शहर

कौशांबी के मंझनपुर में मचा कोहराम, मिट्टी खिसकने से मां-बेटी समेत तीन लोगों दर्दनाक की मौत

उत्तर प्रदेश के कौशांबी जिले के मंझनपुर क्षेत्र में मिट्टी खिसकने से एक दर्दनाक हादसा हो गया, जिसमें मां-बेटी समेत तीन लोगों की मौत हो गई। इस घटना में दो अन्य महिलाएं गंभीर रूप से घायल हो गईं, जिन्हें अस्पताल में भर्ती कराया गया है।

Image

कौशांबी में मिट्टी खोदने के वक्त हादसा (प्रतीकात्मक फोटो)

Kaushambi News: उत्तर प्रदेश के कौशांबी जिले में एक दर्दनाक हादसा हो गया। बताया जा रहा है कि मंझनपुर क्षेत्र में रविवार सुबह घर की पुताई के लिए तालाब में मिट्टी खोदने गईं मां-बेटी समेत तीन लोगों की मिट्टी खिसकने से मलबे में दब कर मौत हो गई तथा दो अन्य महिलाएं घायल हो गयीं। जिला प्रशासन ने इस हादसे के 12 घंटे के अंदर मृतकों के परिजनों को दैवीय आपदा राहत कोष से सहायता राशि वितरित कर दी। पुलिस क्षेत्राधिकारी शिवांक सिंह ने बताया कि मंझनपुर थाना क्षेत्र के थांबा गांव निवासी गीता देवी (35) उसकी बेटी अंकिता (छह), उत्तरा देवी (45), जितिया देवी तथा फुलिया आज सुबह पुताई करने के लिये गांव के बाहर एक तालाब से मिट्टी खोदने गई थीं।

आसपास मची चीख-पुकार

जानकारी के मुताबिक, मिट्टी खोदते समय अचानक ऊपर से मिट्टी खिसकने से एक बड़ा ढेर उनके ऊपर गिर गया जिसमें वे सभी दब गयीं। उन्होंने बताया कि चीख-पुकार सुनकर आसपास के ग्रामीण मौके पर पहुंचे और पुलिस को सूचना दी, जिसके बाद मौके पर पहुंची पुलिस ने ग्रामीणों की सहायता से सभी को मिट्टी के ढेर से बाहर निकाला लेकिन तब तक गीता देवी (35), उसकी बेटी अंकिता (छह) और उत्तरा देवी (45) की मौत हो चुकी थी।

चार-चार लाख रुपये की सहायता राशि

हादसे में घायल जितिया देवी व फुलिया को जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है। शव पोस्टमार्टम के लिये भेजे गये हैं। जिला प्रशासन ने मिट्टी धंसने से हुए हादसे के 12 घंटे के अंदर मृतकों के परिजनों को दैवीय आपदा राहत कोष से सहायता राशि वितरित कर दी। जिला प्रशासन ने तीनों मृतकों के वारिसों के बैंक खातों में चार-चार लाख रुपये की सहायता राशि सीधे हस्तांतरित कर दी है।

केशव प्रसाद मौर्य ने जताया शोक

जिलाधिकारी डॉ. अमित पाल ने पीड़ित परिवारों के प्रति संवेदना व्यक्त की। उन्होंने कहा कि प्रशासन आपदा की स्थिति में पीड़ितों के साथ खड़ा है।भविष्य में भी ऐसी घटनाओं में त्वरित और पारदर्शी कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी। उपमुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य ने 'एक्स' पर एक पोस्ट में कहा, "कौशांबी में मिट्टी का टीला ढहने से हुई जनहानि का समाचार अत्यंत दुःखद एवं पीड़ादायक है। मेरी गहरी संवेदनाएं शोकाकुल परिजनों के साथ हैं।" मौर्य ने पोस्ट में कहा, "ईश्वर से प्रार्थना है कि दिवंगत पुण्यात्माओं को अपने श्रीचरणों में स्थान दें व शोकाकुल परिजनों को इस असहनीय दुःख को सहन करने की शक्ति तथा घायलों को शीघ्र स्वास्थ्य लाभ प्रदान करें। ॐ शांति!"

ब्रजेश पाठक ने भी जताई संवेदना

वहीं, उपमुख्यमंत्री ब्रजेश पाठक ने 'एक्स' पर एक पोस्ट में लिखा, "जनपद कौशांबी के मंझनपुर (थाभां गांव) में मिट्टी का टीला ढहने से हुई जनहानि की अत्यंत हृदयविदारक एवं दुःखद सूचना प्राप्त हुई। मेरी गहरी संवेदनाएं शोकाकुल परिजनों के साथ हैं।" पाठक ने कहा, "प्रभु श्रीहरि जी से प्रार्थना है कि पुण्यात्माओं को अपने श्रीचरणों में स्थान दें व शोकाकुल परिजनों को इस असहनीय दुःख को सहन करने की शक्ति तथा घायलों को शीघ्र स्वास्थ्य लाभ प्रदान करें। ॐ शांति!"

Nilesh DwivedI
निलेश द्विवेदीauthor

निलेश द्विवेदी टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल की सिटी टीम में काम कर रहे हैं। वे शहरों से जुड़ी लोकल घटनाएं, क्राइम, राजनीति, इंफ्रास्ट्रक्चर और राज्यवार अपडेट्स पर लगातार काम करते हैं। निलेश महत्वपूर्ण विवरणों को चुनने और पाठकों की रुचि के हिसाब से कंटेंट को प्रभावी तरीके से पेश करने के लिए जाने जाते हैं। डिजिटल न्यूजरूम के रफ्तार भरे माहौल में वे हर खबर को सटीक एंगल, आसान भाषा और उपयोगी जानकारी के साथ पेश करने पर फोकस करते हैं और अबतक 2,000 से अधिक खबरें लिख चुके हैं।

और पढ़ें
End of Article