शहर

Kashmir Mausam: शून्य से 9 डिग्री नीचे गिरा तापमान, श्रीनगर में दर्ज की गई सीजन की सबसे ठंडी रात

Kashmir Mausam: कश्मीर घाटी में भीषण ठंड हो रही है। तापमान में लगातार गिरावट दर्ज की गई है। श्रीनगर और पहलगाम समेत कई इलाकों में तापमान शून्य से नीचे दर्ज किया गया है। जिस कारण बुधवार रात श्रीनगर में सीजन की सबसे ठंडी रात के तौर पर दर्ज की गई।

Image

भीषण ठंड की चपेट में कश्मीर घाटी

Kashmir Mausam: कश्मीर में कड़ाके की ठंड का प्रकोप जारी है। यहां पड़ रही प्रचंड ठंड में लोगों की हालत खराब होने लगी है। घाटी के अधिकतर हिस्सों में न्यूनतम तापमान में भारी गिरावट आई है। पारा लुढ़कने के कारण श्रीनगर सहित कई स्थानों पर इस सीजन की सबसे ठंडी रात दर्ज की गई। अधिकारियों ने बताया कि भीषण ठंड के कारण प्रसिद्ध डल झील समेत कई जल निकायों के किनारे जम गए हैं। अधिकारी के अनुसार, श्रीनगर में बुधवार रात न्यूनतम तापमान शून्य से 5.1 डिग्री सेल्सियस नीचे दर्ज किया गया, जो मंगलवार रात के तापमान (शून्य से 1.6 डिग्री सेल्सियस नीचे) से 3.5 डिग्री कम था।

सीजन की सबसे ठंडी रात

अधिकारियों ने बताया कि यह इस मौसम में शहर की अब तक की सबसे ठंडी रात रही और न्यूनतम तापमान मौसम के औसत से 3.2 डिग्री कम था। मध्य कश्मीर के गांदरबल जिले में स्थित पर्यटक स्थल सोनमर्ग, जम्मू कश्मीर में अब तक का सबसे ठंडा स्थान रहा, जहां तापमान शून्य से 9.8 डिग्री सेल्सियस नीचे दर्ज किया गया। अधिकारियों ने बताया कि उत्तरी कश्मीर के बारामूला जिले के गुलमर्ग में रात का तापमान शून्य से 9.2 डिग्री सेल्सियस नीचे रहा जो इस सर्दी में गुलमर्ग में अब तक का रात सबसे कम तापमान है।

माइनस 8.6 डिग्री पहुंचा पहलगाम का तापमान

दक्षिण कश्मीर के पर्यटन स्थल पहलगाम में न्यूनतम तापमान शून्य से 8.6 डिग्री सेल्सियस नीचे दर्ज किया गया, जो पिछले दिन के न्यूनतम तापमान (शून्य से 7.2 डिग्री सेल्सियस नीचे) से कम है। अधिकारियों ने कहा कि यहां बुधवार की रात इस मौसम की सबसे ठंडी रात रही। घाटी के प्रवेश द्वार माने जाने वाले काजीगुंड में न्यूनतम तापमान पांच डिग्री से अधिक गिरकर शून्य से 5.4 डिग्री सेल्सियस नीचे तक पहुंच गया। वहीं, कोकेरनाग और कुपवाड़ा में यह क्रमश: शून्य से तीन डिग्री और शून्य से 5.1 डिग्री सेल्सियस नीचे दर्ज किया गया। यहां भी बुधवार रात इस मौसम की सबसे ठंडी रात रही।

चिल्लई कलां की चपेट में कश्मीर घाटी

कश्मीर घाटी इस समय 'चिल्लई कलां' की चपेट में है। यह 40 दिनों की भीषण ठंड की अवधि है। इस दौरान रात का तापमान अक्सर हिमांक बिंदु से कई डिग्री नीचे चला जाता है और बर्फबारी की संभावना सबसे अधिक होती है। 'चिल्लई कलां' पिछले साल 21 दिसंबर से शुरू होकर 30 जनवरी 2026 को समाप्त होगा। घाटी के मैदानी इलाकों में इस मौसम में अब तक हिमपात नहीं हुआ है। भारत मौसम विज्ञान विभाग ने 20 जनवरी तक मौसम शुष्क रहने के साथ आसमान में बादल छाए रहने की संभावना जताई है। इसके अलावा विभाग ने बताया कि घाटी में 10 जनवरी तक रात के तापमान में काफी गिरावट आएगी।

(इनपुट - भाषा)

Varsha Kushwaha
वर्षा कुशवाहाauthor

वर्षा कुशवाहा टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल की एजुकेशन डेस्क पर बतौर कॉपी एडिटर कार्यरत हैं और पिछले 5 वर्षों से मीडिया में सक्रिय हैं। जर्नलिज़्म में पोस्ट ग्रेजुएशन डिप्लोमा पूरा करने के बाद उन्होंने न्यूज रूम में तेजी, सटीकता और गहराई के साथ काम करते हुए अपनी मजबूत संपादकीय पहचान बनाई है। वर्षा की विशेषज्ञता हाइपर-लोकल खबरों, इवेंट कवरेज और स्टेट पॉलिटिक्स से जुड़ी रिपोर्टिंग में भी है। अब तक वर्षा कुशवाहा 8,000 से अधिक खबरें लिख चुकी हैं, जिनमें कई अहम लोकल रिपोर्ट्स, एजुकेशन और करियर की खबरें तथा फीचर-आधारित स्टोरीज शामिल हैं।

और पढ़ें
End of Article