कानपुर

UP: 20 रुपये के लिए युवक को बेरहमी से पीटा, आरोपियों से छूटकर पीड़ित ने ट्रेन के सामने खड़े होकर की आत्महत्या

  • Reported by: टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल
  • Updated Dec 14, 2022, 10:03 PM IST

Etawah Suicide: इटावा में मात्र 20 रुपये के लेनदेन को लेकर दुकानदार समेत सात लोगों ने एक युवक की जमकर पिटाई की। पिटाई से क्षुब्ध युवक ने राजधानी एक्सप्रेस ट्रेन से कटकर खुदकुशी कर ली। घटना पास में लगे सीसीटीवी में कैद हो गई। घटना का वीडियो वायरल हो रहा है।

Image

युवक की खुदकुशी के मामले में वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक जय प्रकाश जानकारी देते हुए

Photo : Twitter
KEY HIGHLIGHTS
  • इटावा में रुपये के लेनदेन में युवक की बेरहमी से पिटाई
  • पिटाई से क्षुब्ध युवक ने ट्रेन से कटकर की खुदकुशी
  • घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल, जांच में जुटी पुलिस

Etawah Suicide: उत्तर प्रदेश के इटावा जिले से सनसनीखेज खबर सामने आई है। यहां चंद रुपयों की खातिर कुछ दबंगों ने एक युवक को बेरहमी से पीटा। पिटाई से क्षुब्ध युवक ने ट्रेन के सामने कूदकर आत्महत्या कर ली। घटना से इलाके में हड़कंप मच गया। यह घटना रविवार की रात हुई जो सीसीटीवी में कैद हो गई। घटना का वीडियो भी सोशल मीडिया पर वायरल हो गया है। मृतक युवक के भाई ने आरोपियों के खिलाफ थाने में तहरीर दी है। तहरीर पर पुलिस ने आईपीसी की धारा 147, 323, 306 के तहत आत्महत्या के लिए उकसाने को लेकर सात लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया है।

जानकारी के अनुसार, इटवा के भरथना कस्बे में रहने वाले सलीम उर्फ राजू पर परचून दुकानदार सतीश के 20 रुपये उधार थे। रविवार रात करीब 8 बजे सलीम परचून की दुकान पर पहुंचा। यहां उसने पान मसाला मांगा तो उधार रुपयों को लेकर कहासुनी हो गई।

ट्रेन के सामने खड़े होकर दी जान

आरोप है कि, सलीम के साथ पीछे से मारपीट शुरू कर दी गई। मोतीगंज मोहल्ले के रेलवे क्रॉसिंग के समीप सात लोगों ने मिलकर ऑटो चालक सलीम के साथ मारपीट की। मारपीट होती देख मौके पर भीड़ जमा हो गई। इस दौरान किसी ने भी सलीम को बचाने का प्रयास नहीं किया। रेलवे लाइन के किनारे की जा रही मारपीट के दौरान सलीम लोगों के चंगुल से छूटा और सीधे ट्रैक पर जाकर ट्रेन के सामने खड़ा हो गया। मात्र 30 सेकेंड में ही दिल्ली की तरफ से आई राजधानी ट्रेन ने उसके परखच्चे उड़ा दिए।

घटना सीसीटीवी में हुई कैद, वीडियो वायरल

घटना की जानकारी मिलते ही सलीम के परिजन घटनास्थल पर पहुंच गए। रेलवे ट्रैक पर सलीम का शव कई टुकड़ों में 100 मीटर तक फैला था। यह घटना रविवार रात 8 बजकर 25 मिनट पर हुई। पूरी घटना पास में लगे एक सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई। घटना का वीडियो वायरल हो रहा है। रोंगटे खड़े करने वाला वीडियो देखकर लोगों का दिल दहल उठा। जानकारी मिलते ही एसपी ग्रामीण सतपाल सिंह के साथ पुलिस टीम मौके पर पहुंच गई। वहीं, सलीम के भाई शेरा खान ने सतीश समेत 7 खिलाफ थाने में मामला दर्ज कराया है। एसएसपी जय प्रकाश ने बताया कि, रिपोर्ट दर्ज कर मामले की छानबीन की जा रही है। पुलिस ने चार लोगों को अरेस्ट कर लिया है।
टाइम्स नाउ नवभारत
टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटलauthor

अक्टूबर 2017 में डिजिटल न्यूज़ की दुनिया में कदम रखने वाला टाइम्स नाउ नवभारत अपनी एक अलग पहचान बना चुका है। अपने न्यूज चैनल टाइम्स नाउ नवभारत की सोच एवं नजरिए के साथ आगे बढ़ते हुए यह न्यूज़ प्लेटफॉर्म आम लोगों से जुड़े मुद्दों का गहराई से विश्लेषण एवं उसे आसान भाषा में पेश करता आया है। राजनीति से लेकर खेल, मनोरंजन, कारोबार और आम लोगों के जीवन पर असर डालने वालीं खबरों का मायने समझाते हुए यह डिजिटल प्लेटफॉर्म लोगों के भरोसे पर खरा उतरा है। \n\nसाथ ही यह अपने न्यूज़ चैनल पर दिखाए जाने वाली खबरों, शोज, स्पशेल कार्यक्रमों एवं रिपोर्टों को पेश करता है। चैनल के ये कार्यक्रम एवं शोज देश-दुनिया के घटनाक्रमों पर एक नया एवं विश्वसनीय नजरिया देते हैं। अपनी खबरों एवं विश्लेषण के चलते पसंदीदा न्यूज़ प्लेटफॉर्म बन चुका टाइम्स नाउ नवभारत, डिजिटल लोगों के भरोसे को लगातार मजबूत कर रहा है।

और पढ़ें
End of Article