कानपुर

3 दिन पानी से मोहताज रहेगा कानपुर! ब्लास्ट के साथ फटी पाइप लाइन; इन इलाकों में नहीं होगी जलापूर्ति

Kanpur Water Crisis : कानपुर के सर्वोदयनगर में अंडरग्राउंड पाइप लाइन फटने से सड़क पर 40 फीट चौड़ा और 10 फीट गहरा गड्ढा होने से पेयजल की आपूर्ति ठप हो गई है। ये समस्या कानपुरवासियों को तीन दिन झेलनी होगी।

Image

कानपुर में फटी पाइप लाइन

Photo : टाइम्स नाउ डिजिटल

Kanpur Water Crisis : कानपुर महानगर में अगले तीन दिन पेयजल की किल्लत का सामना करना पड़ेगा। चूंकि, सर्वोदयनगर स्थित रतनदीप हॉस्पिटल के पास शुक्रवार को अंडरग्राउंड पाइप लाइन फटने से सड़क पर 40 फीट चौड़ा और 10 फीट गहरा गड्ढा हो गया। स्थानीय लोगों की मानें तो पाइप लाइन फटने के दौरान तेज धमाका हुआ था, जिससे बड़ा गड्ढा हो गया है। उधर, 10-12 फीट ऊंचा फव्वारा देख जल निगम ने गंगा बैराज जल शोधन संयंत्र से पानी की आपूर्ति बंद कराई। इस दौरान करीब एक घंटे में एक करोड़ लीटर पानी सड़क पर बहकर बर्बाद हो गया। इस समस्या को ठीक होने में तीन दिन का समय लगेगा। लिहाजा, इस दौरान शहर के संबंधित क्षेत्र के लोगों पानी की किल्लत का सामना करना पड़ेगा।

तीन दिन में मरम्मत होगी पाइप लाइन

वहीं, सड़क पर बड़ा गड्ढा होने से हादसे की आशंका को देखते हुए आसपास बैरिकेडिंग कराई गई। जल निगम के अनुसार मरम्मत में तीन दिन लगेंगे। इस वजह से 15 जुलाई तक बैराज से दक्षिणी क्षेत्र के करीब ढाई लाख लोगों को पानी नहीं नशीब होगा। हालांकि, बैराज से फूलबाग तक जलापूर्ति निर्बाध रूप से आपूर्ति होती रहेगी। उधर, स्थानीय लोगों का कहना है कि जब पिछली बार पाइप लाइन फटी थी तो उसकी मरम्मत करने में 20 से 22 दिन का वक्त लगा था। लिहाजा, उन्हें शक है कि तीन दिन में जल निगम इसकी मरम्मत कर पाएगा।

जानकारी के मुताबिक, बैराज वाटर ट्रीटमेंट प्लांट बंद करने से शाम को शहरी और दक्षिणी क्षेत्र में रहने वाले करीब पांच लाख लोगों को पानी नशीब नहीं हुआ। बैराज से रोजाना करीब पांच करोड़ लीटर पानी की आपूर्ति होती है।

इन इलाकों में नहीं पहुंचेगा पानी

पानी से प्रभावित रहने वाले क्षेत्रों में बर्रा, साकेत नगर, निरालानगर, गौशाला, किदवईनगर, जूही लाल कॉलोनी, जूही बम्बुरहिया, राखी मंडी, बारादेवी, सर्वोदयनगर, शास्त्रीनगर, विजयनगर, काकादेव, उस्मानपुर, गोविंदनगर समेत 25 से अधिक मोहल्लों में पानी से प्रभावित रहेंगे। जल निगम के अधिशासी अभियंता ने बताया कि देर रात से खोदाई का काम शुरू कराई जाएगी। इसकी मरम्मत 15 जुलाई पूरी कर ली जाएगी।

Pushpendra kumar
पुष्पेंद्र कुमारauthor

पुष्पेंद्र कुमार टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल में चीफ कॉपी एडिटर के रूप में सिटी डेस्क पर कार्यरत हैं। जर्नलिज्म में मास्टर्स डिग्री हासिल करने के बाद से वे पिछले 7 वर्षों से सक्रिय पत्रकारिता में जुड़े हैं। इस दौरान उन्होंने 10,000 से अधिक खबरें लिखी हैं। पुष्पेंद्र हाइपर-लोकल मुद्दों, रेलवे, रोड, इंफ्रास्ट्रक्चर, डेवलपमेंट, कृषि और मौसम से जुड़ी खबरों पर गहरी पकड़ रखते हैं। शहर से लेकर गांव-देहात तक की संवेदनशीलताओं को समझते हुए वे लोकल खबरों को ऐसा रूप देते हैं जो न केवल तथ्यपूर्ण होता है, बल्कि पाठकों से भावनात्मक रूप से भी जुड़ता है।

और पढ़ें
End of Article