Jhansi Shooting Incident: उत्तर प्रदेश के झांसी में नवाबाद थाना क्षेत्र के विश्वविद्यालय रोड पर रविवार दोपहर एक युवक ने अपनी कथित प्रेमिका को गोली मारने के बाद खुद को भी गोली मार ली। गंभीर रूप से घायल छात्रा को इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है। पुलिस का कहना है कि घटना के पीछे निजी संबंधों से जुड़ा विवाद मुख्य कारण प्रतीत होता है। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, वारदात से पहले दोनों के बीच कहासुनी होती देखी गई थी। फिलहाल पुलिस मामले की जांच में जुटी है।
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक बीबी जीटीएस मूर्ति के अनुसार, रविवार दोपहर विश्वविद्यालय रोड स्थित ओम डेयरी के पास ललितपुर के तालाबपुरा निवासी मनीष साहू (25) ने आपसी संबंधों में विवाद के चलते अपनी साथी और एमबीए की छात्रा को सीने में गोली मार दी। इसके बाद उसने अपनी कनपटी पर गोली चला ली। पुलिस अधिकारी ने बताया कि दोनों एक ही मोहल्ले के रहने वाले थे। गंभीर हालत में दोनों को मेडिकल कॉलेज पहुंचाया गया, जहां डॉक्टरों ने मनीष को मृत घोषित कर दिया। फिलहाल छात्रा का इलाज चल रहा है और उसकी स्थिति स्थिर बताई जा रही है। इस घटना के बाद से पूरे इलाके में सनसनी फैल गई है।
(इनपुट - भाषा)
