कानपुर

Pahalgam Terror Attack: शादी के दो महीने बाद पत्नी संग घूमने गया था कानपुर का शुभम, आतंकियों ने बेरहमी से ऐसे ली जान

Pahalgam Terror Attack: मंगलवार को पहलगाम में हुए आतंकी हमले में कानपुर के शुभम द्विवेदी की भी मौत हो गई है। शुभम की फरवरी में शादी हुई थी और वह अपनी पत्नी और परिवार के अन्य सदस्यों के साथ कश्मीर घूमने गए थे। उसी दौरान आतंकियों ने उनके सिर में गोली मारकर उनकी हत्या कर दी।

Image

पहलगाम आतंकी हमले में कानपुर के शुभम द्विवेदी की हत्या

Pahalgam Terror Attack: जम्मू कश्मीर के पहलगाम आतंकी हमले में यूपी के कानपुर के निवासी शुभम द्विवेदी की भी मौत हो गई है। शुभम द्विवेदी की 12 फरवरी को शादी हुई हुई थी और वह अपनी पत्नी और 11 अन्य लोगों के साथ कश्मीर घूमने गए थे। शादी के बाद यह उनकी पहली पारिवारिक ट्रिप थी। इसी दौरान हुए आतंकी हमले में शुभम की मौत हो गई है। बताया जा रहा है कि शुभम अपनी पत्नी के साथ घुड़सवारी करके लौट रहे थे, तभी आतंकियों ने उनसे उनका नाम पूछा और उसके बाद सिर में गोली मार दी। गोली लगने से शुभम की मौके पर मौत हो गई।

परिवार में पसरा मातम

पहलगाम आतंकी हमले में मारे गए शुभम द्विवेदी कानपुर के श्याम नगर इलाके के रहने वाले थे। परिवार को उनकी मृत्यु की खबर पत्नी द्वारा दी गई है। शुभम की मौत की खबर सुनकर पूरे परिवार में मातम पसर गया है।

मीडिया में चचेरे भाई ने दिया बयान

पहलगाम आतंकी हमले में शुभम की हत्या को लेकर चचेरे भाई सौरभ द्विवेदी का बयान सामने आया है। उन्होंने मीडिया को बताया कि आतंकी ने शुभम के सिर पर गोली मार दी है। सौरभ ने बताया कि भाभी (शुभम की पत्नी) ने उन्हें फोन पर इसकी जानकारी दी। मीडिया से बात करते हुए सौरभ ने बताया कि आतंकियों ने भाई से उसका नाम पूछकर गोली मारी है। जानकारी के अनुसार, शुभम अपने पिता के साथ सीमेंट का व्यापार करते थे। सौरभ ने जानकारी दी है कि शिवम का शव प्रक्रिया पूरी करने के बाद 2 से 3 दिन बाद परिवार को सौंपा जाएगा। परिवार ने सरकार से निवेदन किया है कि शुभम के शव को जल्द से जल्द उन्हें सौंपा जाए। सौरभ ने कहा कि अभी तक अधिकारियों द्वारा उनसे कोई संपर्क नहीं किया गया है।

पहलगाम आतंकी हमला

जम्मू-कश्मीर के पहलगाम में मंगलवार को आतंकवादियों ने पर्यटकों पर गोलीबारी की। इस आतंकी हमले में 26 लोगों की मौत हो गई है, जिसमें सबसे अधिक लोग महाराष्ट्र, गुजरात और कर्नाटक से हैं। बताया जा रहा है कि आतंकियों ने पर्यटकों पर 50 से ज्यादा राउंड की फायरिंग की थी। आतंकी हमले की जानकारी मिलते ही सऊदी अरब की यात्रा में कटौती करते हुए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी आज यानी बुधवार, 23 अप्रैल को दिल्ली आ गए। हलात का अंदाजा लगाने के लिए केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह खुद श्रीनगर पहुंचे हैं।

Varsha Kushwaha
वर्षा कुशवाहाauthor

वर्षा कुशवाहा टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल की एजुकेशन डेस्क पर बतौर कॉपी एडिटर कार्यरत हैं और पिछले 5 वर्षों से मीडिया में सक्रिय हैं। जर्नलिज़्म में पोस्ट ग्रेजुएशन डिप्लोमा पूरा करने के बाद उन्होंने न्यूज रूम में तेजी, सटीकता और गहराई के साथ काम करते हुए अपनी मजबूत संपादकीय पहचान बनाई है। वर्षा की विशेषज्ञता हाइपर-लोकल खबरों, इवेंट कवरेज और स्टेट पॉलिटिक्स से जुड़ी रिपोर्टिंग में भी है। अब तक वर्षा कुशवाहा 8,000 से अधिक खबरें लिख चुकी हैं, जिनमें कई अहम लोकल रिपोर्ट्स, एजुकेशन और करियर की खबरें तथा फीचर-आधारित स्टोरीज शामिल हैं।

और पढ़ें
End of Article