कानपुर : शहर के कलक्टरगंज थाना क्षेत्र में स्थित गल्ला मंडी और गोदाम में मंगलवार दोपहर भीषण आग लग गई। इस अग्निकांड ने केमिकल गोदाम, बारदाना और रुई के गोदाम समेत तमाम दुकानों को अपनी चपेट में ले लिया है। CFO दीपक शर्मा के मुताबिक, अब तक करीब 30 दुकानों और गोदाम में आग लगी है। वहीं इस हादसे में 2 लोगों के झुलसने की भी बात सामने आई है।
कलक्टरगंज में हैं ये दुकानें
गौरतलब है कि, यहां पर बारदाने और बोरे सिलने का काम किया जाता है। बड़ी संख्या में गल्ला-राशन, गुड़ और रुई की दुकानें हैं। इसके अलावा कई गोदाम भी हैं। जानकारी के मुताबिक, दोपहर करीब 3 बजे हुई इस घटना के बाद फायर कर्मी लगातार आग बुझाने के प्रयास में जुटे हुए हैं। मीरपुर, लाटूश रोड और कर्नलगंज फायर स्टेशन से 6 दमकल गाड़ियां मौके पर पहुंचीं हैं।
कई किलोमीटर तक आई धमाके की आवाज
प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक आग का धुआं करीब डेढ़ किलोमीटर दूर से दिखाई दे रहा था और एकदम से धमाका हुआ, जिसके बाद आग का गोला और धुएं का गुबार ऊपर की ओर बढ़ा। बता दें कि इस क्षेत्र में गल्ला, किराना, सौंफ मार्केट, मूंगफली बाजार हैं। करीब आधा-पौन घंटा बाद दमकल पहुंचने के बाद अब कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पा लिया गया है। हमारे सहयोगी शाश्वत गुप्ता ने बताया कि धमाके इतने तेज थे कि कई किलोमीटर तक उसकी आवाज सुनाई दी और पूरा इलाका धुएं के गुबार में लिपट गया, जिसके बाद पूरे इलाके में अफरा-तफरी का माहौल रहा।
