Rajdhani Express Buses: उत्तर प्रदेश के कानपुर के लोगों के लिए अच्छी खबर है। रोडवेज बसों से यात्रा करने वाले लोगों का सफर और भी आसान हो जाएगा। कानपुर को आठ राजधानी एक्सप्रेस बसों का तोहफा मिला है। राजधानी बसों के अलावा भी कानपुर में परिवहन विभाग ने बसों का बेड़ा बढ़ा दिया है। एक महीने में कानपुर रीजन के बस बेड़े में 16 नई बसें शामिल हो गई हैं। बसों के बढ़ने से यात्रियों को काफी फायदा मिलेगा। इसके साथ ही यात्रियों को बेहतर सुविधा देने के लिए परिवहन विभाग ने नया एप लांच किया है। इससे यात्री टिकट बुक करा सकेंगे।
दरअसल, प्रदेश के जिला मुख्यालयों से चलने वाली राजधानी बस सेवा का लाभ कानपुर को भी मिलेगा। झांसी, इटावा, औरैया और कन्नौज से चलने वाली आठ राजधानी बसें कानपुर के झकरकटी होकर आएंगी और जाएंगी। इन राजधानी एक्सप्रेस बसों का रास्ते में बड़ी जगहों पर ही स्टॉप रहेगा।
