कानपुर

Fatehpur Road Accident: अस्थि विसर्जन के लिए झांसी से प्रयाग जा रहा था परिवार, ट्रक में घुसी कार; ससुर-दामाद समेत 4 की मौत

उत्तर प्रदेश के फतेहपुर में सड़क दुर्घटना में बुजुर्ग दंपति समेत चार लोगों की मौत हो गई। हादसे का शिकार हुए लोग झांसी से प्रयागराज अस्थि विजर्सन के वास्ते प्रयागराज जा रहे थे।

Image

फतेहपुर रोड एक्सीडेंट

फतेहपुर : जिले में शनिवार को खड़े ट्रक से टक्कर के बाद तेज रफ्तार कार में सवार एक बुजुर्ग दंपति, उनके दामाद और वाहन चालक समेत चार लोगों की मौत हो गयी जबकि दो अन्य गंभीर व्यक्ति रूप से घायल हो गए। पुलिस के अनुसार फतेहपुर के खागा थाना इलाके में सुजानीपुर चौराहे के पास राष्ट्रीय राजमार्ग-2 पर यह घटना समय हुई, जब वे लोग अपने एक पारिवारिक सदस्य की अस्थियां गंगा नदी में विसर्जित करने के लिए प्रयागराज जा रहे थे। फतेहपुर के पुलिस अधीक्षक धवल जायसवाल ने बताया कि हादसे की सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और कार की खिड़कियां तोड़कर उसमें सवार लोगों को बाहर निकाला, जिसमें तीन लोग मृत पाए गए।

इनकी हुई मौत

एसपी ने बताया कि एक युवती और एक बच्चे समेत तीन घायलों को सामुदायिक स्वास्थ्य केन्द्र (सीएचसी) ले जाया गया, जहां एक अन्य को मृत घोषित कर दिया गया। मृतकों की पहचान सेवानिवृत्त रेलवे अधिकारी राम कुमार भार्गव (71), उनकी पत्नी कमलेश भार्गव (67), उनके दामाद प्राग चौबे (50) और वाहन चालक शुभम यादव (35) के रूप में हुई है। ये सभी झांसी जिले के निवासी थे। हादसे में घायल चारू भार्गव (36) और उनके बेटे काशविक (12) को फतेहपुर के जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है और उनकी हालत गंभीर बताई जा रही है।

SP ने बताया कि राम कुमार के छोटे बेटे व इंजीनियर आदित्य भार्गव लगभग एक सप्ताह पहले मध्य प्रदेश में ओंकारेश्वर मंदिर की यात्रा के दौरान नदी में स्नान करते समय डूब गए थे। एसपी ने बताया कि आदित्य का शव बुधवार को निकाला गया और बृहस्पतिवार को अंतिम संस्कार किया गया। शोकाकुल परिवार प्रयागराज में गंगा नदी में अस्थियां विसर्जित करने जा रहा था, तभी उनकी कार दुर्घटनाग्रस्त हो गयी, जिसमें चार लोगों की मौत हो गयी। एसपी ने बताया कि इस संबंध में मामला दर्ज कर लिया गया है और जांच की जा रही है। उन्होंने बताया कि दुर्घटना के बाद ट्रक लेकर फरार हुए ट्रक चालक को पकड़ने के प्रयास जारी हैं।

Pushpendra kumar
पुष्पेंद्र कुमारauthor

पुष्पेंद्र कुमार टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल में चीफ कॉपी एडिटर के रूप में सिटी डेस्क पर कार्यरत हैं। जर्नलिज्म में मास्टर्स डिग्री हासिल करने के बाद से वे पिछले 7 वर्षों से सक्रिय पत्रकारिता में जुड़े हैं। इस दौरान उन्होंने 10,000 से अधिक खबरें लिखी हैं। पुष्पेंद्र हाइपर-लोकल मुद्दों, रेलवे, रोड, इंफ्रास्ट्रक्चर, डेवलपमेंट, कृषि और मौसम से जुड़ी खबरों पर गहरी पकड़ रखते हैं। शहर से लेकर गांव-देहात तक की संवेदनशीलताओं को समझते हुए वे लोकल खबरों को ऐसा रूप देते हैं जो न केवल तथ्यपूर्ण होता है, बल्कि पाठकों से भावनात्मक रूप से भी जुड़ता है।

और पढ़ें
End of Article