शहर

Kanpur News: कानपुर में पांडु नदी का कहर, पिपौरी और जरौली में घुसा पानी, NDRF ने देर रात चलाया रेस्क्यू ऑपरेशन

Kanpur News: कानपुर में पांडु नदी का जलस्तर बढ़ने से पिपौरी, मर्दनपुरवा और गुजैनी समेत कई इलाकों में बाढ़ का पानी घुस गया है। NDRF की टीम ने देर रात अभियान चलाकर 85 से अधिक परिवारों को सुरक्षित बाहर निकाला।

Image

कानपुर में उफनाई पांडु नदी

Photo : Times Now Digital

Kanpur News: लगातार बढ़ रहे पांडु नदी के जलस्तर ने कानपुर के निचले और तटीय इलाकों में बाढ़ जैसे गंभीर हालात पैदा कर दिए हैं। नदी का पानी तेजी से रिहाइशी बस्तियों में प्रवेश कर रहा है, जिससे मर्दनपुरवा, मायापुरम, गुजैनी, पिपौरी गांव, गोपालपुरम, जरौली फेज-2 और मेहरबान सिंह का पुरवा समेत कई क्षेत्रों में जलभराव की विकट स्थिति बन गई है। कहीं घरों में पानी घुस जाने से गृहस्थी तबाह हो गई है, तो कहीं रास्ते डूब जाने के कारण गांवों का मुख्य मार्गों से संपर्क पूरी तरह टूट गया है।

NDRF का देर रात रेस्क्यू ऑपरेशन: 85 से ज्यादा परिवारों को निकाला

स्थिति बिगड़ने की सूचना मिलते ही स्थानीय प्रशासन और राष्ट्रीय आपदा मोचन बल (NDRF) की टीम मौके पर पहुंची और युद्ध स्तर पर राहत एवं बचाव अभियान शुरू किया। पांडु नदी का पानी भरने से ग्राम पिपौरी में करीब 60 परिवार पानी के बीच घिर गए थे। NDRF की टीम ने देर रात तक नौकाओं और लाइफ जैकेट की मदद से 55 परिवारों को सुरक्षित बाहर निकाल लिया। शेष फंसे लोगों को निकालने के लिए अभियान जारी है। NDRF ने गोपालपुरम और जरौली फेज-2 में फंसे करीब 30 परिवारों को भी सुरक्षित रेस्क्यू किया। रेस्क्यू किए गए लोगों को पास ही एक गेस्ट हाउस में बनाए गए बाढ़ राहत केंद्र में ठहराया गया है, जबकि कई परिवार अपने रिश्तेदारों के यहां आश्रय ले रहे हैं।

हाईवे किनारे पन्नी डालकर गुजर रही रात

पांडु नदी का पानी बढ़ने के साथ ही प्रभावित लोग अपनी जिंदगी भर की कमाई और जरूरी सामान समेटकर सुरक्षित स्थानों की ओर भाग रहे हैं। कई प्रभावित परिवार सिर छिपाने की जगह न मिलने के कारण हाईवे के किनारे तिरपाल और पन्नी डालकर रात गुजारने को मजबूर हैं। बाढ़ का पानी खेतों तक पहुंच जाने से बड़े पैमाने पर फसलें डूब गई हैं, जिससे किसानों को भारी नुकसान पहुंचा है। इस स्थिति में सबसे अधिक परेशानी बच्चों, बुजुर्गों और मवेशियों को लेकर हो रही है। प्रभावित इलाकों में पीने के साफ पानी, भोजन और दवाओं का संकट गहराने लगा है।

प्रशासन की अपील: नदी किनारे जाने से बचें

प्रशासन ने जलभराव और बाढ़ से प्रभावित सभी स्थानों पर चौबीसों घंटे निगरानी बढ़ा दी है। पुलिस और प्रशासनिक अधिकारी हालात पर लगातार नजर रख रहे हैं। प्रशासन ने स्थानीय नागरिकों से अपील की है कि वे सुरक्षा के मद्देनजर नदी के पास या गहरे पानी वाले रास्तों पर जाने से बचें और राहत टीमों द्वारा जारी निर्देशों का पूरी तरह पालन करें।

Nishant Tiwari
निशांत तिवारीauthor

निशांत तिवारी टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल की सिटी टीम में कॉपी एडिटर हैं। शहरों से जुड़ी खबरों, स्थानीय मुद्दों और नागरिक सरोकार को समझने की उनकी गहरी दृष्टि उन्हें इस बीट का एक भरोसेमंद और प्रभावी कंटेंट राइटर बनाती है। वे जटिल लोकल इश्यूज को सहज, स्पष्ट और असरदार अंदाज में पेश करने में दक्ष हैं और अबतक 2,000 से अधिक न्यूज रिपोर्ट लिख चुके हैं। उनकी लेखन शैली शहर की नब्ज पकड़ते हुए ऐसे कंटेंट पर केंद्रित रहती है, जो सीधे पाठकों के जीवन और उनकी रोजमर्रा की चिंताओं से जुड़ा होता है।

और पढ़ें
End of Article
Subscribe to our daily Newsletter!