शहर

नया एविएशन हब बनने की ओर कानपुर, 100 एकड़ का होगा टर्मिनल, लखनऊ एयरपोर्ट को देगा टक्कर; जानें Details

कानपुर का चकेरी एयरपोर्ट जल्द ही एक आधुनिक रूप लेने जा रहा है। एयरपोर्ट अथॉरिटी यहां लगभग 100 एकड़ में अत्याधुनिक टर्मिनल बनाएगी, जो लखनऊ और दिल्ली जैसे बड़े एयरपोर्ट्स से प्रतिस्पर्धा करेगा। नया टर्मिनल केवल प्रतीक्षालय नहीं बल्कि ट्रैवल हब होगा, जिसमें शॉपिंग मॉल, फूड कोर्ट, आरामदायक लाउंज और बेहतर बैगेज सिस्टम जैसी सुविधाएं होंगी। इससे घरेलू उड़ानों के नए रूट जुड़ेंगे और भविष्य में अंतरराष्ट्रीय उड़ानों की संभावना बढ़ने की उम्मीद है। आइए विस्तार से जानते हैं इसके बारे में।

kanpur airport upgrade news

कानपुर के चकेरी एयरपोर्ट का होगा विस्तार (सांकेतिक चित्र)

Kanpur Airport News: कानपुर के चकेरी एयरपोर्ट को जल्द ही एक नई पहचान मिलने वाली है। एयरपोर्ट अथॉरिटी ने यहां एक अत्याधुनिक टर्मिनल बनाने की योजना तैयार की है, जो सुविधाओं और यात्री अनुभव के मामले में लखनऊ और दिल्ली जैसे बड़े एयरपोर्ट्स से मुकाबला करेगा। प्रस्ताव के तहत करीब 100 एकड़ जमीन का इस्तेमाल कर एयरपोर्ट का विस्तार किया जाएगा, जिससे भविष्य में यात्रियों की संख्या और उड़ानों में बड़ा इजाफा हो सकता है।

ट्रैवल हब बनेगा नया टर्मिनल

मशहूर प्रॉपर्टी पोर्टल मैजिकब्रिक्स के मुताबिक, नए टर्मिनल को केवल एक पारंपरिक प्रतीक्षालय की तरह नहीं, बल्कि एक आधुनिक ट्रैवल हब के रूप में विकसित किया जाएगा। इसमें शॉपिंग मॉल, फूड कोर्ट, आरामदायक लाउंज, ज्यादा चेक-इन काउंटर और बेहतर बैगेज हैंडलिंग सिस्टम शामिल होंगे। मौजूदा टर्मिनल की तुलना में नया भवन कहीं अधिक बड़ा और सुविधाजनक होगा, जिससे पीक ऑवर्स में भी यात्रियों को परेशानी नहीं होगी। साथ ही पर्यावरण को ध्यान में रखते हुए सोलर पावर, एलईडी लाइटिंग, रेनवॉटर हार्वेस्टिंग और वॉटर ट्रीटमेंट सिस्टम जैसी सुविधाएं भी जोड़ी जाएंगी।

कनेक्टिविटी बढ़ेगी, उड़ानों के नए रास्ते खुलेंगे

फिलहाल चकेरी एयरपोर्ट से दिल्ली, मुंबई, बेंगलुरु और हैदराबाद जैसे शहरों के लिए उड़ानें उपलब्ध हैं। नए टर्मिनल के बाद यहां से और ज्यादा घरेलू रूट्स जुड़ने की उम्मीद है। रिपोर्ट के मुताबिक अधिकारियों का मानना है कि भविष्य में अंतरराष्ट्रीय उड़ानों की संभावनाएं भी तलाशी जा सकती हैं। इससे कानपुर और आसपास के जिलों के लोगों को बड़े शहरों के लिए सड़क और रेल पर निर्भरता कम करनी पड़ेगी।

एयरपोर्ट विस्तार का रियल एस्टेट पर असर

एयरपोर्ट के विकास का असर आसपास के इलाकों में भी साफ दिखने लगा है। श्याम नगर, बर्रा और लाल बंगला जैसे क्षेत्रों में प्रॉपर्टी की मांग बढ़ रही है। बेहतर कनेक्टिविटी के कारण लोग एयरपोर्ट के पास घर लेना ज्यादा सुविधाजनक मान रहे हैं। मैजिकब्रिक्स की रिपोर्ट के मुताबिक, आने वाले वर्षों में इन इलाकों में संपत्ति की कीमतों में भी बढ़ोतरी हो सकती है।

कानपुर के भविष्य की बड़ी तस्वीर

चकेरी एयरपोर्ट का यह विस्तार सिर्फ एक निर्माण परियोजना नहीं है, बल्कि कानपुर को आधुनिक और बेहतर कनेक्टिविटी वाला शहर बनाने की दिशा में बड़ा कदम है। एयर सिटी और नॉलेज सिटी जैसी योजनाओं के साथ मिलकर यह प्रोजेक्ट कानपुर को उत्तर प्रदेश के एक अहम आर्थिक और परिवहन केंद्र के रूप में स्थापित कर सकता है। नए टर्मिनल के साथ कानपुर न केवल यात्रियों बल्कि निवेशकों के लिए भी आकर्षण का केंद्र बन सकता है।

देश और दुनिया की ताजा ख़बरें (Hindi News) पढ़ें हिंदी में और देखें छोटी बड़ी सभी न्यूज़ Times Now Navbharat Live TV पर। शहर (Cities News) अपडेट और चुनाव (Elections) की ताजा समाचार के लिए जुड़े रहे Times Now Navbharat से।

 Nishant Tiwari
Nishant Tiwari author

निशांत तिवारी टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल की सिटी टीम में कॉपी एडिटर हैं। शहरों से जुड़ी खबरों, स्थानीय मुद्दों और नागरिक सरोकार को समझने की उनकी गहरी दृ... और देखें

End of Article