Kanpur Bus Accident: कानपुर के बिधनू थाना क्षेत्र में गुरुवार सुबह एक बड़ा हादसा टल गया। यहां सवारियों से भरी एक बस बेकाबू होकर रामगंगा नहर में गिर गई। बस रेलिंग को तोड़ते हुए सीधा पानी में जा गिरी। इस हादसे के बाद चीख-पुकार मच गई। घटना की सूचना मिलते ही बिधनू थाना पुलिस मौके पर पहुंची और स्थानीय लोगों की मदद से राहत व बचाव कार्य शुरू किया गया। जिसके बाद बस चालक समेत 21 लोगों को सुरक्षित बचा लिया गया।
बस में सवार थे प्राइवेट फैक्ट्री के मजदूर
जानकारी के अनुसार, एक बस कुढ़नी से मजदूरों को लेकर अकबरपुर रनियां में एक प्राइवेट फैक्ट्री में लेकर जा रही थी। बस में ड्राइवर समेत कुल 21 लोग सवार थे। बस रास्ते में जा रही थी, तभी बिधनू इलाके में सुबह करीब 8:19 बजे अचानक बेकाबू हो गई और रेलिंग को तोड़ते हुए नहर में जा गिरी। जिससे अफरा-तफरी मच गई। हाईवे के दोनों ओर वाहनों की लंबी कतार लग गई। जब हादसे की सूचना कंट्रोल रूम के जरिए पुलिस को मिली, तो पुलिस टीम मौके पर पहुंची। जिसके बाद बस में फंसे लोगों को सुरक्षित बाहर निकाला गया।
हादसे के बाद बस ड्राइवर फरार
बताया जा रहा है कि हादसे में बस में सवार कुछ यात्रियों को मामूली चोटें आई हैं। सभी घायलों को प्राथमिक उपचार के लिए नजदीकी स्वास्थ्य केंद्र भेजा गया, जहां उनका इलाज जारी है। पुलिस के अनुसार किसी भी यात्री की हालत गंभीर नहीं है। प्रत्यक्षदर्शियों ने बताया कि हादसे के बाद बस का ड्राइवर मौके से फरार हो गया। पुलिस उसकी तलाश में जुटी है और मामले की जांच की जा रही है।
इलाके में दोबारा चलाया गया सर्च ऑपरेशन
वहीं एहतियात के तौर पर नहर और आसपास के क्षेत्र में दोबारा सर्च अभियान चलाया गया, ताकि यह सुनिश्चित किया जा सके कि कोई अन्य व्यक्ति वहां फंसा न हो। फिलहाल पुलिस ने स्थिति को काबू में कर लिया है और यातायात को सुचारु कराने का काम जारी है। मामले में आगे की कार्रवाई की जा रही है।
