Kannauj Road Accident: कन्नौज में एक दर्दनाक सड़क हादसे में दो बाइकों की आमने-सामने टक्कर के बाद तेज रफ्तार ट्रक ने चार लोगों को कुचल दिया। इस हादसे में तीन लोगों की मौत हो गई, जबकि एक छात्रा गंभीर रूप से घायल है। जानकारी के अनुसार, एक पिता अपनी बेटी को परीक्षा दिलाने ले जा रहे थे, वहीं दो मजदूर दिल्ली में काम पर जाने के लिए निकले थे। इसी दौरान गाजियाबाद-कानपुर ग्रीनफील्ड हाईवे पर दो बाइकों की टक्कर हो गई और तभी पीछे से आ रहे तेज रफ्तार ट्रक ने सभी को रौंद दिया।
ट्रक चालक लेकर मौके से फरार
हादसे में चारों लोग गंभीर रूप से घायल हो गए, जिन्हें तुरंत सीएचसी ले जाया गया। वहां डॉक्टरों ने दो लोगों को मृत घोषित कर दिया। एक युवक और एक युवती को गंभीर हालत में जिला अस्पताल रेफर किया गया, जहां इलाज के दौरान युवक ने भी दम तोड़ दिया। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, हादसे के समय ट्रक की रफ्तार करीब 80 किलोमीटर प्रति घंटे थी। टक्कर के बाद चालक ट्रक लेकर मौके से फरार हो गया। पुलिस मामले की जांच में जुटी है और फरार चालक की तलाश की जा रही है।
दो बाइकों की आपस हुई टक्कर
कस्बा के मुहल्ला सुभाष नगर निवासी 50 वर्षीय मुन्नू तिवारी, पुत्र बलवीर तिवारी, शनिवार सुबह करीब साढ़े सात बजे अपनी 22 वर्षीय पुत्री मानवी उर्फ दिव्या तिवारी को बीएससी तृतीय वर्ष की परीक्षा दिलाने के लिए बाइक से छिबरामऊ की ओर जा रहे थे। इसी दौरान गाजियाबाद-कानपुर ग्रीनफील्ड हाईवे पर ग्राम सराय प्रयाग के पास, कोल्ड स्टोरेज के सामने, पीछे से आ रही एक बाइक उनकी बाइक से टकरा गई।
सीएम योगी ने लिया हादसे पर संज्ञान
बाइक पर जौनपुर जिले के अमाई बभानियावन निवासी 30 वर्षीय अंकित विश्वकर्मा, पुत्र शिवलाल विश्वकर्मा और 28 वर्षीय रोहित, पुत्र रामजी गौड़ सवार थे। हादसे में गंभीर स्थिति को देखते हुए मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने घटना का संज्ञान लिया है। उन्होंने मृतकों के प्रति गहरी संवेदना व्यक्त की है और घायलों के बेहतर इलाज के लिए अधिकारियों को तत्काल निर्देश दिए हैं।
हरदोई में डंपर की टक्कर से दो लोगों की मौत
वहीं हरदोई के कोतवाली क्षेत्र में शनिवार तड़के सड़क हादसे में दो लोगों की मौत हो गई, जबकि चार अन्य गंभीर रूप से घायल हो गए। पुलिस के मुताबिक तड़के करीब पौने चार बजे मन्ना पुरवा के पास तेज रफ्तार डंपर ने कार और मोटरसाइकिल को टक्कर मार दी। उसने बताया कि टक्कर इतनी जबर्दस्त थी कि मोटरसाइकिल सवार युवक डंपर के नीचे दब गया और कार सवार लोग भी गंभीर रूप से घायल हो गए। सूचना मिलने पर कोतवाली पुलिस और दमकल विभाग की टीम मौके पर पहुंची तथा क्रेन की मदद से डंपर के नीचे दबे युवक को बाहर निकाला गया।
पुलिस के अनुसार सभी घायलों को एंबुलेंस से मेडिकल कॉलेज ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने दो को मृत घोषित कर दिया। पुलिस के मुताबिक मृतकों की पहचान शहाबुद्दीनपुर के रामरहीस (45) और अरवल थाना क्षेत्र के श्रीमऊ गांव के आशीष शर्मा (30) के रूप में हुई है। परिजनों के अनुसार, रामरहीस सांडी में शादी समारोह से लौट रहे थे तथा कार में उनके साथ 13 वर्षीय पुत्र शोभित, बहनोई अरुण, चचेरा भाई शैलेंद्र और गांव के अनुराग शुक्ला भी थे। आशीष शर्मा बिलग्राम से शादी से लौटते समय हादसे का शिकार हुए। पुलिस के मुताबिक चारों घायलों का मेडिकल कॉलेज में इलाज चल रहा है।
