शहर

Kal Ka Mausam: देशभर में बढ़ा ठंड का प्रकोप; पहाड़ों से मैदानों तक शीतलहर और बारिश का अटैक, जानें IMD का लेटेस्ट अपडेट

Kal Ka Mausam, 8 दिसंबर 2025, कल का मौसम कैसा रहेगा, Aaj Aur Kal ka Mausam kaisa Rahega: उत्तर भारत समेत देश के कई हिस्सों में सर्दी का असर तेजी से गहराता जा रहा है। कहीं शीतलहर का प्रकोप बढ़ रहा है, तो कई राज्यों में घना कोहरा और बेहद कम विजिबिलिटी ने हालात चुनौतीपूर्ण बना दिए हैं। आसमान में बादल, तेज ठंडी हवाएं और गिरता तापमान आने वाले दिनों में ठिठुरन और बढ़ाने वाले हैं। मौसम विभाग की ताजा रिपोर्ट विभिन्न राज्यों में अगले कुछ दिनों तक बारिश, कोहरे और कड़ाके की ठंड के संकेत दे रही है।

Kal Ka Mausam 8 December 2025

कल का मौसम 8 दिसंबर 2025

Photo : टाइम्स नाउ डिजिटल

Kal Ka Mausam (कल का मौसम कैसा रहेगा): उत्तर भारत सहित देश के कई हिस्सों में ठंड तेजी से बढ़ती जा रही है। बीते 24 घंटों में छत्तीसगढ़ के कुछ क्षेत्रों में शीतलहर का असर देखने को मिला, जबकि विदर्भ और ओडिशा के चुनिंदा इलाकों में भी स्थिति इसी तरह बनी रही। पंजाब, पश्चिमी उत्तर प्रदेश और हरियाणा के उत्तरी जिलों में हल्के से मध्यम स्तर का कोहरा छाया रहा। वहीं हिमाचल प्रदेश, ओडिशा और असम के अलग-अलग हिस्सों में मध्यम से घना कोहरा दर्ज किया गया। विजिबिलिटी 200 मीटर या उससे कम रही, जिनमें ओडिशा के राउरकेला में 70 मीटर, हिमाचल के बिलासपुर में 100 मीटर और असम के जोरहाट में बहुत कम विजिबिलिटी देखी गई। मौसम विभाग की ताजा जानकारी के अनुसार, पूर्वी बांग्लादेश के ऊपर निचले क्षोभमंडलीय स्तरों पर एक चक्रवाती परिसंचरण सक्रिय है। इसके अलावा, मध्य क्षोभमंडलीय पश्चिमी हवाओं में एक पश्चिमी विक्षोभ द्रोणिका के रूप में मौजूद है, जिसका केंद्र समुद्र तल से लगभग 5.8 किलोमीटर ऊंचाई पर है और यह 28° उत्तरी अक्षांश के उत्तर में करीब 63° पूर्वी देशांतर तक फैला हुआ है।

साथ ही, दक्षिण-पूर्व बंगाल की खाड़ी के ऊपर निचले क्षोभमंडलीय स्तरों में पूर्वी हवाओं से संबंधित एक और द्रोणिका 91° पूर्वी देशांतर के पास देखी गई है। जेट स्ट्रीम भी सक्रिय है, जो लगभग 12.6 किलोमीटर की ऊंचाई पर 115 नॉट की रफ्तार से उत्तर भारत के मैदानी क्षेत्रों में प्रवाहित हो रही है। IMD के अनुसार, वर्तमान मौसम प्रणालियों के असर से तमिलनाडु में आगामी दिनों में कहीं-कहीं हल्की से मध्यम बारिश हो सकती है, जिसके साथ आंधी और बिजली गिरने की गतिविधियां भी देखने को मिल सकती हैं। अंडमान और निकोबार द्वीप समूह में 8 से 10 दिसंबर के बीच कई स्थानों पर बारिश की संभावना जताई गई है। इस दौरान आंधी, गरज-चमक और तेज झोंकेदार हवाएं 30–40 किमी/घंटा की रफ्तार से, तथा कुछ जगहों पर 50 किमी/घंटा तक चल सकती हैं। इसके अलावा, 8 दिसंबर को जम्मू-कश्मीर, हिमाचल प्रदेश और उत्तराखंड में भी कुछ स्थानों पर हल्की से मध्यम वर्षा होने के आसार हैं। पश्चिमी भारत में अगले 3–4 दिनों में न्यूनतम तापमान में 2–3°C तक की धीरे-धीरे गिरावट हो सकती है, जिसके बाद विशेष परिवर्तन की उम्मीद नहीं है। देश के बाकी हिस्सों में न्यूनतम तापमान में कोई बड़ा बदलाव संभावित नहीं है। आईएमडी के अनुमान के मुताबिक, 8 और 9 दिसंबर को छत्तीसगढ़ के कुछ इलाकों में शीतलहर की स्थिति बनी रह सकती है। इसी अवधि में मध्य प्रदेश, उत्तर विदर्भ और ओडिशा के कुछ स्थानों पर भी ठंड का यही प्रभाव जारी रहने की संभावना है। कोहरे की बात करें तो 8 से 12 दिसंबर के बीच तड़के के समय असम, मेघालय, नागालैंड, मणिपुर, मिजोरम और त्रिपुरा के चुनिंदा क्षेत्रों में घना कोहरा छाने की संभावना है। पश्चिम मध्य प्रदेश में 8 दिसंबर को घना कोहरा देखा जा सकता है। हिमाचल प्रदेश में 8 से 10 दिसंबर के बीच और ओडिशा में 8 व 9 दिसंबर को सघन कोहरे की स्थिति बनने के आसार हैं।

दिल्ली में कल का मौसम

दिल्ली में कल आसमान ज्यादातर बादलों से ढके रहने की संभावना है। सुबह के समय हल्की धुंध या कुहासा छाया रह सकता है। दिन के दौरान सतही हवाएं लगभग 15–20 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से चलेंगी। अधिकतम तापमान 24 से 26 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 9 से 11 डिग्री सेल्सियस के बीच रहने का अनुमान है। न्यूनतम तापमान सामान्य से थोड़ा अधिक (करीब 1.4°C तक) रह सकता है, जबकि अधिकतम तापमान आसपास के क्षेत्रों में औसत से कम दर्ज होने की संभावना है। सुबह उत्तर-पश्चिमी हवाएं लगभग 15 किमी प्रति घंटे की गति से चलेंगी, दोपहर में इनकी रफ्तार बढ़कर करीब 20 किमी प्रति घंटा हो सकती है। शाम और रात में हवा की गति घटकर लगभग 10 किमी प्रति घंटा रहने की उम्मीद है।

दिल्ली में वायु गुणवत्ता का हाल

दिल्ली में रविवार सुबह वायु गुणवत्ता ‘बहुत खराब’ श्रेणी में पाई गई। केंद्रीय प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड (सीपीसीबी) के ‘समीर’ ऐप पर दर्ज आंकड़ों के अनुसार, सुबह 10 बजे एयर क्वालिटी इंडेक्स (AQI) 302 तक पहुंच गया। राजधानी के 26 मॉनिटरिंग स्टेशनों पर एक्यूआई इसी श्रेणी में रिकॉर्ड किया गया। सीपीसीबी के मानकों के मुताबिक, 0–50 के बीच एक्यूआई ‘अच्छा’, 51–100 ‘संतोषजनक’, 101–200 ‘मध्यम’, 201–300 ‘खराब’, 301–400 ‘बहुत खराब’ और 401–500 ‘गंभीर’ श्रेणी मानी जाती है।

यूपी में कल का मौसम कैसा रहेगा?

उत्तर प्रदेश में कड़ाके की ठंड से जल्द राहत मिलने की उम्मीद जताई गई है। भारतीय मौसम विज्ञान विभाग (IMD) के अनुसार, अगले तीन दिनों में राज्य के अधिकतम तापमान में कोई खास बदलाव नहीं होगा, जबकि न्यूनतम तापमान में धीरे-धीरे बढ़ोतरी होने से सुबह और शाम की तीखी ठंड में कमी आ सकती है। हालांकि, कुछ जिलों में सामान्य से अधिक शीतलहर चलने की संभावना बनी हुई है। पिछले 24 घंटों के दौरान राज्य के दोनों हिस्सों में मौसम शुष्क रहा और कुछ स्थानों पर हल्का कोहरा दर्ज किया गया। आगरा और वाराणसी में दृश्यता घटकर 600 मीटर तक पहुंच गई। मौसम विभाग का कहना है कि इन दिनों उत्तर प्रदेश में उत्तर-पश्चिमी हवाएं चल रही हैं, जो ठंडक बढ़ा रही हैं। पहाड़ों से आने वाली बर्फीली हवाएं मैदानी इलाकों का तापमान और नीचे ला रही हैं, जिससे रात और सुबह का पारा गिर रहा है। हालांकि दिन में साफ आसमान और हल्की धूप की वजह से मौसम सुहावना महसूस हो रहा है, लेकिन रात और तड़के ठंड में वृद्धि बनी हुई है।

बिहार में कल के मौसम का हाल

बिहार मौसम सेवा केंद्र के अनुसार, आने वाले दो दिनों में राज्य के मौसम में कुछ बदलाव देखने को मिल सकता है। सुबह और रात के समय कई जिलों में हल्के से मध्यम स्तर तक कोहरा छाने की संभावना है। पश्चिम चंपारण, पूर्वी चंपारण, सीतामढ़ी, शिवहर, मधुबनी, अररिया, किशनगंज, भागलपुर, बांका, पटना, गया, सासाराम और कैमूर जिलों में कोहरे की घनत्व अधिक रहने का अनुमान है। IMD ने यह भी स्पष्ट किया है कि प्रदेश में फिलहाल मौसम शुष्क रहेगा और बारिश की कोई संभावना नहीं है। पश्चिम से पूर्व दिशा की ओर लगभग 30 किमी प्रति घंटे की गति से चलने वाली ठंडी हवाएं तापमान में ठिठुरन बढ़ा सकती हैं। अगले दो दिनों तक राज्य के कई क्षेत्रों में कोहरा और ठंड का असर जारी रहने की उम्मीद है।

राजस्थान में आने वाले दिनों का मौसम

उत्तर से आने वाली बर्फीली हवाओं ने राजस्थान में सर्दी का असर तेज कर दिया है। शेखावाटी क्षेत्र में बीती रात तापमान 2 डिग्री सेल्सियस से भी नीचे चला गया, जिसके कारण खेतों में ओस जमने लगी और पाले से फसलों को नुकसान पहुंचने लगा है। ठंड का हाल यह है कि शनिवार को राज्य के 15 से अधिक शहरों में न्यूनतम तापमान एक अंक में दर्ज किया गया। राजधानी जयपुर में भी इस सीजन में लगातार दूसरी बार पारा 10 डिग्री सेल्सियस से नीचे गिर गया। मौसम विज्ञान केंद्र, जयपुर ने चेतावनी दी है कि आने वाले दिनों में भी प्रदेश के अधिकांश हिस्सों में कड़ाके की ठंड बनी रहने की संभावना है। हालांकि, एक नए कमजोर पश्चिमी विक्षोभ के आंशिक प्रभाव से मौसम में हल्का बदलाव देखने को मिल सकता है। अगले दो से तीन दिनों के दौरान कुछ क्षेत्रों में आंशिक बादल छाए रह सकते हैं, लेकिन पूरे प्रदेश में लगभग एक सप्ताह तक मौसम के शुष्क रहने के आसार हैं।

मध्य प्रदेश में मौसम का हाल कैसा रहेगा?

मौसम विशेषज्ञों का कहना है कि पश्चिमी विक्षोभ के प्रभाव के कारण मध्य प्रदेश में वह तीखी ठंड, जो आमतौर पर दिसंबर के अंत में महसूस होती है, इस बार महीने के दूसरे सप्ताह से ही देखने को मिलेगी। अनुमान है कि तापमान घटकर लगभग 6 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच सकता है। विशेषज्ञों के अनुसार, आने वाले तीन महीने कड़ाके की सर्दी के साथ गुजरने वाले हैं और इस वर्ष दिसंबर में ठंड पिछले साल की तुलना में लगभग दोगुनी हो सकती है। शीतलहर के दिनों की संख्या भी अधिक रहने की संभावना है। इसी बीच, स्वास्थ्य विभाग ने ठंड से सावधान रहने के लिए एडवाइजरी जारी की है। सागर मौसम विज्ञान केंद्र के वैज्ञानिक विवेक छलोत्रे ने बताया कि दिल्ली मौसम केंद्र की ताजा रिपोर्ट के मुताबिक, आने वाले दो महीनों में मध्य भारत में काफी कठोर सर्दी पड़ सकती है। एक नया पश्चिमी विक्षोभ पश्चिमी हिमालय पर प्रभाव डाल रहा है, जिसके कारण सागर सहित पूरे बुंदेलखंड क्षेत्र में तापमान में तेजी से गिरावट दर्ज होने की संभावना है।

देश और दुनिया की ताजा ख़बरें (Hindi News) पढ़ें हिंदी में और देखें छोटी बड़ी सभी न्यूज़ Times Now Navbharat Live TV पर। शहर (Cities News) अपडेट और चुनाव (Elections) की ताजा समाचार के लिए जुड़े रहे Times Now Navbharat से।

 Nilesh Dwivedi
Nilesh Dwivedi author

निलेश द्विवेदी टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल की सिटी टीम में काम कर रहे हैं। वे शहरों से जुड़ी लोकल घटनाएं, क्राइम, राजनीति, इंफ्रास्ट्रक्चर और राज्यवार अप... और देखें

End of Article