शहर

कल का मौसम : 01 अगस्त को फिर होगी आफत की बरसात! आंधी संग होगा वज्रपात; आईएमडी ने किया सावधान

कल का मौसम कैसा रहेगा, 01 अगस्त 2025: अगस्त महीने की शुरुआत मूसलाधार बारिश के साथ होने की संभावना है। मौसम विभाग ने 01 अगस्त शुक्रवार को हिमाचल प्रदेश, उत्तराखंड, जम्मू-कश्मीर, हरियाणा, पंजाब, दिल्ली-एनसीआर, यूपी-एमपी, बिहार एवं राजस्थान में आंधी-तूफान के साथ भारी बारिश और वज्रपात का पूर्वानुमान जताया है। कमोबेश ऐसा ही मौसम दक्षिण भारत और पूर्वोत्तर के राज्यों में देखा जा सकता है, लेकिन महाराष्ट्र के साथ पश्चिमी हिस्सों में हल्की बारिश का अनुमान है।

Image

कल का मौसम

कल का मौसम कैसा रहेगा, 01 अगस्त 2025 : जुलाई के महीने में अच्छी खासी बारिश ने मौसम को सुहावना बनाकर रखा। आईएमडी की मानें तो सामान्य से 7 फीसदी अधिक वर्षा दर्ज की गई, जो मौसम के लिहाज से काफी बेहतर रहा। लेकिन, अगस्त में कितनी मानसूनी बारिश होगी? इसका भी मौसम विभाग ने संकेत दे दिया है। अगले 24 घंटे के पूर्वानुमान के हिसाब-किताब में उत्तर भारत में अच्छी खासी मौसमी गतिविधियां हो सकती हैं। 01 अगस्त को हरियाणा-पंजाब, दिल्ली-एनसीआर, उत्तर प्रदेश, मध्य प्रदेश, बिहार, झारखंड एवं छत्तीसगढ़ के विभिन्न हिस्सों में बादलों की गरज के साथ तेज हवाएं यानी आंधी-तूफान की स्थितियां बन सकती हैं और कहीं हल्की तो कहीं मध्यम से तेज वर्षा दर्ज की जाएगी। खराब मौसम के दौरान आकाशीय बिजली गिरने और लगातार नदियों के जलस्तर में बढ़ोतरी का अनुमान है। अगर, बात गोवा महाराष्ट्र, विदर्भ, मराठवाड़ा और गुजरात की करें तो अब धीरे-धीरे मानसूनी बारिश में कमी आएगी और तापमान में बढ़ोतरी दर्ज की जाएगी। उधर, पूर्वोत्तर के सिक्किम, अरुणाचल प्रदेश, असम, नागालैंड, मेघालय, पश्चिम बंगाल और अंडमान निकोबार द्वीप समूह में चक्रवाती हवाओं के बीच हल्की से मध्यम बारिश की संभावना है। वहीं, केरल, कर्नाटक, तमिलनाडु, आंध्र प्रदेश और तेलंगाना में धीमी गति से बारिश जारी रहेगी। इधर, जम्मू-कश्मीर, हिमाचल प्रदेश और उत्तराखंड के कुछ हिस्सों में बादल फटने और बाढ़ की समस्या का सामना करना पड़ सकता है। 1 अगस्त से 5 अगस्त के बीच अधिकतम तापमान 34 से 35 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 24 से 25 डिग्री सेल्सियस के बीच रहने का अनुमान है।

शहर का नामन्यूनतम तापमानअधिकतम तापमान
मुंबई28 °C29 °C
भोपाल 23 °C28 °C
जयपुर25 °C28 °C
दिल्ली26 °C30 °C
लखनऊ 26 °C31 °C
पटना28 °C33 °C
चेन्नई28 °C24 °C
हैदराबाद 23 °C30 °C
देहरादून24 °C27 °C
शिमला18 °C23 °C
कश्मीर 12 °C18 °C

यूपी में कल कैसा रहेगा मौसम?

उत्तर प्रदेश में लगातार बारिश के कारण नदियां उफान पर हैं। पहाड़ों और मैदानी इलाकों में अत्यधिक वर्षा के कारण जमा हुए पानी से गंगा-यमुना, सरयू, रामगंगा, शारदा, केन, गोमती और घाघरा समेत सभी छोटी बड़ी नदियां अपनी सीमा से बाहर धारा बना रही हैं, जिससे तराई वाले क्षेत्र बाढ़ से ग्रसित हैं। मौसम विभाग के पूर्वानुमान के मुताबिक, 1 अगस्त से अगले 2 से 4 दिन तक पूर्वांचल से लेकर पश्चिम तक बादल मेहरबान रहेंगे। शुक्रवार को लखनऊ, कानपुर, उन्नाव, हरदोई, लखीमपुर खीरी, सीतापुर, शाहजहांपुर, बदायूं, अमेठी, सुलतानपुर, अयोध्या, रायबरेली, प्रतापगढ़, प्रयागराज, वाराणसी, झांसी, बांदा, हमीरपुर, जालौन, चित्रकूट, कौशांबी, फतेहपुर, कानपुर देहात, औरैया, इटावा, कन्नौज, मैनपुरी, एटा, हाथरस, अलीगढ़, आगरा, नोएडा, गाजियाबाद, बुलंदशहर, सहारनपुर, मेरठ, शामली समेत आसपास के विभिन्न जिलों में बादल छाए रहेंगे। इस दौरान कहीं आंधी तो कहीं मध्यम से तेज बारिश हो सकती है। उधर, पूर्वी यूपी के गोरखपुर, जौनपुर, गोंडा, बस्ती, बहराइच और देवरिया समेत अन्य जिलों में खराब मौसम के दौरान आकाशीय बिजली गिरने का खतरा बना रहेगा, लिहाजा लोगों को सावधान रहने की जरूरत है।

दिल्ली कल का मौसम

दिल्ली-एनसीआर के पूरे हिस्से में घनघोर बादल छाए हुए हैं। एनसीआर ने 2 दिन से सूरज का मुंह नहीं देखा। लिहाजा, दो दिन से मौसम काफी सुहावना है। आईएमडी ने अगले 2 से 3 दिन यानी 1 से 3 अगस्त तक बादलों की गड़गड़ाहट के साथ तेज हवाएं चलेंगी और हल्की से मध्यम बारिश की चेतावनी जारी की है। इस दौरान न्यूनतम तापमान 24.7 डिग्री सेल्सियस के आसपास दर्ज किया गया, जो सामान्य तापमान से 1.1 डिग्री सेल्सियस कम है। अत्यधित बारिश से शहर के विभिन्न हिस्सों में जलभराव की समस्या हो सकती है। लगातार बारिश ने न सिर्फ गर्मी से राहत दी है, बल्कि प्रदूषण पर भी गहरी चोट की है, जिससे लोग शुद्ध हवा में सांस ले रहे हैं।

राजस्थान के मौसम का हाल

राजस्थान के अधिकतर हिस्सों में मानसूनी बारिश का दौर जारी है। एक चक्रवाती परिसंचरण के असर से बादल झमाझम बारिश कर रहे हैं, जिससे निचले हिस्से और नदियों के जलस्तर में बढ़ोतरी हो रही है। मौसम विभाग ने अगले कुछ दिनों तक तेज मौसमी गतिविधियां होने का अनुमान जताया है। शुक्रवार को जयपुर, बीकानेर, कोटा, भरतपुर, अजमेर, जयपुर, शेखावटी क्षेत्र, धौलपुर, करौली, सवाई माधोपुर और टोंक के ज्यादातर इलाकों में बादल छाए रहेंगे और आंधी के साथ भारी बारिश की संभावना है। धौलपुर में चंबल और कोटा में पार्वती नदी का जलस्तर खतरे के निशान से ऊपर है।

बिहार में कैसा है मौसम?

बिहार में धीरे-धीरे मानसूनी बारिश का असर कम हो रहा है, लेकिन अगस्त की शुरुआत से ही अच्छी बारिश की संभावना जताई जा रही है, जिस कारण राज्य में प्रवाहित नदियों में बाढ़ का खतरा बढ़ सकता है। मौसम विभाग के पूर्वानुमान के मुताबिक, 1 से 5 अगस्त के बीच पटना, नवादा, बांका, बक्सर, भोजपुर, गया, जमुई, पश्चिमी चंपारण, पूर्वी चंपारण, मधुबनी, सीतामढ़ी, दरभंगा, मुजफ्फरपुर, अररिया, सुपौल, किशनगंज, भागलपुर और हाजीपुर समेत कई जिलों में तेज गति से हवाएं चलेंगी और बादलों की गरज चमक के साथ बारिश दर्ज की जाएगी। इस दौरान कहीं-कहीं ठनका (वज्रपात) का अलर्ट घोषित रहेगा, लिहाजा खराब मौसम के दौरान लोग सुरक्षित स्थान चुनें। आईएमडी के मुताबिक, इस दौरान अधिकतम तापमान 30 से 33 डिग्री सेल्सियस के बीच रहेगा, जिससे गर्मी से लोगों को राहत रहेगी।

मध्य प्रदेश के मौसम का हाल

मध्य प्रदेश मानसूनी बारिश ने जनजीवन अस्त व्यस्त कर रखा है। मौसम विभाग ने अगले 24 घंटे के दरम्यान राज्य के भिंड, मुरैना, ग्वालियर, नर्मदापुरम, रायसेन, सीहोर, शिवपुरी, शाजापुर, भोपाल, इंदौर, विदिशा, अशोकनगर, गुना, जबलपुर, छतरपुर, रीवा, सतना, बीना और बबीना समेत विभिन्न हिस्सों में बादलों की आवाजाही के साथ कहीं हल्की तो कहीं मध्यम से भारी बारिश का अनुमान जताया है। मूसलाधार बारिश के कारण नदियों के जलस्तर में लगातार बढ़ोतरी देखी जा रही है। गुना में भारी बारिश के कारण बाढ़ जैसे हालात हैं, जिस कारण एनडीआरएफ को सहायता के लिए बुलाया गया है। इधर, बेतवा नदी भी उफान पर है। कई जिलों में स्कूल बंद कर दिए गए हैं।

हिमाचल प्रदेश का मौसम

पहाड़ी इलाकों में मौसमी गतिविधियां होने से आम जनजीवन पर बुरा प्रभाव पड़ रहा है। मौसम विभाग की मानें तो हिमाचल प्रदेश में अत्यधिक बारिश का दौर जारी है। राज्य के कुल्लू, मनाली, कांगड़ा, चंबा, सिहौर, ऊना और मंडी समेत अधिकतर जिलों में काले बादल छाए रहेंगे। कई जिलों में हल्की से मध्यम बारिश की संभावना है। कहीं-कहीं बादल फटने जैसी घटनाएं डरा सकती हैं, लेकिन इसकी कितनी संभावना है यह कहा नहीं जा सकता है। भारी बारिश के कारण लैंडस्लाइड की घटनाएं हो सकती हैं, लिहाजा लोगों को पहाड़ों की यात्रा पर निकलने की सलाह नहीं दी जा रही।

उत्तराखंड में मौसम का मिजाज

उत्तराखंड के अधिकतर हिस्सों में मौसम काफी सुहावना बना हुआ है। मौसम विभाग के पूर्वानुमान के मुताबिक, देहरादून, केदारनाथ, गौरीकुंड, मनुकुटिया, नैनीताल, पिथौरागढ़ और अल्मोड़ा समेत कई जिलों में येलो अलर्ट जारी है। कई जगह भूस्खलन के कारण एसडीआरएफ और एनडीआरएएफ की टीमें लोगों को सुरक्षित स्थानों पर पहुंचा रही हैं।

जम्मू-कश्मीर का मौसम कैसा है?

जम्मू-कश्मीर में भारी बारिश से जनजीवन प्रभावित हो रहा है। खासकर, अमरनाथ यात्रा को स्थगित कर दिया गया है। जम्मू के संभागीय आयुक्त रमेश कुमार के मुताबिक, मौसम को ध्यान में रखते हुए स्थितियों का जायजा लिया जाएगा, तभी जत्थे को आगे बढ़ने की अनुमति दी जाएगी। मौसम विभाग की मानें तो राज्य में अभी मानसूनी गतिविधियां जारी रहेंगी, जिससे पहाड़ों से मलबा गिरने और सड़कों पर यातायात बाधित होने का खतरा हो सकता है।

Pushpendra kumar
पुष्पेंद्र कुमारauthor

पुष्पेंद्र कुमार टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल में चीफ कॉपी एडिटर के रूप में सिटी डेस्क पर कार्यरत हैं। जर्नलिज्म में मास्टर्स डिग्री हासिल करने के बाद से वे पिछले 7 वर्षों से सक्रिय पत्रकारिता में जुड़े हैं। इस दौरान उन्होंने 10,000 से अधिक खबरें लिखी हैं। पुष्पेंद्र हाइपर-लोकल मुद्दों, रेलवे, रोड, इंफ्रास्ट्रक्चर, डेवलपमेंट, कृषि और मौसम से जुड़ी खबरों पर गहरी पकड़ रखते हैं। शहर से लेकर गांव-देहात तक की संवेदनशीलताओं को समझते हुए वे लोकल खबरों को ऐसा रूप देते हैं जो न केवल तथ्यपूर्ण होता है, बल्कि पाठकों से भावनात्मक रूप से भी जुड़ता है।

और पढ़ें
End of Article