कल का मौसम : 60 घंटे आंधी-पानी बरसेगा मूसलाधार, शीतलहर-कोहरे से पारा गिरेगा धड़ाम; मौसम विभाग का बड़ा अलर्ट
- Authored by: Pushpendra Kumar
- Updated Jan 8, 2026, 05:56 PM IST
Kal Ka Mausam, 09 January 2026, कल का मौसम कैसा रहेगा, Aaj Aur Kal ka Mausam kaisa Rahega: आईएमडी ने अगले 24 घंटे के दौरान पहाड़ों पर बर्फबारी का अलर्ट जारी रखा है और मैदानी इलाकों में घना से अति घना कोहरा छाये रहने की बात कही है। हिमालयी क्षेत्रों से आ रहीं सर्द हवाओं के झोंको के कारण उत्तर भारत के अधिकांश राज्यों में न्यूनतम और अधिकतम तापमान गिरता जा रहा है, जिससे गलन वाली सर्दी महसूस की जा रही है। वहीं, कुहासे के कारण विजिबिलिटी कम होने से यातायात सेवाओं पर विपरीत प्रभाव पड़ रहा है। उधर, दक्षिण भारत के कुछ हिस्सों में आंधी-तूफान और बारिश को लेकर चेतावनी जारी की गई है।
कल का मौसम
Kal Ka Mausamm (कल का मौसम कैसा रहेगा) : उत्तर भारत में अगले 3 से 4 दिन तक शीतलहर चलने और न्यूनतम-अधिकतम तापमान में गिरावट के संकेत हैं। खासकर, बिहार, उत्तर प्रदेश, मध्य प्रदेश, राजस्थान, दिल्ली, हरियाणा और पंजाब में सुबह-शाम अति घना कोहरा छाया रहेगा एंव सूरज बादलों के पीछे छिपा नजर आएगा। ऐसी स्थिति में सुबह पाला पड़ेगा और दिन में ठिठुरन महसूस होगी। विजिबिलिटी बेहद कम होने से विभिन्न राज्यों के बीच चलने वाली ट्रेनें अपने निर्धारित समय से कई घंटे लेट रहेंगी। आईएमडी ने 9, 10 और 11 जनवरी को उत्तराखंड, हिमाचल प्रदेश, लद्दाख और जम्मू-कश्मीर के ऊंचाई वाले स्थानों पर बर्फबारी जारी रहने के संकेत दिए हैं, जिसके प्रभाव से मैदानी हिस्सों पर भी सिहरन महसूस की जाएगी। स्काईमेट वेदर ने 9 से 11 जनवरी तक केरल और तमिलनाडु के तटीय जिलों में गरज चमक, आंधी-तूफान एवं मूसलाधार बारिश को लेकर संभावना जताई है। उधर, पश्चिम बंगाल, सिक्किम, झारखंड और मेघालय में पाला गिरने का अनुमान है।
दिल्ली में कल सर्दी-कोहरे का मौसम
दिल्ली-एनसीआर में सुबह लोगों को कड़ाके की ठंड का सामना करना पड़ रहा है। मौसम विभाग ने बताया कि न्यूनतम तापमान 5.5 डिग्री सेल्सियस के आसपास पहुंच गया है। शुक्रवार को सफदरजंग में पारा 5.5 डिग्री, पालम में 4.5 डिग्री, लोधी रोड पर 6 डिग्री, और आयानगर में 5.5 डिग्री सेल्सियस रहने का अनुमान है। दिल्ली में शीत दिवस की स्थिति बनती जा रही है। आईएमडी के मुताबिक, न्यूनतम तापमान 6 डिग्री सेल्सियस और अधिकतम तापमान लगभग 15 डिग्री सेल्सियस रहने की संभावना है। कोल्ड डे के दौरान न्यूनतम तापमान 10 डिग्री सेल्सियस से कम हो जाता है और अधिकतम तापमान सामान्य से लगभग 4.5 से 6.4 डिग्री नीचे गिर जाता है। ये स्थिति फिलहाल दिल्ली एनसीआर में बनती दिख रही है। पूरे एनसीआर में पॉल्यूशन का लेवल बढ़ा हुआ है, जिससे राहत की उम्मीद नहीं है। अधिकांश भागों में कोहरे की चादर छाई नजर आएगी।
| शहर का नाम | न्यूनतम तापमान | अधिकतम तापमान |
| दिल्ली | 6°C | 16°C |
| मुंबई | 20°C | 28°C |
| भोपाल | 10°C | 23°C |
| जयपुर | 5°C | 18°C |
| चंडीगढ़ | 5°C | 15°C |
| लखनऊ | 6°C | 18°C |
| पटना | 8°C | 18°C |
| कोलकाता | 11°C | 22°C |
| शिमला | 0°C | 12°C |
| देहरादून | 4°C | 13°C |
| कश्मीर | -4°C | 5°C |
राजस्थान में कल का मौसम
राजस्थान के कई जिलों में घने के कोहरे के बीच शीतलहर जारी है। मौसम विभाग के मुताबिक अगले 24 घंटे में राज्य में अनेक जगह घने से अति घना कोहरा छाया रहेगा और लगातार शीतलहर व अति शीत दिवस रिकॉर्ड किया जाएगा। आईएमडी के मुताबिक, शुक्रवार को जयपुर में 4.4 डिग्री, सीकर में 2 डिग्री, जैसलमेर में 3 डिग्री, माउंट आबू में 4 डिग्री, फलोदी में 4 डिग्री, झुंझुनू में 4 डिग्री, सिरोही में 4.5 डिग्री, चूरू में 5 डिग्री, फतेहपुर में 5 डिग्री और गंगानगर में 5 डिग्री सेल्सियस तापमान रहने का अनुमान है। आईएमडी के अनुसार अगले एक सप्ताह तक घना से अतिघना कोहरा और शीत दिन दर्ज होने की संभावना है एवं न्यूनतम तापमान में और गिरावट आ सकती है, जिससे गलन वाली सर्दी का सितम शुरू होगा।
बिहार में मौसम का हाल
बिहार में अगले दो दिनों तक शीतलहर की स्थिति बने रहने की संभावना है। राज्य के अधिकतर जिलों में कम तापमान के साथ मध्यम से तेज गति से हवा चलने के कारण ठिठुरन बढ़ती जा रही है। अगले 2 दिन तक गया में न्यूनतम तापमान 4 डिग्री सेल्सियस, पटना में 9 डिग्री और भागलपुर में 4.2 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड हो सकता है। तापमान अगले दो दिनों में चार डिग्री सेल्सियस तक गिरने की संभावना जताई जा रही है और शीतलहर की गति में इजाफा होगा। वहीं, पटना, बेगूसराय,दरभंगा, गया, मधुबनी, अररिया, भागलपुर, पश्चिमी चंपारण, पूर्वी चंपारण, किशनगंज और मुजफ्फरपुर समेत कई जिलों में घने कोहरे के कारण दृश्यता काफी कम रहेगी, जिससे सड़क और रेल परिवहन प्रभावित होगा है। इघर, उत्तर प्रदेश के अधिकांश राज्य कोहरे और शीतलहर की चपटे में हैं, जिससे जनजीवन प्रभावित है।
जम्मू-कश्मीर में मौसम
जम्मू-कश्मीर में मौसम का मिजाज गहराता जा रहा है। पहाड़ों से लेकर मैदानी इलाकों तक कड़ाके की ठंड का प्रकोप जारी है। घाटी के अधिकतर हिस्सों में न्यूनतम और अधिकतम तापमान में आई भारी गिरावट के कारण श्रीनगर सहित कई स्थानों पर कड़ाके की ठंडी पड़ रही है। भीषण ठंड के कारण डल झील समेत कई जल स्त्रोत जम गए हैं। अगले 24 घंटे के दौरान श्रीनगर में माइनस 5.1 डिग्री, सोनमर्ग में माइनस 10 डिग्री, गुलमर्ग में माइनस 9.5 डिग्री, पहलगाम में माइनस 8.8 डिग्री, काजीगुंड में माइनस 6 डिग्री, कोकेरनाग में माइनस 4 और कुपवाड़ा में 6 डिग्री सेल्सियस से नीचे दर्ज किया जा सकता है। मौसम विभाग ने 20 जनवरी तक मौसम शुष्क रहने के साथ आसमान में बादल छाए रहने की संभावना जताई है। फिलहाल, कश्मीर घाटी 'चिल्लई कलां' की चपेट में है। लिहाजा 30 जनवरी तक घाटी के मैदानी इलाकों के साथ मैदानी इलाकों में बारिश-बर्फबारी और घने कोहरे में बढ़ोतरी जारी रहेगी।
'चिल्ला-ए-कलां क्या है?
मौसम विभाग के अनुसार, जम्मू-कश्मीर में 21 दिसंबर को ‘चिल्ला-ए-कलां’ की दस्तक हो गई है, जिसके प्रभाव से घाटी के छिटपुट स्थानों पर हल्की बारिश या बर्फबारी जारी रहेगी। दरअसल ‘चिल्ला-ए-कलां’ सर्दियों के मौसम का सबसे भारी समय होता है। यह 21 दिसंबर से शुरू होता है 29 या 31 जनवरी तक जारी रहता है। 'चिल्ला-ए-कलां' के 40 दिनों के दौरान बर्फबारी की संभावना सबसे अधिक होती है और तापमान में काफी गिरावट आती है। इस दौरान घाटी में नदी, नाले, पाइप लाइन और जल स्त्रोत जम जाते हैं क्योंकि न्यूनतम तापमान माइनस 6 से माइनस 8 डिग्री सेल्सियस के बीच गिर जाता है। चिल्लई कलां के दौरान दिन का तापमान दो अंकों से नीचे रहता है, जिससे न्यूनतम और अधिकतम तापमान के बीच का अंतर कम हो जाता है।
तमिलनाडु में आंधी-बारिश का अलर्ट
मौसम विभाग ने अगले 15 घंटों में तमिलनाडु तट के कुछ हिस्सों में भारी बारिश का पूर्वानुमान जताया है। खासकर, चेन्नई, कराईकल, तंजावुर, तिरुवरूर, रामनाथपुरम, पुदुकोट्टई, नागपट्टिनम और कुड्डालोर जिलों के लिए शुक्रवार को यलो अलर्ट जारी है। 9-10 जनवरी को पुडुचेरी, नागपट्टिनम, कुड्डालोर, मयिलादुथुराई और तिरुवरुर आंधी-तूफान एवं बारिश के लिए ऑरेंज अलर्ट जारी किया है। इस दौरान हवा की गति 55 किमी प्रति घंटा से 65 किमी प्रति घंटा तक पहुंच सकती है। इस दौरान समुद्र में ऊंची लहरें उठने से स्थिति बहुत खराब होने की संभावना है। मौसम विभाग ने तमिलनाडु तट के मछुआरों को समुद्र में न जाने की सलाह दी है। खासकर, बंगाल की खाड़ी और तमिलनाडु, पुडुचेरी और कराईकल के तटीय इलाकों से दूर रहने का आग्रह किया गया है। दरइसल, चेन्नई में दक्षिण-पूर्वी बंगाल की खाड़ी के ऊपर बना कम दबाव का क्षेत्र अब विकराल हो रहा है और लगभग 18 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से पश्चिम-उत्तर-पश्चिम की ओर बढ़ रहा है, जिस कारण ये मौसमी गतिविधियां होने का अनुमान है।
कोल्ड डे क्या है?
उत्तरी राज्यों में भीषण सर्दी के कारण कोल्ड डे की स्थिति है। लोग जानना चाहते हैं कि Cold Day क्या होता है? तो बता दें कि आईएमडी के मुताबिक, कोल्ड डे तब माना जाता है, जब न्यूनतम तापमान 10 डिग्री सेल्सियस या उससे कम रहे और अधिकतम तापमान सामान्य से कम से कम 4.5 डिग्री सेल्सियत कम दर्ज किया जाए। उन दिनों को कोल्ड डे में काउंट करते हैं। इस दौरान दिन और रात के तापमान में अधिक अंतर नहीं होता है, लिहाजा लोगों को सर्दी से राहत की उम्मीद कम रहती है। इसके अभी और जारी रहने के संकेत हैं।
देश और दुनिया की ताजा ख़बरें (Hindi News) पढ़ें हिंदी में और देखें छोटी बड़ी सभी न्यूज़ Times Now Navbharat Live TV पर। शहर (Cities News) अपडेट और चुनाव (Elections) की ताजा समाचार के लिए जुड़े रहे Times Now Navbharat से।