Kal Ka Mausamm (कल का मौसम कैसा रहेगा): मौसम के लिहाज से फरवरी भी बेईमान साबित हो रही है। कई राज्यों में अभी भी सर्दी से बुरा हाल है। पछुआ हवाओं के कारण शीतलहर का प्रकोप बना हुआ है। यही कारण है कि अभी स्वेटर रजाई से पीछा नहीं छूट पा रहा है। आईएमडी ने पहाड़ी राज्यों में बर्फबारी के साथ बारिश का पूर्वानुमान जारी किया है। अगले 48 घंटों में लद्धाख समेत कश्मीर के कई हिस्सों में बारिश की संभावना है, जिससे वहां न्यूनतम तापमान माइनस डिग्री सेल्सियस से नीचे बना रहेगा। इस दौरान कोल्ड डे की स्थिति रहेगी। उधर, बांग्लादेश और असम के ऊपरी हिस्सों में साइक्लोनिक सर्कुलेशन बन रहा है, जिसकी वजह से पूर्वोत्तर में अगले 48 घंटों में गरज चमक के साथ आंधी तूफान और बारिश की संभावना है। इधर, यूपी बिहार, राजस्थान और दिल्ली एनसीआर में धूप छांव का खेल जारी है। इन राज्यों में 8 फरवरी को पश्चिमी विक्षोभ के असर से तेज हवाओं के साथ हल्की बूंदाबांदी की संभावना व्यक्त की जा रही है, जिससे 2 से 3 डिग्री सेल्सियस तक तापमान गिरने की बात कही जा रही है। अगर, बात कोहरे की करें तो अभी उत्तर भारत के राज्यों में इसका प्रभाव रहेगा, जिससे रेल यातायात और हवाई यातायात पर विपरीत प्रभाव रहेगा।
दिल्ली-एनसीआर में कल का मौसम
दिल्ली-एनसीआर में आईएमडी ने 8 फरवरी तक बारिश कम होने का अनुमान लगाया है। लेकिन, कोहरे का स्तर बढ़ने की संभावना व्यक्त की जा रही है। मौसम विभाग ने अभी आंधी-तूफान का भी अलर्ट जारी किया है। दिल्ली में गुरुवार को न्यूनतम तापमान 8.2 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो इस मौसम में औसत तापमान से 1.2 डिग्री कम है। आईएमडी के अनुसार, दिनभर हवाएं तेज चलने की संभावना है। अधिकतम तापमान करीब 25 डिग्री सेल्सियस रहने का अनुमान है।
दिल्ली में कितना प्रदूषण
सीपीसीबी के अनुसार, दिल्ली में सुबह 9 बजे दिल्ली का एक्यूआई 180 दर्ज किया गया। एक्यूआई शून्य से 50 के बीच अच्छा , 51 से 100 संतोषजनक , 101 से 200 'मध्यम', 201 से 300 'खराब', 301 से 400 'बहुत खराब' और 401 से 500 के बीच गंभीर श्रेणी में माना जाता है।
यूपी में कल का मौसम कैसा रहेगा
उत्तर प्रदेश में पिछले 24 घंटों में दिल्ली से सटे इलाकों में बारिश दर्ज की गई, जिससे एक बार फिर ठंड बढ़ गई। मौसम विभाग ने आने वाले 24 घंटों में पश्चिमी विक्षोभ के असर से तेज हवाएं और बारिश की संभावना व्यक्त की है। अगर ऐसे में बारिश होती है तो किसानों की रबी की फसल को काफी फायदा होगा। आईएमडी ने मुजफ्फरनगर, बिजनौर, रामपुर, बरेली, पीलीभीत, सहारनपुर और मुरादाबाद में बारिश का अलर्ट जारी किया था, लेकिन ये पूर्वानुमान उतना सटीक नहीं रहा है। 8 फरवरी को पश्चिमी विक्षोभ के कारण बारिश से न्यूनतम तापमान 2 से 3 डिग्री सेल्सियस तक कमी दर्ज की जाएगी। यूपी में अधिकतर इलाकों में मौसम साफ रहने का अनुमान है।
बिहार में कैसा है मौसम
बिहार में दिन में धूप खिली रहने से ठंड से काफी राहत है। हालांकि, मौसम विभाग ने अगले 2 दिन तक मौसम में बदलाव आने की संभावना है, जिससे सर्दी का एहसास होगा। आईएमडी ने कहा है कि राज्य के दक्षिणी भागों में कोहरे और आंशिक रूप से बादलों की आवाजाही बनी रहेगी। पटना, वैशाली, दरभंगा, मुजफ्फरपुर, गया, मधुबनी, शिवहर, किशनगंज, अररिया, हाजीपुर, राजगीर समेत कई जिलों में घना कोहरा छाए रहने की संभावना है। इस दौरान पछुआ हवाएं भी चल रही हैं, जिससे मौसम शुष्क नजर आ रहा है। राज्य में बारिश को लेकर कोई बड़ा अलर्ट नहीं है।
हरियाणा-पंजाब का मौसम कैसा है
हरियाणा और पंजाब के मौसम में भी उतार चढ़ाव देखा जा रहा है। 8 परवरी को पश्चिम विक्षोभ के कारण बादल छाए और बारिश का अलर्ट है, लेकिन यह पूर्वानुमान कितना कारगर साबित होगा इसके बारे में कुछ कहा नहीं जा सकता। 9 से 11 फरवरी तक बारिश पंजाब-हरियाणा बॉर्डर की ओर शिफ्ट हो सकती है। 9 और 10 फरवरी को बादल छाए रहने की संभावना है। हालांकि, राज्य के ज्यादातर हिस्सों में धूप खिली और तेज पछुआ हवाएं चल रही हैं, जिससे सर्दी गर्मी दोनों का एहसास हो रहा है।
राजस्थान का मौसम कैसा है?
राजस्थान के अनेक भागों में सर्दी का दौर जारी है। बीते चौबीस घंटे में जयपुर व कोटा संभाग में कई जगह शीतलहर दर्ज की गई। मौसम विभाग के अनुसार इस दौरान निम्नतम न्यूनतम तापमान सीकर जिले के फतेहपुर में 02.8 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। इसके अलावा न्यूनतम तापमान सीकर में 3.5 डिग्री, नागौर और लूणकरणसर में 3.8 डिग्री, करौली में 4.4 डिग्री, दौसा में 5.1 डिग्री और संगरिया में 5.2 डिग्री रहा। राज्य भर में कई जगहों पर न्यूनतम तापमान 10 डिग्री से नीचे दर्ज किया गया। राजधानी जयपुर में अधिकतम व न्यूनतम तापमान क्रमश: 24.9 डिग्री व 10.4 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।
हिमाचल में आंधी-तूफान का अलर्ट
हिमाचल प्रदेश के ऊंचे इलाकों में बर्फबारी दर्ज की गई। मौसम विभाग ने कुछ जिलों में आंधी और बिजली गिरने का 'येलो' अलर्ट जारी किया है। मौसम विभाग के अनुसार, शिमला, कुल्लू, किन्नौर, लाहौल और स्पीति तथा चंबा जिलों में कुछ स्थानों पर हिमपात हुआ। शिमला जिले के प्रसिद्ध पर्यटन स्थल नारकंडा और कुफरी, चंबा के डलहौजी और कुल्लू जिले के मनाली और आसपास के इलाकों में हिमपात हुआ। मंडी जिले के सेराज, पराशर, शिकारी और कमरूनाग से भी हिमपात की खबरें मिलीं।
हिमाचल में कितना तापमान है?
आईएमडी के अनुसार, कोठी में 33 सेमी, गोंदला में 11 सेमी, केलांग में 9 सेमी, कुकुमसेरी में 8.3 सेमी, भरमौर में 8 सेमी, मनाली में 7.4 सेमी, जोत में 6 सेमी, कल्पा में 5.1 सेमी और शिल्लारू तथा खद्राला में 5 सेमी हिमपात हुआ। शिमला शहर में ओलावृष्टि हुई, जबकि आसपास के जुब्बड़हट्टी और कुफरी में क्रमशः 8.3 सेमी और 4 सेमी बर्फ गिरी। इसके बाद कसोल में 30 मिमी, करसोग में 24.3 मिमी, भुंतर में 21.4 मिमी, जोगिंद्रनगर में 19 मिमी, बंजार में 18.2 मिमी, शिमला में 16.2 मिमी और गोहर में 16 मिमी बारिश हुई। शिमला, जुब्बड़हट्टी, कांगड़ा, जोत, भुंतर, पालमपुर और सुंदरनगर में गरज के साथ वर्षा हुई। आईएमडी ने कुछ हिस्सों में आंधी और बिजली गिरने के लिए येलो अलर्ट जारी किया है।
शनिवार से एक नया पश्चिमी विक्षोभ उत्तर-पश्चिम भारत को प्रभावित करने की संभावना है। लाहौल और स्पीति के जनजातीय क्षेत्र में स्थित ताबो राज्य का सबसे ठंडा स्थान रहा, जहां न्यूनतम तापमान शून्य से नीचे 4.3 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जबकि ऊना 24 डिग्री सेल्सियस तापमान के साथ सबसे गर्म स्थान रहा। एक जनवरी से पांच फरवरी तक राज्य में वर्षा की कमी 73 प्रतिशत रही, हिमाचल प्रदेश में 26 मिमी वर्षा हुई जबकि सामान्य वर्षा 96.7 मिमी होती है।
कश्मीर में कैसा है मौसम
जम्मू-कश्मीर में दिन में धूप और रात में तापमान माइनस डिग्री सेल्सियस से नीचे दर्ज किया जा रहा। तेज हवाएं बहने से कोल्ड डे की स्थिति है। ऊंचाई वाले स्थानों पर बर्फबारी हो रही है, जिससे तापमान माइनस डिग्री सेल्सियस से नीचे बना हुआ है। डावर, कंजालवान, नीरू, बागतोर और तुलैल में चार इंच तक बर्फबारी दर्ज की गई थी। हालांकि, श्रीनगर के ऊंचाई वाले इलाकों में हिमपात और मैदानी इलाकों में बारिश से कश्मीर घाटी में लंबे समय से जारी शुष्क मौसम का दौर खत्म हो चुका है। आगे आने वाले दिनों में आईएमडी ने पश्चिमी विक्षोभ से बादलों के छाए रहने और वर्षा की संभावना व्यक्त की है।
महाराष्ट्र में कैसा है मौसम
महाराष्ट्र के ज्यादातर हिस्सों में गर्मी का एहसास हो रहा है। उप राजधानी नागपुर, कोल्हापुर, औरंगाबाद, जलगांव, ठाणे, पुणे, रत्नागिरी, रायगढ़, हिंगोली, बदलापुर, उल्लासनगर और सिंधदुर्ग जिलों में तापमान बढ़ता जा रहा है। यहां न्यूनतम तापमान 23 डिग्री और अधिकतम 28 डिग्री सेल्सियस के आसपास है। आईएमडी ने राजधानी मुंबई में बादल छाए रहने के साथ बूंदाबांदी का पूर्वानुमान जारी किया है। फिलहाल, मुंबई में न्यूनतम तापमान 24°C और अधिकतम 28°C डिग्री सेल्सियस है। लेकिन, 15 फरवरी तक तेज गर्मी का एहसास होगा। अभी प्रदूषण की लेयर भी दिख रही है, जिससे लोगों को सांस लेने में समस्या हो रही है।
कोल्ड डे क्या है?
कश्मीर-हिमाचल प्रदेश के कई इलाकों में कोल्ड डे जारी है। लोग जानना चाहते हैं कि Cold Day क्या होता है? तो बता दें कि आईएमडी के मुताबिक, कोल्ड डे तब माना जाता है, जब न्यूनतम तापमान 10 डिग्री सेल्सियस या उससे कम रहे और अधिकतम तापमान सामान्य से कम से कम 4.5 डिग्री सेल्सियत कम दर्ज किया जाए। उन दिनों को कोल्ड डे में काउंट करते हैं। इस दौरान दिन और रात के तापमान में अधिक अंतर नहीं होता है, लिहाजा लोगों को सर्दी से राहत की उम्मीद कम रहती है। इसके अभी और जारी रहने के संकेत हैं।
