Aaj Ka Mausamm (आज का मौसम कैसा रहेगा) : मौसम के लिहाज से अगले 24 से 48 घंटे काफी अहम हैं। खासकर, उत्तर भारत और पहाड़ी राज्यों में सिहरन वाली सर्दी में इजाफा होने के संकेत हैं। आईएमडी ने 3 जनवरी को पश्चिमी विक्षोभ के असर से लद्दाख, जम्मू-कश्मीर, हिमाचल प्रदेश और उत्तराखंड के कुछ हिस्सों पर आसमान पर बादल छाए रहने एवं कहीं-कहीं बारिश के साथ बर्फबारी की संभावना जताई है। मौसम विभाग ने 3 से 6 जनवरी तक हरियाणा, पंजाब, दिल्ली, राजस्थान, दिल्ली, उत्तर प्रदेश, मध्य प्रदेश एवं बिहार में तेज शीतलहर चलने और घने कोहरे में इजाफा होने का पूर्वानुमान जताते हुए न्यूनतम तापमान में कमी आने की बात कही है। इनमें से कई राज्यों में कोल्ड डे जैसे हालात बन रहे हैं, जिससे गलन वाली सर्दी का एहसास होगा। स्काईमेट ने अगले 24 घंटे के दौरान तमिलनाडु में गरज चमक, बारिश और आकाशीय बिजली गिरने का अलर्ट जारी किया है। उधर, पूर्वोत्तर के राज्यों, महाराष्ट्र एवं गुजरात में भी कोहरा बढ़ने का अनुमान है।
राजस्थान में मौसम
राजस्थान में कई जिलों में पश्चिमी विक्षोभ के असर से बारिश दर्ज की गई, जिससे न्यूनतम तापमान में बढ़ोतरी दर्ज की गई। जयपुर मौसम केंद्र में कहीं-कहीं पर हल्की बारिश का अनुमान है। आईएमडी ने बताया कि प्रतापगढ़ में अधिकतम तापमान 25 डिग्री और न्यूनतम तापमान सिरोही में 7 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया एवं अधिकांश भाग कोहरे की चादर में लिपटे नजर आ रहे हैं। अगले कुछ दिन अधिकतर भागों में घने से अतिघना कोहरा छाया रहेगा और इस दौरान विजिबिलिटी 100 मीटर से भी कम रह सकती है, जिससे वाहनों की गति धीमी रहेगी। मौसम विभाग का अनुमान है कि अब अधिकतम तापमान में 3-4 डिग्री सेल्सियस की गिरावट होने की संभावना है। 4 से 6 जनवरी के दौरान न्यूनतम तापमान 2 से 4 डिग्री दर्ज होने और शीतलहर चलने का अनुमान व्यक्त किया गया है।
| शहर का नाम | न्यूनतम तापमान | अधिकतम तापमान |
| दिल्ली | 8°C | 18°C |
| मुंबई | 21°C | 27°C |
| चंडीगढ़ | 8°C | 17°C |
| जयपुर | 8°C | 19°C |
| भोपाल | 12°C | 24°C |
| पटना | 10°C | 20°C |
| लखनऊ | 9°C | 20°C |
| कोलकाता | 12°C | 23°C |
| देहरादून | 5°C | 15°C |
| शिमला | 2°C | 10°C |
| कश्मीर | -2°C | 6 °C |
दिल्ली में कैसा रहेगा मौसम
दिल्ली-एनसीआर में मौसम काफी सर्द है। दिन में हल्की हवाएं बह रही हैं, जिससे सिहरन वाली सर्दी परेशान कर रही है। मौसम विभाग के मुताबिक, 5 जनवरी तक कोल्ड डे की स्थिति बन रही है, जिससे सर्दी के ग्राफ में और इजाफा हो सकता है। वीकेंड पर न्यूनतम तापमान 4 से 6 डिग्री सेल्सियस नीचे जा सकता है जाता है और अधिकतम तापमान सामान्य से 4.5 डिग्री सेल्सियस कम होने पर शीत दिवस की स्थिति बन सकती है। फिलहाल, अगले कुछ दिन तक दिल्ली में रात और सुबह के समय घने से बहुत घना कोहरा समस्याएं पैदा कर सकता है। फिलहाल, प्रदूषण से राहत की उम्मीद नहीं है। एक्यूआई 350 से 400 के आसपास रह सकता है। अगले 5 दिन तक हवा की क्वालिटी बहुत खराब श्रेणी में बनी रहने की संभावना है।
पंजाब-हरियाणा का मौसम
पहाड़ों से आ रहीं बर्फीली हवाओं के कारण पंजाब में शीतलहर चलने से न्यूनतम तापमान गिरता जा रहा है और घने कोहरे के कारण विजिबिलिटी कम होती जा रही है, जिससे ट्रेनें, सड़क यातायात धीमा पड़ गया है। आईएमडी के मुताबिक, शनिवार-रविवार को चंडीगढ़ में न्यूनतम तापमान 9 डिग्री, अमृतसर में 8.5 डिग्री, लुधियाना में 10 डिग्री, पटियाला में 11 डिग्री, पठानकोट में 8.5, बठिंडा 10, फरीदकोट में 9, गुरदासपुर में 7 और एसबीएस नगर में 6.5 डिग्री सेल्सियस के आसपास रहने की संभावना जताई है। वहीं, हरियाणा में शीतलहर और सूरज की लुकाछिपी के बीच नारनौल 4 डिग्री, अंबाला में 10 डिग्री, हिसार में12 डिग्री, करनाल में 10 डिग्री, रोहतक में 10 डिग्री, भिवानी 5 और सिरसा में 10 डिग्री सेल्सियस रहने का अनुमान है।
जम्मू-कश्मीर में मौसम का हाल
जम्मू-कश्मीर में पिछले दिनों बारिश एवं बर्फबारी के बाद आसमान साफ होने से न्यूनतम तापमान में गिरावट दर्ज की गई है। हालांकि, मौसम विभाग ने अगले 48 घंटों के लिए बादल छाए रहने का अनुमान जताया है। श्रीनगर में न्यूनतम तापमान एक डिग्री, गुलमर्ग का माइनस 7 और पहलगाम का माइनस 6 डिग्री रहने का अनुमान है। उधर, जम्मू शहर में 6 डिग्री, कटरा शहर का 6.3, बटोटे का 2.5, बनिहाल का माइनस 1 और भद्रवाह का माइनस 2.9 डिग्री सेल्सियस के आसपास रहने की उम्मीद है। फिलहाल, 5 जनवरी तक बारिश को लेकर कोई उम्मीद नहीं है, लेकिन बर्फबारी जारी रहने से न्यूनतम तापमान में बड़ी गिरावट देखी जाएगी। मौसम विभाग ने कहा कि 40 दिन के चिल्लई कलां के दौरान भारी बर्फबारी की संभावना है, जिसका अभी इंतजार है। फिलहाल, श्रीनगर, बडगाम, गांदरबल, अनंतनाग, कुलगाम, पुलवामा, शोपियां, बारामूला, बांदीपोरा और कुपवाड़ा में बर्फबारी का बेसब्री से इंतजार हैं। इधर, हिमाचल प्रदेश और उत्तराखंड में भी बारिश और बर्फबारी को लेकर संभावनाएं हैं। तीनों ही राज्यों में पहाड़ियां घने कोहरे से पट गई हैं।
'चिल्ला-ए-कलां क्या है?
आईएमडी के मुताबिक, जम्मू-कश्मीर में 21 दिसंबर को ‘चिल्ला-ए-कलां’ की दस्तक हो गई है, जिसके प्रभाव से घाटी के छिटपुट स्थानों पर हल्की बारिश या बर्फबारी जारी रहेगी। दरअसल ‘चिल्ला-ए-कलां’ सर्दियों के मौसम का सबसे भारी समय होता है। यह 21 दिसंबर से शुरू होता है 29 या 31 जनवरी तक जारी रहता है। 'चिल्ला-ए-कलां' के 40 दिनों के दौरान बर्फबारी की संभावना सबसे अधिक होती है और तापमान में काफी गिरावट आती है। इस दौरान घाटी में नदी, नाले, पाइप लाइन और जल स्त्रोत जम जाते हैं क्योंकि न्यूनतम तापमान माइनस 6 से माइनस 8 डिग्री सेल्सियस के बीच गिर जाता है। चिल्लई कलां के दौरान दिन का तापमान दो अंकों से नीचे रहता है, जिससे न्यूनतम और अधिकतम तापमान के बीच का अंतर कम हो जाता है।
कोल्ड डे क्या होता है?
उत्तरी राज्यों में भीषण सर्दी के कारण कोल्ड डे की स्थिति बनती जा रही है। लोग जानना चाहते हैं कि Cold Day क्या होता है? तो बता दें कि आईएमडी के मुताबिक, कोल्ड डे तब माना जाता है, जब न्यूनतम तापमान 10 डिग्री सेल्सियस या उससे कम रहे और अधिकतम तापमान सामान्य से कम से कम 4.5 डिग्री सेल्सियत कम दर्ज किया जाए। उन दिनों को कोल्ड डे में काउंट करते हैं। इस दौरान दिन और रात के तापमान में अधिक अंतर नहीं होता है, लिहाजा लोगों को सर्दी से राहत की उम्मीद कम रहती है। इसके अभी और जारी रहने के संकेत हैं।
