Kal Ka Mausam (कल का मौसम कैसा रहेगा): देश के हर कोने में इन दिनों मानसून का खुमार चढ़ा हुआ है। आलम तो यह है कि बारिश को राहत का नाम दिया जाए कि आफत का। ऐसे में मौसम विभाग (IMD) ने देश के कई राज्यों के लिए भारी बारिश का अलर्ट जारी किया है। दिल्ली, राजस्थान, मध्य प्रदेश, उत्तर प्रदेश, बिहार, हिमाचल प्रदेश और महाराष्ट्र जैसे राज्यों में तेज बारिश लोगों के लिए परेशानी का कारण बन सकती है। हालांकि इस बारिश से भीषण गर्मी और उमस से कुछ राहत जरूर मिलेगी, और तापमान में गिरावट देखी जा सकती है। बिहार के कई जिलों में नदियों का जलस्तर तेजी से बढ़ रहा है। वहीं उत्तर प्रदेश के प्रयागराज में गंगा और यमुना नदियों का जलस्तर भी लगातार बढ़ रहा है, जिससे बाढ़ की आशंका बनी हुई है।
IMD की वेदर रिपोर्ट के मुताबिक, अगले कुछ दिनों में देश के विभिन्न हिस्सों में भारी से अत्यधिक भारी बारिश की संभावना जताई गई है। 29 जुलाई को पूर्वी राजस्थान में, गुजरात और पश्चिमी मध्य प्रदेश के कुछ हिस्सों में अत्यधिक भारी बारिश हो सकती है। वहीं, अगले चार दिनों के दौरान मध्य प्रदेश और राजस्थान में भारी से बहुत भारी वर्षा की आशंका है। अरुणाचल प्रदेश, असम और मेघालय में भी अगले सात दिनों तक लगातार भारी से बहुत भारी बारिश जारी रह सकती है। खासकर कल 28 जुलाई को मेघालय के कुछ स्थानों पर अत्यधिक भारी वर्षा की चेतावनी दी गई है। इसके अलावा, 31 जुलाई तक बीच पश्चिमी हिमालयी क्षेत्र और अगले 2-3 दिनों के दौरान उससे सटे मैदानी इलाकों में भी भारी से बहुत भारी वर्षा की संभावना बनी हुई है।
दिल्ली में कल कैसा रहेगा मौसम
राजधानी दिल्ली में कल यानी 29 जुलाई को हल्की से मध्यम बारिश का अलर्ट जारी किया गया है। मौसम विभाग का कहना है कि अगले 3 दिन हल्की से मध्यम बारिश हो सकती है, जिससे लोगों को सतर्क रहने की जरूरत है। गौरतलब यह भी है कि तापमान में कमी होगी लेकिन लोगों को उमस की मार झेलनी पड़ सकती है। चिंता की बात यह भी है कि शाम को बारिश हुई तो ट्रैफिक जाम की स्थिति बन सकती है।
उत्तर प्रदेश में कल का मौसम
29 जुलाई को प्रदेश के कई जिलों में मूसलाधार बारिश का अलर्ट जारी किया गया है। विशेष रूप से सहारनपुर, शामली, मुजफ्फरनगर और बिजनौर में भारी बारिश की संभावना है। इसके अतिरिक्त बागपत, मेरठ, मोरादाबाद, रामपुर, अलीगढ़, एटा, आगरा, बरेली, कांशीराम नगर सहित अन्य जिलों में भी वज्रपात और आकाशीय बिजली के साथ भारी वर्षा का पूर्वानुमान है।
बिहार में कल मौसम कैसा रहेगा
राज्य में भी मौसम का रौद्र रूप देखने को मिल सकता है। कल बिहार के पटना, पूर्वी-पश्चिमी चंपारण, सीतामढ़ी, मुजफ्फरपुर, दरभंगा, समस्तीपुर, सिवान, सारण, बेगूसराय, नालंदा, खगड़िया, मधेपुरा, जहानाबाद, लखीसराय और मुंगेर जिलों में तेज बारिश के साथ वज्रपात और आकाशीय बिजली की चेतावनी जारी की गई है।
राजस्थान में कल का मौसम
मौसम विभाग ने राज्य के कई हिस्सों में 29 जुलाई को तेज बारिश का पूर्वानुमान है। भरतपुर, करौली, धौलपुर, झालावाड़ में तेज हवाओं के साथ भारी बारिश की चेतावनी है। वहीं जयपुर, अजमेर, श्रीगंगानगर, जोधपुर, बीकानेर, चुरु, झुंझुनू, पाली, नागौर, भिलवाड़ा, सीकर, सिरोही, जालौर, राजसमंद में भी अच्छी बारिश की संभावना जताई गई है।
मध्य प्रदेश में 29 जुलाई का मौसम
बात अगर एमपी के मौसम की करें तो यहां पर मौसम विभाग ने मोरेना, भिंड, शिवपुरी, अशोकनगर, सागर, विदिशा, रायसेन, सीहोर, होशंगाबाद, छतरपुर में भारी बारिश की संभावना है। वहीं गुना, ग्वालियर, दतिया, टीकमगढ़, निवाड़ी जिलों में मध्यम से तेज बारिश हो सकती है।
पहाड़ी राज्यों का मौसम
उत्तराखंड के रुद्रप्रयाग, चमोली, नैनीताल, पिथौरागढ़ और बागेश्वर जिलों में भारी वर्षा की चेतावनी दी गई है। हिमाचल प्रदेश के शिमला, कांगड़ा, मंडी, कुल्लू और लाहौल-स्पीति में तेज हवाओं के साथ भारी बारिश का अलर्ट है। साथ ही सोलन, चंबा, किन्नौर, ऊना, बिलासपुर और हमीरपुर में भी भारी वर्षा की संभावना है।
30 जुलाई 2025 का मौसम
मौसम विभाग के मुताबिक आगामी 30 जुलाई को देश के अधिकांश हिस्सों में बादल छाए रहने की संभावना है। इसके साथ ही गरज और बिजली के साथ हल्की से मध्यम बारिश हो सकती है। अधिकतम तापमान 30 से 32 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 23 से 25 डिग्री सेल्सियस के बीच रह सकता है। न्यूनतम तापमान सामान्य से 1–2 डिग्री कम और अधिकतम तापमान सामान्य से 2–4 डिग्री कम रहेगा। सुबह के समय मुख्य सतही हवाएं पूर्व दिशा से 10 किमी प्रति घंटे से कम गति से चलेंगी, जो दोपहर में दक्षिण-पूर्व दिशा से 20 किमी प्रति घंटे तक की गति पकड़ सकती हैं। शाम/रात में यह गति घटकर 15 किमी प्रति घंटे से कम रह जाएगी।
