कल का मौसम कैसा रहेगा : देश के कई राज्यों में मौसम ने एक बार फिर से करवट ली है। उत्तर भारत में पिछले 48 घंटे से बादलों की आवाजाही जारी है और उत्तर प्रदेश में भारी बारिश रिकॉर्ड की जा रही है। मौसम विभाग का पूर्वानुमान है कि अगले दो दिन तक दिल्ली-एनसीआर, राजस्थान, हरियाणा, पंजाब, बिहार और यूपी के कई हिस्सों पर मेघ गर्जन, तेज आंधी के साथ मध्यम से भारी बारिश हो सकती है। इस दौरान आकाशीय बिजली गिरने, नदियों के जलस्तर में बढ़ोतरी का खतरा है। वहीं, पहाड़ों पर खासकर, उत्तराखंड के अधिकांश जिलों में बादल फटने, मूसलाधार वर्षा की चेतावनी है, जबकि हिमाचल प्रदेश के कई हिस्सों पर हल्की मौसमी गतिविधियां होने का अलर्ट है। लोगों को हिल्स एरिया से दूर और लैंडस्लाइट के खतरे से अवगत कराया गया है। हालांकि, लेह और जम्मू-कश्मीर में बादल छाए रहने का अनुमान है। उधर, दक्षिण भारत में कम लेकिन पूर्वोत्तर में अगले दो दिन फिर से मानसून के सक्रिय होने की बात कही जा रही है।
यूपी में बारिश होगी क्या
उत्तर प्रदेश के कई हिस्सों में भारी बारिश जारी है। आईएमडी ने लखनऊ समेत कई जिलों में बादल थमने का नाम नहीं ले रहे हैं। रविवार तक तेज हवाएं चलने का अनुमान व्यक्त किया है। खासकर, गोरखपुर, कुशीनगर, आजमगढ़, बलिया, गाजीपुर, मऊ, महाराजगंज, देवरिया, संत कबीर नगर, सिद्धार्थ नगर, बस्ती, बलरामपुर, अंबेडकर नगर, प्रतापगढ़, सुलतानपुर, अयोध्या, गोंडा, श्रावस्ती, सीतापुर, लखीमपुर खीरी, बहराइच, हरदोई, लखनऊ, उन्नाव, रायबरेली, बाराबंकी, फतेहपुर, कानपुर नगर, बांदा, कौशांबी और चित्रकूट सहित कई जिलों में मेघ गर्जन के साथ मध्यम से भारी बारिश रिकॉर्ड की जा सकती है। अत्यधिक पानी के जमाव से अचानक बाढ़ का खतरा बढ़ सकता है। कई हिस्सों पर आकाशीय बिजली गिरने का अलर्ट है।
राजस्थान में बारिश की एंट्री
राजस्थान में एक नया पश्चिमी विक्षोभ सक्रिय है, जिसके प्रभाव से रविवार से हल्की से मध्यम बारिश होने का अनुमान है। जयपुर मौसम केंद्र के अनुसार पूर्वी राजस्थान के अधिकतर जिलों में अगले एक-दो दिन मौसम सूखा रहेगा, लेकिन भरतपुर, जयपुर संभाग और शेखावाटी क्षेत्र के कुछ भागों में 27 से 29 सितंबर के दौरान हल्की से मध्यम बारिश होने की संभावना है। इसी तरह पश्चिमी जिलों में आगामी दो-तीन दिन मौसम सूखा रहेगा। हालांकि, एक नए पश्चिमी विक्षोभ के प्रभाव से 28 और 29 सितंबर को बीकानेर संभाग में कहीं-कहीं हल्की बारिश होने की संभावना है। सलूम्बर, धौलपुर और नागौर जिलों में कहीं-कहीं हल्की बारिश हो रही है।
दिल्ली-एनसीआर में कैसा है मौसम
दिल्ली-एनसीआर में बादल छाए हुए हैं और कुछ हिस्सों पर हल्की बारिश रिकॉर्ड की गई, जिससे तापमान में कई डिग्री सेल्सियस की कमी आने से मौसम सर्द सा हो गया है। मौसम विभाग नें येलो अलर्ट जारी करते हुए बताया है कि 27 सितंबर तक एनसीआर के अधिकांश जिलों में मौसम का मिजाज बिगड़ा रहेगा और हल्की से मध्यम स्तर की बारिश रिकॉर्ड की जाएगी। इस दौरान न्यूनतम तापमान 22 डिग्री सेल्सियस और अधिकतम तापमान 29 डिग्री सेल्सियस रहने का अनुमान है। इस दौरान गरज के साथ छींटे पड़ने, बिजली चमकने और 30 से 40 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चलने की संभावना है। मौसमी गतिविधियों के कारण प्रदूषण के स्तर में गिरावट जारी रहेगी। एक्यूआई गिरकर 70 के आसपास पहुंच गया है।
उत्तराखंड में कैसा रहेगा मौसम
उत्तराखंड में नए पश्चिमी विक्षोभ के प्रभाव से भारी बारिश का दौर शुरू हो सकता है। चारधाम यात्रा 27 सितंबर तक के लिए स्थगित कर दी गई। फिलहाल, राज्य के अधिकतर हिस्सों में सुबह से भारी बारिश हो रही है, जबकि ऊंचाई वाले इलाकों में रुक-रुककर बर्फबारी भी हुई। आईएमडी ने नैनीताल, बागेश्वर, पिथौरागढ़, चंपावत और ऊधमसिंह नगर के लिए रेड अलर्ट जारी किया है, जबकि देहरादून, पौड़ी, रुद्रप्रयाग, चमोली और अल्मोड़ा के लिए ऑरेंज अलर्ट तथा हरिद्वार, उत्तरकाशी और टिहरी के लिए ’येलो अलर्ट’ जारी किया गया है। पहाड़ी क्षेत्रों में भूस्खलन और सड़कें बाधित होने, नदियों में जलस्तर बढ़ने तथा मैदानी इलाकों में जलभराव का खतरा है।
छत्तीसगढ़ में कैसा है मौसम
छत्तीसगढ़ में पिछले 48 घंटे से लगातार भारी बारिश का दौर जारी है, जिससे राज्य के कई हिस्सों पर जलभराव जैसी समस्याओं का सामना करना पड़ रहा है। भारी बारिश के कारण स्कूलों में अवकाश रखने के निर्देश दिए गए हैं। भारी बारिश के कारण कई क्षेत्रों में जलभराव, नदी-नालों के जलस्तर में बढ़ोतरी की संभावना है। उधर, झारखंड के कुछ हिस्सों पर हल्की से मध्यम स्तर की बारिश होने की संभावना है।
