शहर

अगले 45 घंटे में मौसम होगा तूफानी, 13 राज्यों में आंधी-पानी, ओलावृष्टि; लू-बिजली से रखें सावधानी

देशभर में अगले 3 दिन तापमान में बढ़ोतरी और लू चलने का खतरा जताया गया है। इस बीच महाराष्ट्र, गुजरात के साथ दक्षिण भारत और पूर्तोत्तर के राज्यों में तेज आंधी-तूफान, मेघ गर्जन व बारिश को लेकर बड़ा अलर्ट घोषित किया गया है। आईएमडी ने अप्रैल के अंतिम सप्ताह तक उत्तर भारत में बारिश के संकेत दिए हैं। हालांकि, 24 अप्रैल से पहाड़ों पर नए वेस्टर्न डिस्टर्बेंस के प्रभाव से हिमाचल प्रदेश, जम्मू-कश्मीर और उत्तराखंड के कुछ भागों बारिश-बर्फबारी और ओलावृष्टि का पूर्वानुमान है।

Image

मौसम आज-कल

मौसम विभाग का पूर्वानुमान है कि अप्रैल का आखिरी सप्ताह मौसमी गतिविधियों से भरा रह सकता है, लेकिन अभी गर्मी और लू का सामना करना होगा। शुक्रवार तक समूचे उत्तर भारत में पारा चढ़ेगा और दिल्ली, हरियाणा, पंजाब, राजस्थान, उत्तर प्रदेश, बिहार, मध्य प्रदेश, झारखंड और ओडिशा में गर्म हवाएं बहेंगी और हीटवेव का अलर्ट जारी रहेगा। अगले 36 घंटों के दौरान पहाड़ों पर एक नया पश्चिमी विक्षोभ सक्रिय होने जा रहा है, जिसके प्रभाव से उत्तराखंड, हिमाचल प्रदेश और जम्मू-कश्मीर के कुछ हिस्सों पर 40 से 50 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से हवाएं चलेंगी और गरज-चमक के साथ बारिश-बर्फबारी और ओले गिर सकते हैं। स्काईमेट ने बताया कि दक्षिण भारत में एक नया मौसमी तंत्र एक्टिव होने जा रहा है, जिसके असर तमिलनाडु, केरल, कर्नाटक, अंडमान और निकोबार द्वीप समूह और पश्चिमी घाट के हिस्सों पर तूफानी हवाओं के साथ बारिश मौसम को प्रभावित करेगी। वहीं, पूर्वोत्तर के पांच राज्यों में अगले 4 दिन तक भारी बारिश के संकेत मिल रहे हैं।

यूपी में कल मौसम कैसा रहेगा

उत्तर प्रदेश में गर्मी का सितम बढ़ता जा रहा है। मौसम विभाग का अनुमान है कि 23 से 25 अप्रैल तक प्रदेश के अधिकांश जिलों में गर्मी और लू की स्थितियां रहेंगी। खासकर, बुंदेलखंड में अधिकतम पारा रिकॉर्ड तोड़ने के करीब पहुंच सकता है। फिलहाल, बांदा में यह 45 डिग्री सेल्सियस के आसपास है और झांसी उसके बाद दूसरे नंबर पर। सुबह सूरज निकलते ही चिलचिलाती धूप परेशान करती और दिनभर गर्म हवाएं थपेड़े मार रही हैं। ये हाल अप्रैल माह में हैं तो मई का हाल कैसा होगा। कयास लगाए जा रहे हैं कि महीने के आखिरी में बादलों की आवाजाही हो, जिससे गर्मी से त्वरित राहत मिलेगी।

बिहार में कैसा रहेगा मौसम

बिहार में मौसम का टॉर्चर लगातार जारी है। कई जिलों में अधिकतम तापमान 40 डिग्री सेल्सियस या उससे ऊपर पहुंच गया है, जिससे लोगों को भीषण गर्मी और लू का सामना करना पड़ रहा है। मौसम विभाग के मुताबिक, अगले कई दिनों तक मौसम साफ रहेगा और बारिश को लेकर कोई संभावना नहीं है। हालांकि, राज्य किशनगंज, अररिया, पूर्णिया और कटिहार में आंशिक तौर पर बादलों की आवाजाही के संकेत हैं। कहीं-कहीं आंधी की स्थितियां बन सकती हैं।

दिल्ली-एनसीआर में कल मौसम

दिल्ली-एनसीआर में मौसम काफी गर्म है। लगातार तापमान बढ़ता जा रहा है और हीटवेव का अलर्ट जारी है। न्यूनतम और अधिकतम तापमान में बढ़ोतरी हो रही है। फिलहाल मैक्सिमम टेंपरेचर 41 से 43 डिग्री सेल्सियस पहुंच गया है। आईएमडी के मुताबिक, अगले कुछ दिनों तक मौसम साफ रहेगा और 20 से 30 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से हवाएं चलेंगी। वहीं, हवा की क्वालिटी में कोई सुधार नहीं है। सीपीसीबी के मुताबिक, कई हिस्सों पर एक्यूआई 220 के आसपास है, जो खराब श्रेणी में आता है।

राजस्थान में भीषण गर्मी का अलर्ट

राजस्थान में लगातार तापमान ऊपर चढ़ता जा रहा है। आईएमडी ने बताया कि बुधवार को कई स्थानों पर तापमान 40 डिग्री सेल्सियस से ऊपर रहा। खासकर, श्रीगंगानगर सबसे गर्म जिला रहा, जहां तापमान 43.7 डिग्री रिकॉर्ड किया गया, जबकि झुंझुनूं के पिलानी में 42.7 डिग्री, चित्तौड़गढ़ में 42.6 डिग्री, चुरू में 42.2, कोटा में 42.4 डिग्री सेल्सियस बना हुआ है। वहीं, राजधानी जयपुर में भीषण गर्मी का सामना करना पड़ रहा है। मौसम विभाग का मानना है कि अगले दिनों में तापमान में और बढ़ोतरी होगी।

उत्तराखंड का मौसम कैसा है

मौसम विभाग ने बताया कि अगले 2 दिन उत्तराखंड के अधिकांश जिलों में मौसम साफ रहेगा, लेकिन 24 अप्रैल से एक नए वेस्टर्न डिस्टर्बेंस के एक्टिव होने के आसार हैं, जिसके प्रभाव से बागेश्वर, उत्तरकाशी, चमोली, पिथौरागढ़ और रूद्रप्रयाग के ऊंचाई वाले हिस्सों पर आंधी-तूफान की वापसी हो सकती है। आईएमडी ने 4000 मीटर से अधिक ऊंचाई वाले भागों पर बर्फबारी का अलर्ट घोषित किया है और कई स्थानों पर मेघ गर्जन के साथ बारिश और ओलावृष्टि होने का खतरा रहेगा। ये मौसमी गतिविधियां 25 अप्रैल को भी दर्ज की जाएंगी और अधिकांश भागों पर बादल छाए रहेंगे। हालांकि, मैदानी जिलों पर मौसम साफ रहने का अनुमान है।

हिमाचल प्रदेश का मौसम

हिमाचल प्रदेश में अगले 48 घंटे में एक बार फिर से मौसम बदलेगा और कई स्थानों पर बारिश के साथ बर्फबारी रिकॉर्ड की जाएगी। हालांकि, 23 अप्रैल को मौसम साफ रहेगा। आईएमडी का पूर्वानुमान है कि शुक्रवार-शनिवार को शिमला, कुल्लू, लाहौल स्पीति, चंबा, कांगड़ा, मंडी में तेज हवाओं के झोकों के साथ हल्की बरिश रिकॉर्ड की जाएगी। इस दौरान आकाशीय बिजली कड़कने और ओलावृष्टि का खतरा जताया गया है। मौसम विभाग ने 28 अप्रैल यानी अगले चार दिन तक मौसम खराब रहेगा और लोगों को गर्मी से राहत रहेगी। हालांकि, मैदानी हिस्सों पर मौसम साफ रह सकता है।

जम्मू-कश्मीर में मौसम कैसा है

जम्मू-कश्मीर के कुछ हिस्सों पर मौसम साफ है, लेकिन घाटी और कुछ मैदानी हिस्सों पर बादल छाए हुए हैं। 24 अप्रैल से एक कमजोर वेस्टर्न डिस्टर्बेंस के कारण राज्य के पर्वतीय भागों पर आंधी-बारिश और ओलावृष्टि की चेतावनी है। खासकर घाटी के भागों पर मौसम खराब रह सकता है, जिससे तापमान स्थिर होगा। हालांकि, अभी अधिकतम तापमान 20 डिग्री सेल्सियस से नीचे और न्यूनतम तापमान 10 डिग्री सेल्सियस के आसपास है, जिससे लोगों को अभी भी सर्दी का एहसास हो रहा है। हालांकि, दिन में तापमान सामान्य है। इधर, जम्मू में तापमान 30 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच गया है, जिससे लोगों को गर्मी का एहसास हो रहा है।

पश्चिम बंगाल में आज का मौसम

पश्चिम बंगाल में हीटवेव चलने का अलर्ट घोषित किया गया है। मौसम विभाग के मुताबिक, 28 अप्रैल को गर्मी और बढ़ते तापमान के बीच जलपाईगुड़ी, दार्जिलिंग और कलिम्पोंग उत्तरी बंगाल के कुछ हिस्सों पर मेघ गर्जन के साथ आंधी और बारिश हो सकती है, जिससे लोगों को गर्मी से राहत मिलेगी। फिलहाल, अगले 2 दिन लू की स्थित रहेगी और 2 से 3 डिग्री तापमान बढ़ेगा। फिलहाल, अधिकतम तापमान 43 डिग्री सेल्सियस के आसपास है।

पूर्वोत्तर भारत में आंधी-बारिश का अलर्ट

पूर्वोत्तर भारत में उत्तरी बांग्लादेश और असम के ऊपर एक चक्रवाती परिसंचरण (Cyclonic Circulation) बना हुआ है, जिससे मौसम का मिजाज बदला हुआ है। पिछले कई दिनों से आंधी-तूफान और बारिश के कारण लोगों को परेशानी झेलनी पड़ रही है। स्काईमेट ने अगले 24 के दौरान मेघालय, अरुणाचल प्रदेश, असम, सिक्किम और उप हिमालयी पश्चिम बंगाल भागों पर मौसम खराब रहेगा और मेघ गर्जन के साथ 60 से 70 किलोमीटर की रफ्तार वाली हवाएं चलने, आकाशीय बिजली गिरने और भारी बारिश का अलर्ट घोषित किया है। खराब मौसम के दौरान लोगों को सावधान रहने की सलाह दी गई है। आईएमडी का कहना है ये प्री मानसून के बड़े संकेत हैं।

23 अप्रैल (गुरुवार) का तापमान

शहर का नामन्यूनतम तापमानअधिकतम तापमान
दिल्ली27°C40°C
मुंबई28°C33°C
चंडीगढ़24°C38°C
चेन्नई27°C34°C
बेंगलुरु22°C36°C
कोलकाता27°C38°C
रांची24°C37°C
पटना25°C42°C
लखनऊ26°C43°C
जयपुर25°C39°C
भोपाल26°C40°C
देहरादून19°C31°C
शिमला15°C27°C
कश्मीर10°C21°C

गर्मी कहां पड़ रही

देश के अधिकांश भागों पर तापमान में बढ़ोतरी जारी है। हालांकि, अभी भी हिमालयी राज्यों पर बर्फबारी से मौसम सर्द है, लेकिन उत्तर भारत में न्यूनतम और अधिकतम तापमान बढ़ रहा है। लिहाजा, अगले सप्ताह तक मौसम काफी गर्म महसूस होगा। फिलहाल, दक्षिण भारत, पूर्वोत्तर और गुजरात, महाराष्ट, छत्तीसगढ़, झारखंड, तेलंगाना, आंध्र प्रदेश, केरल, कर्नाटक और तमिलनाडु के अधिकांश भागों पर गर्मी का सिलसिला शुरू हो गया है। जल्द ही कुछ राज्यों में लू और सनबर्न का अलर्ट जारी हो सकता है।

हीटवेव क्या है?

मार्च की शुरुआत से ही अधिकांश राज्यों में तापमान बढ़ता जा रहा है। मौसम विभाग का अनुमान है कि अगले 2 से 4 दिन में तेलंगाना, विदर्भ, मराठवाड़ा, तमिलनाडु और रायमसीला में दिन का तापमान तेजी से बढ़ सकता है। अगले 10 दिन में 40 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच सकता है। मैदानी इलाकों में हीटवेव के 40 डिग्री सेल्सियस या उससे अधिक होना आवश्यक है, जो सामान्य से 4.5 डिग्री सेल्सियस ज्यादा होना चाहिए। तटीय क्षेत्रों के लिए यह सीमा 37 डिग्री सेल्सियस और पहाड़ी क्षेत्रों के लिए 30 डिग्री सेल्सियस निर्धारित है। इस दौरान डीहाइड्रेशन, हीट क्रैम्प्स और जानलेवा हीटस्ट्रोक होने का खतरा बढ़ सकता है। ले चलमे से चक्कर आना, बेहोशी इत्यादि आने की संभावनाएं बढ़ जाती हैं।

सनबर्न क्या होता है?

गर्मी का सीजन शुरू होने के संकेत मिलने लगे है। लिहाजा गर्मियों के सीजन से बचाव के लिए सनबर्न का अलर्ट जारी किया जाता है। दरअसल, एक्सपर्ट के मुताबिक, सनबर्न त्वचा के लिहाज से काफी हानिकारक माना जाता है। चिकित्सीय भाषा में इसे डर्माटाइटिस सोलारिस कहा जाता है। सनबर्न सूरज की यूवी किरणों के अधिक संपर्क में आने से होती है। इससे स्किन पर इरिटेशन होने लगती है, जिससे त्वचा में छाले, सूजन और लाल दाग पड़ने लगते हैं और दर्द महसूस होता है। यानी की अधिकांश केस में स्किन झुलस जाती है, जिससे उसका कलर डार्क प्रतीत होता है।

कब आएगा मानसून?

मौसम विभाग का पूर्वानुमान है कि प्री मानसून जल्द ही दस्तक देख सकता है। हालांकि, जून महीने के दौरान मानसून एंट्री दे सकता है, लेकिन गति थोड़ी धीमी रहेगी और अत्यधिक बारिश की संभावना नहीं है। माना जा रहा है कि जून में उत्तर पश्चिम भारत में भीषण लू और गर्म हवाएं चलेंगी, लेकिन दक्षिण और पूर्वोत्तर में बारिश की गतिविधियां बढ़ने से तीव्र मानसून के आगे बढ़ने के आसार रहेंगे। हालांकि, मानसून सामान्य से कम रहेगा। उत्तर भारत में कम बल्कि पूर्वोत्तर भारत बिहार, पश्चिम बंगाल, असम, मेघालय में बेहतर बारिश को होने की उम्मीद है।

Pushpendra kumar
पुष्पेंद्र कुमारauthor

पुष्पेंद्र कुमार टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल में चीफ कॉपी एडिटर के रूप में सिटी डेस्क पर कार्यरत हैं। जर्नलिज्म में मास्टर्स डिग्री हासिल करने के बाद से वे पिछले 7 वर्षों से सक्रिय पत्रकारिता में जुड़े हैं। इस दौरान उन्होंने 10,000 से अधिक खबरें लिखी हैं। पुष्पेंद्र हाइपर-लोकल मुद्दों, रेलवे, रोड, इंफ्रास्ट्रक्चर, डेवलपमेंट, कृषि और मौसम से जुड़ी खबरों पर गहरी पकड़ रखते हैं। शहर से लेकर गांव-देहात तक की संवेदनशीलताओं को समझते हुए वे लोकल खबरों को ऐसा रूप देते हैं जो न केवल तथ्यपूर्ण होता है, बल्कि पाठकों से भावनात्मक रूप से भी जुड़ता है।

और पढ़ें
End of Article