शहर

19 सितंबर का मौसम : कल बादलों के तांडव से होगी बारिश मूसलाधार, गिरेगी बिजली आफत मचाएगा तूफान; IMD का बड़ा अलर्ट

Kal Ka Mausam, 19 सितंबर 2025, कल का मौसम कैसा रहेगा, Aaj Aur Kal ka Mausam kaisa Rahega : दक्षिण-पश्चिम मानसून (South-West Monsoon) और पश्चिमी विक्षोभ (Western Disturbance) के एक साथ एक्टिव होने से पहाड़ी राज्यों के साथ उत्तर भारत में मौसमी गतिविधियों का सिलसिला जारी रहेगा। शुक्रवार को उत्तराखंड, हिमाचल प्रदेश, उत्तर प्रदेश, बिहार और झारखंड में आंधी-तूफान की संभावनाओं के बीच मूसलाधार बारिश का अलर्ट है। वहीं, दिल्ली, हरियाणा, पंजाब और राजस्थान में भी बादल मेहरबान हो सकते हैं, जिससे मौसम काफी सुहावना रह सकता है।

Image

कल का मौसम

कल का मौसम कैसा रहेगा 19 सितंबर 2025 : उत्तर भारत में अगले कुछ दिन तक मौसम का रुख काफी नर्म रहेगा। एक नए पश्चिमी विक्षोभ (Western Disturbance) के सक्रिय होने से नवरात्र तक विभिन्न राज्यों में तेज हवाओं के साथ बादलों का बरसना जारी रहेगा, जिससे गर्मी और उमस से राहत मिलेगी। मौसम विभाग (IMD) ने अगले 2 दिन तक हरियाणा, पंजाब, दिल्ली-एनसीआर और राजस्थान में तेज हवाओं के साथ हल्की बारिश की संभावना जताई है। उत्तर प्रदेश में एक मौसमी तंत्र के एक्टिव होने से अगले 48 घंटे तक मध्य प्रदेश और बिहार में आंधी-तूफान के साथ मूसलाधार वर्षा का पूर्वानुमान जताया गया है। 19 और 20 सितंबर तक मेघ गर्जन के साथ आकाशीय बिजली गिरने का खतरा बना रहेगा। ऐसी स्थिति में सुरक्षित स्थानों पर रहने की सलाह दी गई है। अगर, बात पहाड़ों की करें तो बादलों का कहर देखने को मिल सकता है। स्काईमेट के हवाले से प्राप्त जानकारी के मुताबिक, उत्तराखंड में बादल फटने (Cloudburst) और हिमाचल प्रदेश एवं जम्मू-कश्मीर के कुछ हिस्सों में बारिश दर्ज की जाएगी, जिससे लैंडस्लाइड और बाढ़ से परेशानियां बढ़ सकती हैं। इसके अतिरिक्त अगले 2 से 3 दिन तक बंगाल की खाड़ी से उठने वाले चक्रवाती परिसंचरण के कारण पश्चिम बंगाल, आंध्र प्रदेश, तेलंगाना, कर्नाटक, झारखंड, विदर्भ, महाराष्ट्र और गुजरात में मेघ झमाझम बरसेंगे।

शहर का नामन्यूनतम तापमानअधिकतम तापमान
दिल्ली 27°C33°C
मुंबई26°C28°C
जयपुर 26°C33°C
भोपाल23°C28°C
लखनऊ25°C29°C
पटना27°C30°C
कश्मीर10°C18°C
शिमला14°C23°C
देहरादून22°C27°C
चेन्नई26°C33°C
बेंगलुरु21°C26°C

यूपी कल का मौसम

उत्तर प्रदेश में पिछले कई दिनों से बादलों की आवाजाही के साथ अच्छी खासी बारिश दर्ज की जा रही है। मौसम विभाग ने 20 सितंबर तक राज्य के अधिकांश भागों में मौसमी गतिविधियां होने का पूर्वानुमान जताया है। इस दौरान मेघ गर्जन के साथ तेज आंधी और आकाशीय बिजली गिरने की चेतावनी है। लखनऊ मौसम केंद्र के मुताबिक, अगले कुछ घंटे के दौरान बुंदेलखंड के झांसी, चित्रकूट, बांदा, हमीरपुर, जालौन और फतेहपुर में छिटपुट बारिश हो सकती है। इसके अलावा कानपुर, कानपुर देहात, औरैया, इटावा, मैनपुरी, हाथरस, अलीगढ़, आगरा, नोएडा, गाजियाबाद, मेरठ, बरेली, पीलीभीत, बहराइच, संत कबीर नगर, गोरखपुर, देवरिया, मऊ, बलिया, फुरसतगंज, प्रयागराज और वाराणसी में मूसलाधार बारिश की संभावना है। इन जिलों में वज्रपात के खतरे से बचकर रहना होगा।

दिल्ली में कल कैसा रहेगा मौसम

दिल्ली-एनसीआर में सूरज की लुकाछिपी के बीच बादलों की भी आवाजाही लगी है। बुधवार को हुई हल्की बारिश से मौसम का मिजाज थोड़ा ठंडा बना हुआ है। आईएमडी ने अगले दो दिनों तक हल्की बारिश की संभावना जताई है, जिससे लोगों को उमस भरी गर्मी से राहत मिलेगी। इस दौरान बादलों के गड़गड़ाहट के साथ आसमानी बिजली चमकेगी। हालांकि, 20 सितंबर से एक बार फिर से तेज धूप निकलने का अनुमान है। मौसम विभाग की मानें तो 18 और 19 सितंबर को आसमान में आमतौर पर बादल छाए रहेंगे और हल्की बारिश दर्ज की जाएगी। इस दौरान न्यूनतम तापमान 24 से 25 डिग्री सेल्सियस और अधिकतम तापमान 34 डिग्री सेल्सियस के बीच रहने का अनुमान है।

दिल्ली-एनसीआर में प्रदूषण कितना है?

दिल्ली-एनसीआर के मौसम में परिवर्तन के बीच वायु गुणवत्ता सूचकांक (AQI) सामान्य स्थिति में बनी रहेगी, जिससे प्रदूषण से थोड़ी राहत रहेगी और लोग शुद्ध हवा में सांस ले सकेंगे। मौसम विशेषज्ञों का कहना है कि हल्की बारिश के चलते हवा में मौजूद धूलकण और प्रदूषण कण कुछ हद तक नीचे बैठ जाते हैं, जिससे वायु की गुणवत्ता में सुधार देखा जाता है। फिलहाल, एक्यूआई 115 है, जो ‘मध्यम’ श्रेणी में आता है। सीपीसीबी के मुताबिक, शून्य से 50 के बीच एक्यूआई को अच्छा, 51 से 100 के बीच को संतोषजनक, 101 से 200 के बीच को मध्यम, 201 से 300 के बीच को खराब, 301 से 400 के बीच को बहुत खराब और 401 से 500 के बीच को गंभीर श्रेणी में रखा गया है।

बिहार में कल का मौसम

बिहार में अगले कुछ दिन तक मौसम की मार पड़ती रहेगी। मौसम विभाग ने राजधानी पटना समेत कई जिलों में बारिश का येलो अलर्ट जारी किया है। बीते 24 घंटों के दौरान कई जिलों में भारी बारिश दर्ज की गई। आईएमडी ने 19 सितंबर से 22 सितंबर तक पटना, गोपालगंज, जमुई, मुंगेर, बांका, भागलपुर, मधुबनी, सुपौल, अररिया, पूर्णिया, कटिहार, भभुआ और लखीसराय समेत कई जिलों में आंधी के साथ झमाझम बारिश की संभावना जताई है। इस दौरान अधिकांश हिस्सों में मेघ गर्जन के साथ आकाशीय बिजली चमकेगी और कई जगहों पर ठनका गिरने की भी चेतावनी है। लिहाजा, किसानों के साथ अन्य लोगों को खराब मौसम के दौरान खुले स्थानों पर न जाने की सलाह दी गई है। हवाओं के साथ बौछारें पड़ने से मौसम काफी सुहावना रहेगा और लोगों को गर्मी से काफी राहत मिलेगी। इस दौरान औसत अधिकतम तापमान 31 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम 26 से 27 डिग्री सेल्सियस रहने की उम्मीद है।

राजस्थान का मौसम कैसा है?

राजस्थान में एक नए परिसंचरण तंत्र (Circulatory System) के प्रभाव से कुछ हिस्सों में हल्की से मध्यम बारिश हो सकती है। जयपुर स्थित मौसम केंद्र ने बताया कि एक परिसंचरण तंत्र उत्तर प्रदेश के ऊपर बना हुआ है। इसके प्रभाव से 18 से 22 सितंबर के दौरान भरतपुर, कोटा, उदयपुर, जयपुर संभाग के कुछ भागों में हल्की से मध्यम बारिश होने का पूर्वानुमान है। हालांकि, पश्चिमी राजस्थान के बीकानेर, जोधपुर संभाग के अधिकांश भागों में आगामी दिनों में मौसम शुष्क बना रहेगा। आईएमडी की मानें तो राजस्थान के कुछ भागों से मानसून की विदाई हो चुकी है, लेकिन पूर्वी राजस्थान के कुछ जिलों में अगले 5 से 6 दिन मेघगर्जन के साथ हल्की से मध्यम बारिश होने की प्रबल संभावना है।

हरियाणा और पंजाब का मौसम

हरियाणा और पंजाब के कई हिस्सों में बादलों की आवाजाही जारी है। एक नए पश्चिमी विक्षोभ के एक्टिव होने से दोनों ही राज्यों में एक बार फिर मौसमी गतिविधियां होने के संकेत मिल रहे हैं। आईएमडी ने फरीदाबाद, पलवल, गुरुग्राम और चडीगढ़ समेत कई हिस्सों में मेघ गर्जन के साथ तेज हवाएं बहने का अनुमान जताया है। फिलहाल, कुछ दिनों तक मौसम में उतार चढ़ाव जारी रहेगा, जिससे मौसम काफी सुहावना रह सकता है।

उत्तराखंड का मौसम कैसा रहेगा?

उत्तराखंड में बादलों का कहर नहीं रुक रहा है। बादल फटने की घटनाओं से जनजीवन बुरी तरह प्रभावित है। मंगलवार और बुधवार को देहरादून में और गुरुवार तड़के चमोली जिले के नंदानगर क्षेत्र में भारी बारिश के कारण बाढ़ और भूस्खलन ने तबाही मचा दी। इस त्रासदी में कुंतरी और धुरमा गांवों में एक ही परिवार के चार सदस्यों सहित 10 लोग लापता हो गए। अतिवृष्टि से भारी नुकसान का आकलन किया गया है। भूस्खलन के कारण सड़क मार्ग बंद हो गया है। पहाड़ी की दूसरी ओर स्थित मोख घाटी में भी भारी बारिश के कारण मोख नदी में बाढ़ आ गई, जिससे धुरमा से सेरा तक कई भवन क्षतिग्रस्त हो गए। मौसम विभाग ने, ऋषिकेष, देवप्रयाग, मसूरी, शिवपुरी, देहरादून, हरिद्वार, चमोली, पौड़ी, टिहरी गढ़वाल के पर्वतीय क्षेत्रों में आंधी-तूफान के साथ आकाशीय बिजली गिरने और मूसलाधार बारिश का रेड अलर्ट जारी किया है। आईएमडी की मानें तो यह सिलसिला 23 सितंबर तक लगातार जारी रहेगा, लिहाजा इस दरम्यान लोगों को हिल्स एरिया में आवागमन करने से बचना होगा।

हिमाचल प्रदेश का मौसम

हिमाचल प्रदेश में मौसमी गतिविधियां जारी हैं। मौसम विभाग ने अगले 2 दिन तक कई जिलों में मौसम के करवट लेने के संकेत दिए हैं। मौसम विभाग ने गुरुवार और शुक्रवार को कुछ हिस्सों में तेज हवाओं के साथ बारिश का पूर्वानुमान जताया है। आईएमडी ने चंबा, बिलासपुर और मंडी के कुछ हिस्सों भारी बारिश के बाद लैंडस्लाइड की घटनाएं देखी गईं। मौसम विभाग ने शिमला, कुल्लू, मंडी, बिलासपुर, सोलन और सिरमौर में आंधी के साथ झमाझम वर्षा का अलर्ट जारी किया है।

पश्चिम बंगाल में मौसम का हाल

पश्चिम बंगाल में मौसम का हाल-चाल लें तो अगले कुछ दिन तक गर्मी और उमस से राहत रहेगी। आईएमडी ने पश्चिम बंगाल के उत्तरी हिस्से में 20 सितंबर तक भारी बारिश का अनुमान जताया है। दक्षिण बंगाल में 22 सितंबर तक कई स्थानों पर गरज और आकाशीय बिजली के साथ हल्की से मध्यम वर्षा होने का पूर्वानुमान है। इस दौरान दार्जिलिंग, कलिम्पोंग, जलपाईगुड़ी, अलीपुरद्वार और कूचबिहार में भारी बारिश हो सकती है।

Pushpendra kumar
पुष्पेंद्र कुमारauthor

पुष्पेंद्र कुमार टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल में चीफ कॉपी एडिटर के रूप में सिटी डेस्क पर कार्यरत हैं। जर्नलिज्म में मास्टर्स डिग्री हासिल करने के बाद से वे पिछले 7 वर्षों से सक्रिय पत्रकारिता में जुड़े हैं। इस दौरान उन्होंने 10,000 से अधिक खबरें लिखी हैं। पुष्पेंद्र हाइपर-लोकल मुद्दों, रेलवे, रोड, इंफ्रास्ट्रक्चर, डेवलपमेंट, कृषि और मौसम से जुड़ी खबरों पर गहरी पकड़ रखते हैं। शहर से लेकर गांव-देहात तक की संवेदनशीलताओं को समझते हुए वे लोकल खबरों को ऐसा रूप देते हैं जो न केवल तथ्यपूर्ण होता है, बल्कि पाठकों से भावनात्मक रूप से भी जुड़ता है।

और पढ़ें
End of Article