कल का मौसम (Kal Ka Mausam): देशभर में मौसम का मिजाज तेजी से बदल रहा है। एक ओर दक्षिण-पश्चिम मानसून ने कई नए राज्यों में अपनी दस्तक दे दी है, तो दूसरी ओर कई क्षेत्रों में भारी बारिश, आंधी-तूफान और तेज हवाओं की चेतावनी जारी की गई है। वेदर सिस्टम की बात करें तो वर्तमान में समुद्र तल पर बना मौसमी ट्रफ पंजाब से लेकर बिहार तक हरियाणा और उत्तर प्रदेश होते हुए गुजर रहा है। इसके अलावा पूर्वी बिहार से दक्षिण छत्तीसगढ़ तक निचले क्षोभमंडलीय स्तरों में एक ट्रफ सक्रिय है। दक्षिण मध्य महाराष्ट्र और उसके आसपास के क्षेत्रों में निचले तथा मध्य क्षोभमंडलीय स्तरों पर चक्रवाती परिसंचरण (Cyclonic Circulation) बना हुआ है। मौसम विभाग ने यह भी संकेत दिया है कि 18 जून से उत्तर-पश्चिम भारत में एक नया पश्चिमी विक्षोभ प्रभाव डाल सकता है, जिससे कई राज्यों में मौसम की गतिविधियां तेज होने की संभावना है। ऐसे में आइए जानें कल कल का मौसम कैसा रहेगा?
क्या है IMD का पूर्वानुमान?
मौसम विभाग के अनुसार, दक्षिण-पश्चिम मानसून ने 15 जून 2026 को आंध्र प्रदेश के बाकी हिस्सों के साथ-साथ पश्चिम बंगाल, तेलंगाना, ओडिशा, झारखंड और बिहार के कई अन्य क्षेत्रों में भी आगे बढ़ते हुए अपनी पहुंच का विस्तार कर लिया है। वहीं, अगले 6 से 7 दिनों के दौरान उप-हिमालयी पश्चिम बंगाल, सिक्किम, अरुणाचल प्रदेश तथा असम-मेघालय में कुछ स्थानों पर भारी से अत्यधिक भारी बारिश होने की संभावना जताई गई है। दूसरी ओर, तेलंगाना और विदर्भ के अलग-अलग इलाकों में आगामी 2 से 3 दिनों तक हीटवेव (लू) जैसी परिस्थितियां बने रहने के आसार हैं।
दिल्ली में कल का मौसम
दिल्ली में कल आसमान आंशिक रूप से बादलों से घिरा रहने की संभावना है। दोपहर से शाम के बीच कहीं-कहीं बहुत हल्की से हल्की बारिश, गरज-चमक, धूल भरी आंधी तथा 40 से 50 किमी प्रति घंटा की रफ्तार से चलने वाली तेज हवाएं देखने को मिल सकती हैं, जिनकी गति झोंकों के साथ 60 किमी प्रति घंटा तक पहुंच सकती है। राजधानी में अधिकतम तापमान 38 से 40 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 26 से 28 डिग्री सेल्सियस के बीच रहने का अनुमान है। मौसम विभाग के मुताबिक, न्यूनतम और अधिकतम दोनों तापमान सामान्य स्तर के आसपास बने रहेंगे। सुबह के समय दक्षिण-पश्चिम दिशा से लगभग 15 किमी प्रति घंटा की रफ्तार से हवाएं चल सकती हैं, जबकि दोपहर में इनकी गति बढ़कर 20 किमी प्रति घंटा तक पहुंचने की संभावना है। शाम और रात के दौरान हवाओं की रफ्तार फिर घटकर करीब 15 किमी प्रति घंटा रह सकती है।
यूपी में कल का मौसम कैसा रहेगा?
मौसम विभाग के अनुसार, 16 जून को उत्तर प्रदेश के विभिन्न हिस्सों में मौसम का मिजाज बदला हुआ रह सकता है। पश्चिमी उत्तर प्रदेश में कुछ स्थानों पर हल्की से मध्यम बारिश होने की संभावना है, जबकि पूर्वी उत्तर प्रदेश में मौसम मुख्यतः शुष्क रहने के आसार हैं। राज्य के कई इलाकों में गरज-चमक के साथ बादल बनने की गतिविधियां देखने को मिल सकती हैं। तापमान में किसी बड़े बदलाव की संभावना नहीं है और दिन के तापमान सामान्य स्तर के आसपास बने रहेंगे। हालांकि, मौसम विभाग ने संकेत दिया है कि आने वाले दिनों में प्रदेश के विभिन्न क्षेत्रों में बारिश की गतिविधियां धीरे-धीरे बढ़ सकती हैं, जिससे लोगों को गर्मी से कुछ राहत मिलने की उम्मीद है।
बिहार में अगले पांच दिनों का मौसम
बिहार के मौसम की बात करें तो, 16 जून से अगले पांच दिनों तक राज्य में मौसम सक्रिय बना रहने की संभावना है। इस दौरान राज्य के विभिन्न जिलों में रुक-रुक कर हल्की से मध्यम बारिश हो सकती है। 16 जून को कुछ स्थानों पर भारी वर्षा की भी संभावना जताई गई है। 19 जून तक कई इलाकों में गरज-चमक के साथ बारिश और 40 से 50 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से चलने वाली तेज हवाएं देखने को मिल सकती हैं, जिनके झोंके 60 किमी प्रति घंटे तक पहुंच सकते हैं। मौसम के इस बदलाव से तापमान में अधिक बढ़ोतरी की संभावना नहीं है और लोगों को गर्मी से कुछ राहत मिल सकती है। 20 और 21 जून को भी राज्य के कई हिस्सों में बारिश की गतिविधियां जारी रहने के आसार हैं, जबकि कुछ क्षेत्रों में तेज हवाओं और आंधी जैसी परिस्थितियां भी बन सकती हैं।
राजस्थान में ऐसा रहेगा मौसम का हाल
राजस्थान में भी 16 और 17 जून को मौसम में बदलाव देखने को मिल सकता है। 16 जून को पूर्वी और पश्चिमी राजस्थान के कई क्षेत्रों में हल्की से मध्यम बारिश की गतिविधियां दर्ज होने की संभावना है। पश्चिमी राजस्थान के कुछ इलाकों में धूल भरी आंधी चल सकती है, जबकि गरज-चमक के साथ तेज हवाएं भी मौसम को प्रभावित कर सकती हैं। वहीं, 17 जून को पूर्वी राजस्थान में बादलों की आवाजाही बढ़ने और कुछ स्थानों पर वर्षा होने के आसार हैं। इस दौरान तेज गर्जना के साथ हवाओं की रफ्तार 50 से 60 किमी प्रति घंटा तक पहुंच सकती है, जबकि झोंकों के साथ यह 70 किमी प्रति घंटा तक हो सकती है।
पहाड़ी राज्यों में मौसम कैसा रहने वाला है?
मौसम विभाग के पूर्वानुमान के अनुसार, जम्मू-कश्मीर, लद्दाख, हिमाचल प्रदेश और उत्तराखंड में 16 से 21 जून के बीच कई स्थानों पर हल्की से मध्यम वर्षा हो सकती है। खासतौर से जम्मू-कश्मीर और आसपास के पर्वतीय क्षेत्रों में 18 से 21 जून के दौरान बारिश का दायरा और तीव्रता बढ़ने के आसार हैं। इस अवधि में कुछ स्थानों पर गरज-चमक, बिजली गिरने और 40 से 50 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से चलने वाली तेज हवाएं भी देखने को मिल सकती हैं, जिनके झोंके 60 किमी प्रति घंटे तक पहुंच सकते हैं। वहीं, 18 और 19 जून को जम्मू-कश्मीर तथा ऊंचाई वाले इलाकों में ओलावृष्टि की भी संभावना जताई गई है। पूर्वोत्तर के पर्वतीय राज्यों जैसे अरुणाचल प्रदेश, नागालैंड, मणिपुर, मिजोरम, त्रिपुरा, असम और मेघालय में भी अगले हफ्ते भर व्यापक वर्षा का दौर जारी रहने की संभावना है। अरुणाचल प्रदेश, असम और मेघालय के कई इलाकों में भारी से बहुत भारी बारिश हो सकती है, जिससे भूस्खलन, जलभराव और पहाड़ी मार्गों पर आवागमन प्रभावित होने की आशंका बनी हुई है।
अधिकतम तापमान को लेकर आया लेटेस्ट अपडेट
मौसम विभाग के अनुसार, 18 जून तक उत्तर-पश्चिम भारत के अधिकांश हिस्सों में अधिकतम तापमान में धीरे-धीरे 2 से 4 डिग्री सेल्सियस तक की बढ़ोतरी होने की संभावना है। इसके बाद 19 से 21 जून के बीच तापमान में किसी बड़े बदलाव के संकेत नहीं हैं। वहीं, देश के अन्य क्षेत्रों में 21 जून तक अधिकतम तापमान सामान्य रूप से स्थिर बने रहने का अनुमान है। दूसरी ओर, तेलंगाना में 16 जून तथा विदर्भ में 16 और 17 जून के बीच कुछ स्थानों पर लू जैसी परिस्थितियां बनी रह सकती हैं। इसके अलावा, कोंकण-गोवा, मध्य महाराष्ट्र, मराठवाड़ा और ओडिशा में 16 और 17 जून के दौरान गर्म और उमस भरा मौसम लोगों की परेशानी बढ़ा सकता है। कोंकण और गोवा के कुछ इलाकों में 16 से 18 जून तक रात के समय भी गर्मी का असर बना रहने की संभावना है, जिससे लोगों को रात में भी राहत नहीं मिल पाएगी।
देश और दुनिया की ताजा ख़बरें (Hindi News) पढ़ें हिंदी में और देखें छोटी बड़ी सभी न्यूज़ Times Now Navbharat Live TV पर। शहर (Cities News in Hindi) अपडेट और ताजा समाचार के लिए जुड़े रहे Times Now Navbharat से।
