शहर

कल का मौसम 15 January 2025: उत्तर भारत में शीतलहर-कोहरा रहेगा प्रचंड, बारिश बर्फबारी ओलावृष्टि बढ़ाएगी ठंड; कोल्ड डे का अलर्ट

Kal Ka Mausam, 15 January 2025, कल का मौसम कैसा रहेगा, Aaj Aur Kal ka Mausam kaisa Rahega: उत्तर भारत के राज्य भीषण ठंड की गिरफ्त में हैं। उधर, पहाड़ी राज्यों जम्मू-कश्मीर, हिमाचल प्रदेश और उत्तराखंड में भारी बर्फबारी के कारण न्यूनतम तापमान माइनस में बना हुआ है, जिससे तमाम व्यवस्थाएं चरमराई हुई हैं। इधर, दिल्ली-एनसीआर, हरियाणा-पंजाब, उत्तर प्रदेश, बिहार, मध्य प्रदेश, राजस्थान और छत्तीसगढ़-झारखंड में शीतलहर के साथ भीषण कोहरा परेशानी का सबब बना हुआ है। आईएमडी ने कई राज्यों में आने वाले दिनों में पश्चिमी विक्षोभ के कारण हल्की से मध्यम बारिश के साथ ओलावृष्टि की चेतावनी जारी की है।

Image

भारत का मौसम

Kal Ka Mausamm (कल का मौसम कैसा रहेगा): मैदानी राज्यों बिहार, यूपी, दिल्ली-एनसीआर, हरियाणा-पंजाब, मध्य प्रदेश और राजस्थान समेत उत्तरी राज्यों में कड़ाके की ठंड का असर कम होने का नाम नहीं ले रहा है। आगे मौसम खराब होने की भी खबरें डरा रही हैं। फिलहाल, उत्तर भारत का समूचा हिस्सा शीतलहर, कोहरा के चलते गलन में बसर कर रहा है। आने वाले दिनों के लिए भी आईएमडी ने अलर्ट जारी किया है। पश्चिमी विक्षोभ के असर से मैदानी राज्यों में तेज हवाओं के साथ बारिश और ओलावृष्टि होने की संभावना व्यक्त की जा रही है। उधर, पहाड़ी राज्यों जम्मू-कश्मीर, उत्तराखंड और हिमाचल प्रदेश में अभी और बर्फबारी होने की संभावना है, जिससे वहां का न्यूनतम तापमान शून्य से नीचे बना रहेगा। पहाड़ों में हो रही बर्फबारी से मैदानी इलाकों में ठंड बनी रहेगी। वहीं, भीषण कोहरे की परत जमने से कई राज्यों में रेल, हवाई और सड़क परिवहन पूरी तरह चरमराया हुआ है। कोहरे की वजह से विजिबिलिटी कम होने से ट्रेनों की रफ्तार पर ब्रेक तो लगा ही है साथ ही कई मुख्य ट्रेनों को रद्द कर दिया गया और कई अपने निर्धारित समय से कई घंटे विलंब से चल रही हैं, जिससे यात्रियों को भारी समस्याओं का सामना करना पड़ रहा है।

दिल्ली में कल कैसा रहेगा मौसम

दिल्ली में भारतीय मौसम विज्ञान विभाग (IMD) ने 15 और 16 जनवरी को दिल्ली और आस-पास के इलाकों में छिटपुट बारिश की भविष्यवाणी की है। मंगलवार से ही उत्तर-पश्चिम भारत में एक नया पश्चिमी विक्षोभ आने की उम्मीद है। पिछले 24 घंटों में तापमान में मामूली वृद्धि देखी गई है। 15 और 16 जनवरी को बादल छाए रहने की संभावना है। हालांकि, मौसम और प्रदूषण के स्तर में उतार-चढ़ाव जारी रहने के कारण शहर अलर्ट पर है।

दिल्ली में सुबह घने कोहरे के कारण रेलगाड़ियों का परिचालन बाधित

दिल्ली में ट्रेनें प्रभावित

दिल्ली में घना कोहरा छाया रहने से रेलगाड़ियों का परिचालन बाधित हो रहा है। मंगलवार सुबह 6 बजे तक कुल 39 ट्रेन देरी से चल रही थीं। कुछ ट्रेन 30 मिनट की देरी से चल रही थीं, जबकि कुछ ट्रेन चार घंटे तक की देरी से चल रही थीं।

दिल्ली में कितना प्रदूषण

आईएमडीके अनुसार, छह-आठ किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से दक्षिण-पूर्वी हवाएं चल रही हैं। दिल्ली में न्यूनतम तापमान सामान्य से 1.5 डिग्री अधिक, 8.9 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। आईएमडी ने दिन में घने से बहुत घने कोहरे का अनुमान जताया है।

कितना प्रदूषण खतरनाक कितना ठीक?

सीपीसीबी के अनुसार, शून्य से 50 के बीच एक्यूआई को ‘अच्छा’, 51 से 100 के बीच ‘संतोषजनक’, 101 से 200 के बीच ‘मध्यम’, 201 से 300 के बीच ‘खराब’, 301 से 400 के बीच ‘बहुत खराब’ और 401 से 500 के बीच एक्यूआई को ‘गंभीर’ श्रेणी में माना जाता है।

यूपी में कल कैसा रहेगा मौसम?

पहाड़ी क्षेत्रों में बर्फबारी के साथ-साथ मैदानी इलाकों में यूपी में भी कड़ाके की ठंड का सामना करना पड़ रहा है। राज्य के लखनऊ, कानपुर, प्रयागराज, गोरखपुर, वाराणसी, मेरठ, आगरा, सहारनपुर, झांसी, बांदा, बलिया, बस्ती और बहराइच समेत कई जिलों शीतलहर के कारण ठिठुरन और घना कोहरा देखने को मिल रहा है। हालांकि, लोगों का कहना है कि इस साल उतनी ठंड नहीं है, जितनी आमतौर पर पड़ती है। अभी तो माहौल ठीक है। लेकिन, धीरे-धीरे कोहरा बढ़ रहा है। अब हम लोग ठंड से बचने के लिए अलाव और गर्म कपड़ों का सहारा ले रहे हैं।

मौसम विभाग ने बताया कि बुधवार और गुरुवार को उत्तर प्रदेश के कई जिलों में तेज हवाओं के साथ भारी बारिश परेशान कर सकती है। इससे पहले प्रदेश में कोहरे की मार देखी गई थी। इसकी वजह से कई ट्रेनें लेट हो गई थीं। हालांकि, मौसम विभाग ने बताया कि आने वाले दिनों में प्रदेशवासियों को ठंड से राहत मिल सकती है।

बिहार में कब तक रहेगी ठंड

बिहार भी मौसम की मार झेल रहा है। आईएमडी ने 15 और 16 जनवरी को बूंदाबांदी के साथ हल्की से मध्यम बारिश की संभावना जताई है। इसके अलावा 15 जनवरी को घना कोहरा छाया रहेगा। रात्रि में बारिश दस्तक दे सकती है। कमोबेश ऐसा ही मौसम 16 जनवरी को भी देखा जाएगा। कहीं-कहीं आंशिक बादल छाए रहेंगे। राज्य में अधिकतम तापमान 19 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 9 डिग्री सेल्सियस रहेगा। 17 से 19 जनवरी तक घना कोहरा ट्रेनों की रफ्तार पर ब्रेक लगा सकता है।

राजस्थान में कल कैसा रहेगा मौसम

राजस्थान में कड़ाके की सर्दी का कहर जारी है और बीते चौबीस घंटे में सबसे कम न्यूनतम तापमान 4.1 डिग्री सेल्सियस सिरोही में दर्ज किया गया। इस दौरान सबसे कम न्यूनतम तापमान सिरोही में 4.1 डिग्री सेल्सियस, जैसलमेर में 4.7 डिग्री, फतेहपुर में 5.1 डिग्री, भीलवाड़ा और लूणकरणसर में 5.6 डिग्री, प्रतापगढ़ में 5.7 डिग्री तथा संगरिया में न्यूनतम तापमान 5.8 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। मौसम विभाग के अनुसार, अभी न्यूनतम तापमान में 2 से 3 डिग्री सेल्सियस की और गिरावट हो सकती है। वहीं 15—16 जनवरी को बीकानेर, जयपुर, भरतपुर, अजमेर व कोटा संभाग के कुछ भागों में बादलों की गरज के साथ कहीं कहीं हल्की बारिश होने का अनुमान है। इस दौरान कहीं कहीं ओलावृष्टि भी हो सकती है।

पंजाब में कैसा रहेगा मौसम?

पंजाब में ठंड का प्रकोप जारी रहा और मोगा में न्यूनतम तापमान 3.8 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो सबसे ठंडा इलाका रहा। मौसम विभाग के अनुसार, पंजाब के अमृतसर में न्यूनतम तापमान 7.9 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। वहीं, पठानकोट जिले में पारा 4.6 डिग्री सेल्सियस, बठिंडा और फरीदकोट में पांच डिग्री सेल्सियस, गुरदासपुर में 5.5 डिग्री सेल्सियस और पटियाला में 5.8 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। IMD ने आने वाले दिनों में मौसम और खराब होने की बात कही है। फिलहाल, वहां ठंड कम नहीं हो सकती है।

हरियाणा में मौसम का हाल

हरियाणा में सर्दी का दौर जारी है। आईएमडी ने बताया कि करनाल में न्यूनतम तापमान 5.2 डिग्री सेल्सियस, सिरसा में 5.4 डिग्री सेल्सियस, नारनौल में 5.8 डिग्री सेल्सियस, हिसार में 7.1 डिग्री सेल्सियस, भिवानी में 8.6 डिग्री सेल्सियस और रोहतक में न्यूनतम तापमान 9.2 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। कमोबेश ऐसा ही तापमान बुधवार को दर्ज किया जा सकता है।

कोल्ड डे का क्या असर होता है?

उत्तर भारत के बिहार, राजस्थान, यूपी, हरियाणा और पंजाब में में कोल्ड डे जारी है। लोग जानना चाहते हैं कि (Cold Day) क्या होता है? तो बता दें कि आईएमडी के मुताबिक, कोल्ड डे तब माना जाता है, जब न्यूनतम तापमान 10 डिग्री सेल्सियस या उससे कम रहे और अधिकतम तापमान सामान्य से कम से कम 4.5 डिग्री सेल्सियत कम दर्ज किया जाए। उन दिनों को कोल्ड डे में काउंट करते हैं। इस दौरान दिन और रात के तापमान में अधिक अंतर नहीं होता है, लिहाजा लोगों को सर्दी से राहत की उम्मीद कम रहती है। इसके अभी और जारी रहने के संकेत हैं।

Pushpendra kumar
पुष्पेंद्र कुमारauthor

पुष्पेंद्र कुमार टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल में चीफ कॉपी एडिटर के रूप में सिटी डेस्क पर कार्यरत हैं। जर्नलिज्म में मास्टर्स डिग्री हासिल करने के बाद से वे पिछले 7 वर्षों से सक्रिय पत्रकारिता में जुड़े हैं। इस दौरान उन्होंने 10,000 से अधिक खबरें लिखी हैं। पुष्पेंद्र हाइपर-लोकल मुद्दों, रेलवे, रोड, इंफ्रास्ट्रक्चर, डेवलपमेंट, कृषि और मौसम से जुड़ी खबरों पर गहरी पकड़ रखते हैं। शहर से लेकर गांव-देहात तक की संवेदनशीलताओं को समझते हुए वे लोकल खबरों को ऐसा रूप देते हैं जो न केवल तथ्यपूर्ण होता है, बल्कि पाठकों से भावनात्मक रूप से भी जुड़ता है।

और पढ़ें
End of Article