देशभर में बढ़ते तापमान और गर्मी के बीच बादल राहत पहुंचा रहे हैं। हालांकि, अगले कुछ दिन में तपिश बढ़ेगी। फिलहाल, अगले 36 घंटे के दौरान उत्तर भारत में मौसम खराब हो सकता है। खासकर, दिल्ली-एनसीआर, राजस्थान, हरियाणा, पंजाब, उत्तर प्रदेश और बिहार में तेज हवाओं के साथ मेघ गर्जन और हल्की से मध्यम स्तर की बारिश होगी। इस दौरान हल्के ओले और आकाशीय बिजली कड़कने का खतरा बना रह सकता है। मौसम विभाग ने पहाड़ों पर पश्चिमी विक्षोभ के असर से गुरुवार-शुक्रवार तक उत्तराखंड, हिमाचल प्रदेश और जम्मू-कश्मीर ऊंचाई वाले हिस्सों पर बारिश-बर्फबारी और कहीं-कहीं ओलावृष्टि हो सकती है, जिससे तापमान में गिरावट आने की संभावना है। स्काईमेट की मानें तो बंगाल की खाड़ी में सक्रियता से लो प्रेशर एरिया बन रहा है, जिस कारण दक्षिण भारत में मौसम खराब रहेगा और केरल, तमिलनाडु, कर्नाटक, तेलंगाना और आंध्र प्रदेश के तटीय भागों पर तूफानी हवाओं के साथ झमाझम पानी बरसने के आसार हैं। उधर, पूर्वोत्तर भारत में प्री मानसून की गतिविधियां जारी हैं, जिससे कुछ दिन हीटवेव का असर कम रहेगा। लेकिन, महाराष्ट्र, विदर्भ, गुजरात और एमपी के कुछ भागों पर लू की स्थितियां रहेंगी।
यूपी में कल का मौसम
उत्तर प्रदेश में अगले 2 दिन तक तापमान कंट्रोल रह सकता है, जिससे गर्मी से मामूली राहत मिलेगी। मौसम विभाग ने बताया कि राज्य के पूर्वी भागों पर आंशिक तौर पर बादलों की आवाजाही रहेगी और कहीं-कहीं गरज-चमक के साथ बारिश होगी। इस दौरान करीब 60 की रफ्तार से तेज आंधी चल सकती है और आकाशीय बिजली के साथ ओलावृष्टि मौसम का मिजाज बदल सकती है। हालांकि, 15 मई के बाद तेज धूप के कारण गर्मी का असर बढ़ेगा।
बिहार में बारिश होगी क्या
मौसम विभाग ने बिहार में मौसमी उलटफेर के आसार जताए हैं। अगले पांच दिन तक राज्य के कई जिलों में 60 की स्पीड से आंधी-तूफान चलने और बारिश के साथ ठनका गिरने के ऑरेंज अलर्ट जताया है, जिससे माना जा रहा है कि तापमान में मामूली कमी आ सकती है और लोगों को बढ़ती गर्मी से राहत मिलेगी। अगले कुछ घंटे गया, पटना, बांका, जहानाबाद, जमुई और किशनगंज समेत कई जिलों में मौसम बिगड़ने के आसार हैं। हालांकि, कैमूर में अधिकतम तापमान 41 डिग्री सेल्सियस के पार पहुंच गया है।
दिल्ली-एनसीआर में कल का मौसम
दिल्ली-एनसीआर में बादलों की आवाजाही के बीच धूप का भी असर दिख रहा है। हालांकि, पिछले 24 घंटे के दौरान कई हिस्सों पर आंशिक तौर पर बूंदाबांदी से गर्मी पर त्वरित असर पड़ा। मौसम विभाग ने अगले 2 दिन के मौसम का पूर्वानुमान जताते हुए बताया कि 14 मई को बादल छाए रह सकते हैं। इस दौरान तेज हवाएं चल सकती हैं और हल्की बारिश से मौसम सुहावना हो सकता है। हालांकि, इस दौरान अधिकतम तापमान 39 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम 24 डिग्री सेल्सियस के आसपास रहने का अनुमान है। लेकिन, वीकेंड तक बारिश की गतिविधियां समाप्त होते ही तापमान चढ़ेगा और गर्मी का एहसास तेज होगा। फिलहाल, शहर की हवा में मामूली सुधार है और एक्यूआई 150 के आसपास दर्ज किया जा रहा, जो मध्यम श्रेणी में आती है। सीपीसीबी के आंकड़ों के मुताबिक, 0 से 50 के बीच एक्यूआई को अच्छा, 51 से 100 के बीच संतोषजनक, 101 से 200 के बीच मध्यम, 201 से 300 के बीच खराब, 301 से 400 के बीच बहुत खराब और 401 से 500 के बीच गंभीर माना जाता है।
राजस्थान में लू का मौसम
राजस्थान में धीरे-धीरे तापमान ऊपर की ओर चढ़ रहा है। हालांकि, कई स्थानों पर आंधी-बारिश के कारण गर्मी से मामूली राहत मिली है। जयपुर मौसम केंद्र के मुताबिक, करीब 30.0 मिलीमीटर बारिश चुरू में दर्ज की गई। हालांकि, कुछ हिस्सों पर वेस्टर्न डिस्टर्बेंस के कारण आंशिक तौर पर बादलों की आवाजाही रहेगी, जिससे थोड़ी राहत मिल सकती है। आईएमडी ने बताया कि राज्य के ज्यादातर जिलों में भीषण गर्मी पड़ रही है और यह पूरे सप्ताह जारी रहने की संभावना है। बाड़मेर में अधिकतम पारा 48 डिग्री सेल्सियस को पार कर गया है।
हरियाणा में आज आंधी-पानी
हरियाणा में भी पश्चिमी विक्षोभ का बड़ा असर बना हुआ है। राज्य के अलग-अलग हिस्सों पर हिसार, जींद, कैथल, करनाल और फतेहाबाद में आंधी के साथ पानी गिरने से मौसम सुहावना हो गया है, जिससे लोगों को बढ़ती गर्मी से राहत मिली है। बुधवार की सुबह से काले बादलों के छाए रहने से तपिश गायब रही। मौसम विभाग ने अगले कुछ घंटे तक 6 जिलों रेवाड़ी, महेंद्रगढ़, नूंह, यमुनानगर, पंचकूला और पलवल में 60 किमीं. की रफ्तार वाली आंधी-बारिश का अलर्ट घोषित किया है। इस दौरान वज्रपात और ओलावृष्टि का खतरा हो सकता है।
पंजाब में आज का मौसम
पंजाब में मौसम बिगड़ने से कई जिलों में गर्मी से राहत है। मौसम विभाग ने पठानकोट, अमृतसर, होशियारपुर, नवांशहर, कपूरथला, जालंधर, लुधियाना, फतेहगढ़ साहिब, रूपनगर, पटियाला, गुरदासपुर और मोहाली के कुछ भागों पर बादलों की गरज-चमक के साथ तेज आंधी चलने और बारिश की संभावना व्यक्त की है। मौसमी गतिविधियों के कारण तापमान में कमी आने की संभावना है।
14 मई (गुरुवार) का तापमान
| शहर का नाम | न्यूनतम तापमान | अधिकतम तापमान |
| दिल्ली | 24°C | 38°C |
| चंडीगढ़ | 25°C | 37°C |
| जयपुर | 29°C | 40°C |
| भोपाल | 30°C | 41°C |
| मुंबई | 30°C | 33°C |
| चेन्नई | 28°C | 33°C |
| बेंगलुरु | 23°C | 33°C |
| कोलकाता | 28°C | 35°C |
| रांची | 23°C | 34°C |
| पटना | 25°C | 36°C |
| लखनऊ | 26°C | 38°C |
| देहरादून | 21°C | 30°C |
| शिमला | 16°C | 24°C |
| कश्मीर | 6°C | 17°C |
उत्तराखंड में कैसा रहेगा मौसम
उत्तराखंड में मौसम काफी सुहावना है। हालांकि, ये पहाड़ी क्षेत्रों तक सीमित है। मैदानी भागों पर बादलों की आवाजाही तो है, लेकिन बारिश को लेकर कोई बड़े संकेत नहीं हैं। मौसम विभाग ने बताया कि 13 से 17 मई तक बादलों की आवाजाही रहेगी और रुक-रुक कर हल्की बारिश से मौसम बदला रहेगा। हालांकि, 18 मई गरज-चमक के साथ उत्तरकाशी, पिथौरागढ़, रूद्रप्रयाग, चमोली और बागेश्वर के कुछ हिस्सों पर पानी बरसता नजर आ सकता है।हिमाचल प्रदेश में मौसम कैसा रहेगा
हिमाचल प्रदेश में मौसम का मिजाज बदला नजर आ रहा है, जिससे लोगों को गर्मी से बड़ी राहत है। मौसम विभाग ने बताया कि अगले 2 दिन तक वेस्टर्न डिस्टर्बेंस का असर रहने से राज्य के ऊपरी हिस्सों पर बारिश और बर्फबारी का सिलसिला जारी रहेगा। खासकर, बारालाजा और रोहतांग दर्रे के आसपास बर्फ गिरने से मौसम का काफी ठंडा है। फिलहाल, शिमला, कुल्लू, मंडी में मौसम खराब रहने के आसार हैं। यहां आंधी-बारिश, ओलावृष्टि और आकाशीय बिजली गिरने का खतरा जताया गया है। हालांकि, मैदानी हिस्सों बिलासपुर कांगड़ा, हमीरपुर, सिरमौर, ऊना, कांगड़ा और मंडी में मौसम साफ रहने का अनुमान है।
केरल-कर्नाटक में तूफान
दक्षिण भारत में साइक्लोनिक सर्कुलेशन के प्रभाव से मौसम में बड़े बदलाव देखे जा रहे हैं। जहां भीषण गर्मी और हीटवेव की स्थितियां रहती थी उस महीने में तटीय भागों पर आंधी-बारिश के कारण मौसम काफी सुहावना है। आईएमडी के मुताबिक, तमिलनाडु, केरल, कर्नाटक, तेलंगाना, आंध्र और अडमान और निकोबार द्वीप समूह के हिस्सों पर तेज तूफान और बादलों की गरज-चमक के साथ भारी बारिश हो सकती है। कई इलाकों में आकाशीय बिजली और आंधी से भारी नुकसान हुआ है। हालांकि, कुछ हिस्सों पर तापमान बढ़ने से गर्मी का असर बढ़ गया है।
तमिलनाडु में बारिश का अलर्ट
तमिलनाडु में अगले दो दिनों तक डेल्टा जिलों में भारी बारिश का पूर्वानुमान है। मौसम विभाग का कहना है कि दक्षिण-पश्चिम बंगाल की खाड़ी में स्थित निम्न दबाव क्षेत्र अगले 48 घंटों के भीतर और अधिक तीव्र होने हो सकता है, जिससे कुछ हिस्सों पर मध्यम बारिश से मौसम खराब रहेगा। खासकर, चेन्नई, तिरुवरूर, तंजावुर, नागपट्टिनम, मयिलादुथुराई और पुदुक्कोट्टई में भारी वर्षा का अनुमान बना हुआ है।
ओडिशा, असम में बारिश का अलर्ट
पूर्वोत्तर भारत में लगातार बारिश से मौसम बेहद सुहावना है। आईएमडी ने बताया कि अगले कई दिनों तक प्री मानसून की गतिविधियां जारी रहेंगी, जिससे गर्मी और हीटवेव पर ब्रेक रहेगा। खासकर, ओडिशा, असम, अरुणाचल, कोलकाता, छत्तीसगढ़ समेत कई हिस्सों पर 60 से 70 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तूफान चलेगा और भारी बारिश होगी। हालांकि, कई हिस्सों पर तापमान भी बढ़ रहा है, जिससे गर्मी का असर बढ़ता दिख रहा है।
देश और दुनिया की ताजा ख़बरें (Hindi News) पढ़ें हिंदी में और देखें छोटी बड़ी सभी न्यूज़ Times Now Navbharat Live TV पर। शहर (Cities News in Hindi) अपडेट और ताजा समाचार के लिए जुड़े रहे Times Now Navbharat से।
