अगले 60 से 72 घंटों के दौरान देश के कई राज्यों में तेज गर्मी के बीच राहत की बूंदे गिरने का अनुमान है। मौसम विभाग का पूर्वानुमान है कि 10 से 13 मार्च तक हिमालयी राज्यों पर पश्चिमी विक्षोभ का असर रहेगा, जिसके प्रभाव से काले बादलों का डेरा रहेगा। इस दौरान उत्तराखंड, हिमाचल प्रदेश और जम्मू-कश्मीर के ऊंचे हिस्सों पर तेज हवाओं के साथ रुक-रुक कर हल्की से मध्यम बारिश के साथ बर्फबारी व ओलावृष्टि की संभावना जताई गई है। हालांकि, मैदानी हिस्सों पर मौसम साफ रहेगा और तापमान में बढ़ोतरी से गर्मी का एहसास होगा। फिलहाल, दिल्ली-एनसीआर, राजस्थान, हरियाणा, पंजाब, मध्य प्रदेश में अधिकतम-न्यूनतम तापमान में उछाल जारी रहेगा और दिन में तेज गर्मी प्रतीत होगी। वहीं बुधवार-गुरुवार को बिहार, यूपी, झारखंड और छत्तीसगढ़ के कुछ हिस्सों पर आंधी-बारिश का अनुमान है। स्काईमेट ने बताया कि लगातार 3 दिन तक पश्चिम बंगाल, सिक्किम, ओडिशा और केरल के कुछ जिलों पर मेघ गर्जन के साथ तेज बारिश एवं आकाशीय बिजली गिरने का खतरा रहेगा। हालांकि, देश के अन्य राज्यों में 30 से 40 डिग्री सेल्सियस तापमान पहुंचने से हीटवेव के एंट्री के संकेत मिल रहे हैं।
यूपी में मौसम कैसा है
उत्तर प्रदेश के अधिकांश जिलों में गर्मी ने परेशान करना शुरू कर दिया है। अधिकांश जिलों में अधिकतम तापमान 35 डिग्री सेल्सियस के आसपास या उससे ऊपर पहुंच गया है। इसी बीच मंगलवार की सुबह अचानक करीब 10 शहरों में घना कोहरा छाया नजर आया, जिससे विजिबिलिटी प्रभावित हुई। मौसम विभाग के मुताबिक, बढ़ते तापमान और हवा में नमी के कारण कोहरे और धुंध की स्थितियां बनी हैं। अगले 2 दिन तक पूर्वी यूपी के कुछ जिलों में बारिश के आसार जताए गए हैं। फिलहाल, बांदा सबसे गर्म जिला है, जहां अधिकतम तापमान 38.5 डिग्री सेल्सियस के आसपास है। कई जिलों में 25 से 30 किलोमीटर की रफ्तार से तेज हवाएं चल रही हैं, जिससे जल्द ही लू का खतरा मंडरा सकता है।
बिहार में आंधी-बारिश का पूर्वानुमान
बिहार में मौसम ने करवट ले ली है। कई जिलों में बादलों की आवाजाही जारी है और आंधीनुमा स्थितियां बनती दिख रही हैं। लगातार बढ़ते तापमान के बीच बादलों ने मौसम को सुहावना बना दिया है। मौसम विभाग ने येलो अलर्ट जारी करते हुए बतााय कि 10 से 13 मार्च के बीच राजधानी पटना, गया, पूर्णिया मुजफ्फरपुर, दरभंगा, समस्तीपुर, कटिहार, भागलपुर, मुंगेर, सुपौल, सीतामढ़ी, शिवहर, मुजफ्फरपुर, मधुबनी, अररिया, किशनगंज, सहरसा, मधेपुरा, बांका, जमुई और खगड़िया में 30 से 40 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से हवाएं चलेंगी और मेघ गर्जन के साथ हल्की बारिश व ठनका गिरने का खतरा बना रहेगा। लिहाजा, खराब मौसम के दौरान सुरक्षित स्थानों पर रहने की सलाह दी गई है। इस बेमौसम बारिश का असर रबी की फसलों पर दिखाई देगा, जिससे किसान चिंतित नजर आ रहे हैं।
दिल्ली-एनसीआर का मौसम
दिल्ली-एनसीआर में मौसम बेहद गर्म प्रतीत हो रहा है। हालांकि, दिन में तेज हवाएं चल रही हैं, लेकिन तापमान पर कोई प्रभाव नहीं पड़ रहा है। हालात ऐसे बनते जा रहे हैं कि दिन के अलावा रातें भी बेहद गर्म हैं, जिससे लोगों को एसी-कूलर का सहारा लेना पड़ रहा है। आईएमडी ने बताया कि अगले 24 घंटे के दौरान न्यूनतम तापमान 18 डिग्री और अधिकतम 36 डिग्री सेल्सियस के आसपास पहुंच सकता है। हालांकि, इस दौरान आंशिक तौर पर बदली छाई रह सकती है, लेकिन बारिश को लेकर कोई अलर्ट नहीं है। फिलहाल, पॉल्यूशन का लेवल स्थिर है और हवा की क्वालिटी में बेहद सुधार नहीं है। मौजूदा समय में एक्यूआई 240 के आसपास बना हुआ है, जो खराब श्रेणी में आता है। सीपीसीबी का मानना है कि अगले कुछ दिन हालात कुछ ऐसे ही रहेंगे। कमोबेश ऐसा ही मौसम और प्रदूषण नोएडा, गाजियाबाद में भी बने रहने की संभावना है।
राजस्थान में मौसम कैसा रहेगा
राजस्थान के कई जिलों में गर्मी का असर बढ़ गया है। आईएमडी के मुताबिक, मंगलवार से कई इलाकों में लू(Heatwave) की एंट्री हो गई है। जयपुर मौसम केंद्र के मुताबिक, इस समय राज्य के अधिकांश जिलों में अधिकतम तापमान 36 से 40 डिग्री सेल्सियस है जो सामान्य से 4 से 10 डिग्री सेल्सियस ऊपर है। अगले तीन से चार दिन कर मौसम शुष्क रहेगा और लू परेशान करेगी। हालांकि, 12 मार्च से तापमान में हल्की गिरावट का अनुमान जताया जा रहा है। आईएमडी का अनुमान है कि 14-15 मार्च को एक नए पश्चिमी विक्षोभ के प्रभाव से राज्य में कहीं-कहीं मेघगर्जन के साथ हल्की आंधी और बारिश मौसम को बदल सकता है, जिससे तापमान में दो-तीन डिग्री सेल्सियस की गिरावट आ सकती है।
पंजाब-हरियाणा का मौसम
पहाड़ों पर बदले मौसम का असर उत्तर भारत में नहीं है। लिहाजा हरियाणा और पंजाब में लगातार तापमान बढ़ रहा है और लोगों को तेज गर्मी का एहसास हो रहा है। मौसम विभाग ने बताया कि अगले कुछ दिन तक मौसम साफ रहेगा। अगले 2 दिन में हरियाणा का हिसार कई दिनों से बेहद गर्म रहेगा, जहां अधिकतम तापमान 38 डिग्री सेल्सियस के आसपास पहुंचेगा। वहीं, गुरुग्राम में 35, फरीदाबाद में 34, अंबाला में 33, करनाल में 32, नारनौल में 37 और भिवानी में 37 डिग्री सेल्सियस के आसपास पहुंचने का अनुमान है। उधर, पंजाब में मार्च में ही लगातार तापमान आसमान छू रहा है। आईएमडी के मुताबिक, दिन बेहद गर्म हैं और रात एंव सुबह सुहावनी बनी हुई है। बुधवार को चंडीगढ़ में अधिकतम तापमान 32.5, लुधियाना में 33, पटियाला में 33, फरीदकोट में 33.8 और अमृतसर में 31 डिग्री सेल्सियस के आसपास रहने का अनुमान है। मौसम विभाग का कहना है कि जल्द ही राज्य में लू चल सकती है और हीटवेव का अलर्ट घोषित किया जा सकता है।
उत्तराखंड में वेस्टर्न डिस्टर्बेंस का असर
उत्तराखंड में वेस्टर्न डिस्टर्बेंस के कारण मौसम आंख मिचौली खेल रहा है। पहाड़ी भागों पर बादलों की आवाजाही जारी है और बारिश के आसार बने हुए हैं। आईएमडी के मुताबिक, इस पूरे सप्ताह मौसम का मिजाज बदला रहेगा और चमोली, उत्तरकाशी, रूद्रप्रयाग, बागेश्वर और पिथौरागढ़ में रुक-रुककर गरज चमक के साथ हल्की बारिश जारी रहेगी। इस दौरान बर्फबारी भी होगी, जिससे ठंडक का एहसास होगा। इस मौसम का असर कुछ मैदानी हिस्सों पर भी रहेगा, लेकिन अधिकांश भागों पर मौसम शुष्क रहेगा। फिलहाल, न्यूनतम और अधिकतम तापमान सामान्य बने रहने की संभावना है।
हिमाचल प्रदेश का मौसम
पहाड़ों पर सक्रिय पश्चिमी विक्षोभ का प्रभाव हिमाचल प्रदेश और उत्तराखंड के ऊंचाई वाले भागों पर बना हुआ है। पिछले 24 घंटे के दौरान बादलों की आवाजाही जारी रही और कहीं-कहीं हल्की बूंदाबांदी और बारिश के साथ बर्फबारी रिकॉर्ड की गई। मौसम विभाग का कहना है कि हिमाचल के 6 जिलों कुल्लू, मंडी, चंबा, कांगड़ा, किन्नौर और लाहौल-स्पीति में मौसम बदला रहेगा और इस दौरान 30 से 50 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से हवाएं चलेंगी और गरज चमक के साथ बारिश होगी। इस दौरान कई ऊंचे भागों पर बर्फबारी होगी। हालांकि, मैदानी भागों पर मौसम साफ रहेगा और लू जैसी तेज गर्म हवाएं चलेंगी।
जम्मू-कश्मीर में मौसम कैसा रहेगा
जम्मू-कश्मीर में पिछले 2 दिन से पश्चिमी विक्षोभ का प्रभाव है। ऊंचाई वाले भागों पर बादल छाए हुए हैं और बारिश के साथ बर्फबारी रिकॉर्ड की जा रही है। मौसम विभाग ने बताया कि 10 से 13 मार्च के बीच कुपवाड़ा, गांदरबल, बांदीपोर, अनंतनाग में बर्फबारी से मौसम कूल रहेगा। इतना ही नहीं 13 से 17 मार्च के बीच भी पहाड़ों पर मौसम बदला रहेगा और हल्की बारिश के साथ बर्फबारी होने का अनुमान है। इस दौरान कई हिस्सों पर 4 से 5 डिग्री सेल्सियस तापमान में गिरावट की संभावना जताई जा रही है, जिससे अभी सर्दी का एहसास बरकरार रहेगा। अगले 2 दिन तक श्रीनगर में अधिकतम तापमान 24 डिग्री सेल्सियस, गुलमर्ग में 14, पहलगाम में 19 डिग्री, अनंतनाग में 12 डिग्री सेल्सियस के आसपास है। हालांकि न्यूनतम तापमान 5 से 10 डिग्री सेल्सियस तक रहने से अभी सर्दी का एहसास हो रहा है।
बंगाल, सिक्किम में बारिश का अलर्ट
मौसम विभाग ने पूर्वानुमान जारी करते हुए बताया कि 10 से मार्च के बीच पूर्वोत्तर के राज्यों में मौसम बदला रहेगा। एंटी साइक्लोनिक सर्कुलेशन के कारण सिक्किम, ओडिशा, असम और पश्चिम बंगाल के गंगा के मैदानी हिस्सों पर तेज आंधी के साथ बारिश का अलर्ट है। इस दौरान बादलों की गरज चमक के साथ वज्रपात का अनुमान बताया गया है। कमोबेश ऐसी ही बारिश एंव हवाएं छत्तीसगढ़ और झारखंड के कुछ हिस्सों में होने का अनुमान है। इन राज्यों में हवाओं की गति 40 से 50 किलोमीटर प्रति घंटा रहने की संभावना है। उधर, दक्षिण भारत में केरल में बारिश हो सकती है। हालांकि, अधिकांश राज्यों में मौसम शुष्क रहेगा और अधिकतम तापमान 35 से 40 डिग्री सेल्सियस के बीच रहने से तेज गर्मी महसूस होगी और जल्द ही लू हीटवेव का अलर्ट घोषित होने के चांस हैं।
11 मार्च बुधवार का तापमान
| शहर का नाम | न्यूनतम तापमान | अधिकतम तापमान |
| दिल्ली | 19°C | 34°C |
| मुंबई | 26°C | 34°C |
| चंडीगढ़ | 19°C | 32°C |
| जयपुर | 19°C | 36°C |
| भोपाल | 21°C | 36°C |
| रांची | 20°C | 29°C |
| कोलकाता | 23°C | 31°C |
| पटना | 23°C | 33°C |
| लखनऊ | 21°C | 34°C |
| चेन्नई | 24°C | 29°C |
| हैदराबाद | 21°C | 32°C |
| देहरादून | 15°C | 27°C |
| शिमला | 12°C | 24°C |
| कश्मीर | 8°C | 16°C |
हीटवेव क्या है?
मार्च की शुरुआत से ही अधिकांश राज्यों में तापमान बढ़ता जा रहा है। मौसम विभाग का अनुमान है कि अगले 2 से 4 दिन में तेलंगाना, विदर्भ, मराठवाड़ा, तमिलनाडु और रायमसीला में दिन का तापमान तेजी से बढ़ सकता है। अगले 10 दिन में 40 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच सकता है। मैदानी इलाकों में हीटवेव के 40 डिग्री सेल्सियस या उससे अधिक होना आवश्यक है, जो सामान्य से 4.5 डिग्री सेल्सियस ज्यादा होना चाहिए। तटीय क्षेत्रों के लिए यह सीमा 37 डिग्री सेल्सियस और पहाड़ी क्षेत्रों के लिए 30 डिग्री सेल्सियस निर्धारित है। इस दौरान डीहाइड्रेशन, हीट क्रैम्प्स और जानलेवा हीटस्ट्रोक होने का खतरा बढ़ सकता है। ले चलमे से चक्कर आना, बेहोशी इत्यादि आने की संभावनाएं बढ़ जाती हैं।
गर्मी कहां पड़ रही
देश के अधिकांश भागों पर तापमान में बढ़ोतरी जारी है। हालांकि, अभी भी हिमालयी राज्यों पर बर्फबारी से मौसम सर्द है, लेकिन उत्तर भारत में न्यूनतम और अधिकतम तापमान बढ़ रहा है। लिहाजा, अगले सप्ताह तक मौसम काफी गर्म महसूस होगा। फिलहाल, दक्षिण भारत, पूर्वोत्तर और गुजरात, महाराष्ट, छत्तीसगढ़, झारखंड, तेलंगाना, आंध्र प्रदेश, केरल, कर्नाटक और तमिलनाडु के अधिकांश भागों पर गर्मी का सिलसिला शुरू हो गया है। जल्द ही कुछ राज्यों में लू और सनबर्न का अलर्ट जारी हो सकता है।
सनबर्न क्या होता है?
गर्मी का सीजन शुरू होने के संकेत मिलने लगे है। लिहाजा गर्मियों के सीजन से बचाव के लिए सनबर्न का अलर्ट जारी किया जाता है। दरअसल, एक्सपर्ट के मुताबिक, सनबर्न त्वचा के लिहाज से काफी हानिकारक माना जाता है। चिकित्सीय भाषा में इसे डर्माटाइटिस सोलारिस कहा जाता है। सनबर्न सूरज की यूवी किरणों के अधिक संपर्क में आने से होती है। इससे स्किन पर इरिटेशन होने लगती है, जिससे त्वचा में छाले, सूजन और लाल दाग पड़ने लगते हैं और दर्द महसूस होता है। यानी की अधिकांश केस में स्किन झुलस जाती है, जिससे उसका कलर डार्क प्रतीत होता है।
