मौसम विभाग ने पूर्वानुमान जारी करते हुए कहा कि शुक्रवार को वेस्टर्न डिस्टर्बेंस के असर से उत्तराखंड, हिमाचल प्रदेश, लेह और जम्मू-कश्मीर के ऊंचाई वाले भागों पर हल्की बारिश-बर्फबारी के साथ ओलावृष्टि की संभावना जताई है। इधर, हरियाणा, पंजाब, दिल्ली, राजस्थान, उत्तर प्रदेश, बिहार और मध्य प्रदेश के कई जिलों में आंशिक तौर पर बादल छाए रहेंगे। कहीं-कहीं तेज हवाओं के साथ हल्की बारिश और आकाशीय बिजली गिरने की चेतावनी है। स्काईमेट ने अगले 72 घंटों के दौरान पूर्वोत्तर भारत के अधिकांश हिस्सों पर 70 की रफ्तार से तूफान और मूसलाधार पानी बरसने का की चेतावनी जारी की है। लेकिन, महाराष्ट्र और गुजरात में मौसम शुष्क रहेगा। उधर, दक्षिण भारत में चक्रवाती परिसंचरण के प्रभाव से अंडमान निकोबार द्वीप समूह, तेलंगाना, आंध्र प्रदेश, कर्नाटक, केरल और तमिलनाडु के तटीय भागों पर तूफानी हवाओं के साथ भारी वर्षा हो सकती है।
दिल्ली में कल का मौसम
दिल्ली-एनसीआर के मौसम में उतार-चढ़ाव जारी है। सुबह से हल्की ठंडी हवाओं से मौसम काफी सुहावना है। मौसम विभाग ने अगले कुछ घंटे में आंशिक रूप से बादल छाए रहने और बादलों गरजने और बिजली चमकने के साथ हल्की बारिश की संभावना व्यक्त की है। शुक्रवार को अधिकतम तापमान 36 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम 21 डिग्री सेल्सियस रहने का अनुमान है। बारिश के कारण हवा की क्वालिटी में थोड़ा सुधार हुआ है। सीपीसीबी के अनुसार, एक्यूआई 130 के आसपास है। सीपीसीबी के मुताबिक, एक्यूआई 0 से 50 के बीच अच्छा, 51 से 100 के बीच संतोषजनक, 101 से 200 के बीच मध्यम, 201 से 300 के बीच खराब, 301 से 400 के बीच बहुत खराब और 401 से 500 के बीच गंभीर माना जाता है।
यूपी में मौसम कैसा रहेगा
उत्तर प्रदेश में लगातार बारिश का दौर जारी है। मौसम विभाग ने अगले 3 दिन आंशिक बारिश और 11 मई से इसमें तेजी आने की संभावना जताई है। अगले 24 घंटे के दौरान पूर्वी यूपी के कुछ हिस्सों पर आंधी के साथ पानी बरस सकता है। वहीं, मध्य और बुंदेलखंड के हिस्सों पर छिटपुट बारिश से मौसम सुहावना रहेगा। खासकर, बांदा, हमीरपुर, फतेहपुर, चित्रकूट, महोबा, कानपुर देहात, कानपुर, लखनऊ, बाराबंकी, अयोध्या, प्रयागराज, प्रतापगढ़, गाजियाबाद, संभल, फर्रुखाबाद, हाथरस और शाहजहांपुर में बारिश और ओले गिरने की संभावना है। 12 मई के बाद एक बार फिर से गरज-चमक के साथ राज्य के कई हिस्सों पर आंधी के साथ बारिश होगी।
बिहार में बारिश होगी क्या
बिहार में मौसम का मिजाज बदलने से गर्मी और लू से काफी राहत है। राज्य के अधिकांश जिलों में आंधी-बारिश के असर से अधिकतम और न्यूनतम तापमान में काफी कमी देखी जा रही है, जिससे अगले कई दिनों तक सुहावने मौसम का एहसास होगा। आईएमडी ने राजधानी पटना, गया, भागलपुर, पश्चिमी चंपारण, सहरसा, किशनगंज, अररिया, गोपालगंज समेत करीब 15 से 20 जिलों में तेज आंधी के साथ बारिश और ठनका गिरने की चेतावनी जारी की है।
राजस्थान में बारिश का मौसम
राजस्थान के कई जिलों में तेज धूल भरी आंधी चलने के साथ बारिश का असर दिखाई दे रहा है, जिससे अधिकतम तापमान सामान्य है। हालांकि, मौसमी गतिविधियां कम होने से इसमें आंशिक बढ़ोतरी हुई है। जयपुर मौसम केंद्र ने बताया कि तीन से चार दिन जोधपुर संभाग व आसपास के इलाकों में तेज धूल भरी हवाएं चलने और कहीं-कहीं हल्की बारिश का अनुमान है। 9 मई से जोधपुर संभाग अधिकतम तापमान 45 डिग्री सेल्सियस पहुंचने का अनुमान है और पश्चिमी भागों में हीटवेव का नया दौर शुरू हो सकता है।
मध्य प्रदेश में बारिश होगी क्या
मध्य प्रदेश में मौसम बिगड़ने के आसार बने हुए हैं। कई दिनों से आंधी-बारिश की गतिविधियों से गर्मी से काफी राहत है। भोपाल मौसम विभाग ने बताया कि ग्वालियर, चंबल और जबलपुर संभागों में आंधी-तूफान और बारिश दर्ज की जा रही है। साथ ही श्योपुर कलां, कूनो नेशनल पार्क, मुरैना, बैतूल, छिंदवाड़ा, पांढुर्ना, पेंच, सिवनी, ग्वालियर, शिवपुरी और गुना में आकाशीय बिजली कड़कने और 60 किलोमीटर प्रति घंटे तक की रफ्तार से आंधी-तूफान चलने का अनुमान है। फिलहाल भोपाल और इंदौर में तापमान औसत से कम है। आईएमडी के मुताबिक, पश्चिमी विक्षोभ और चक्रवाती परिसंचरण के कारण अगले 2 दिन 11 जिलों ग्वालियर, मुरैना, भिंड, दतिया, निवाड़ी, टीकमगढ़, छतरपुर, पन्ना, सतना, रीवा और मऊगंज में आंधी-तूफान, आकाशीय बिजली गिरने का अलर्ट जारी किया है।
उत्तराखंड में बारिश का मौसम
उत्तराखंड में मौसम पूरी तरह से बदला हुआ और गर्मी लगभग शांत है। मौसम विभाग का मानना है कि अब वेस्टर्न डिस्टर्बेंस का असर कम होता जा रहा है, जिससे मौसमी गतिविधियों में थोड़ी कमी आएगी। लेकिन 10 मई से फिर से बादलों का कहर शुरू हो सकता है। मौसम विभाग ने बताया कि अगले 3 दिन आंशिक तौर पर बादलों की आवाजाही रहेगी, जिससे पर्वतीय हिस्सों पर हल्की बारिश-बर्फबारी और ओलावृष्टि देखी जा सकती है। आईएमडी के मुताबिक, उत्तरकाशी, चमोली, नैनीताल, रूद्रप्रयाग, पिथौरागढ़, अल्मोड़ा समेत करीब 13 जिलों में मेघ गर्जन के साथ तेज बारिश, आंधी और ओले गिरने से मौसम बिगड़ सकता है।
हिमाचल प्रदेश में कैसा है मौसम
हिमाचल प्रदेश में पश्चिमी विक्षोभ का असर से मौसम का मिजाज बदला हुआ है। कई स्थानों पर बारिश के साथ बर्फबारी से सर्दी का एहसास हो रहा है। शिमला मौसम विभाग की मानें तो अगले कुछ घंटे तक चंबा, रामपुर, कुल्लू और शिमला में बारिश के साथ ओले गिर सकते हैं। वहीं, पर्वतीय हिस्सों पर बसे जिलों शिमला किन्नौर, लाहौल-स्पीति, सोलन, सिरमौर, मंडी, कुल्लू में अंधड़ के साथ तेज बारिश का अलर्ट है। इसके बाद मौसम साफ रहेगा, लेकिन 11 और 12 मई से फिर से बारिश की संभावना रहेगी। उधर, जम्मू-कश्मीर में भी आंशिक बारिश के कारण मौसम बदला रहेगा। हालांकि, अगले 3 दिन मौसमी गतिविधियां थोड़ी कम होंगी। उधर, 10 और 12 मई से जम्मू-कश्मीर ने गरज-चमक के साथ तेज हवाएं चलेंगी और ओलावृष्टि से मौसम खराब रहेगा।
| शहर का नाम | न्यूनतम तापमान | अधिकतम तापमान |
| दिल्ली | 22°C | 32°C |
| मुंबई | 29°C | 32°C |
| जयपुर | 23°C | 38°C |
| भोपाल | 26°C | 38°C |
| लखनऊ | 22°C | 29°C |
| पटना | 23°C | 33°C |
| रांची | 22°C | 32°C |
| कोलकाता | 25°C | 32°C |
| चंडीगढ़ | 21°C | 31°C |
| चेन्नई | 29°C | 33°C |
| बेंगलुरु | 23°C | 32°C |
| देहरादून | 17°C | 26°C |
| शिमला | 13°C | 21°C |
| कश्मीर | 6°C | 16°C |
हरियाणा में कैसा है मौसम
हरियाणा में कई दिनों से आंधी-बारिश और ओलावृष्टि के कारण मौसम काफी सुहावना और लोग गर्मी से राहत मिल रही है। हालांकि, 8 मई को अंबाला, यमुनानगर, पंचकूला, कुरुक्षेत्र, करनाल, कैथल, पानीपत, सोनीपत, फरीदाबाद, गुरुग्राम और पंलवल में मेघ गर्जन के साथ 40 किमी. की रफ्तार से तेज हवाएं चल सकती हैं और बारिश से मौसम रंगीन रहेगा। हालांकि, इस दौरान वज्रपात की भी चेतावनी है। फिलहाल, अधिकतम तापमान 31 से 32 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 21 से 22 डिग्री सेल्सियस रहने का अनुमान है।
तमिलनाडु में आंधी-तूफान
दक्षिण भारत में प्री मानसून की गतिविधियां तेज हैं। समुद्री हिस्सों पर साइक्लोनिक सर्कुलेशन के प्रभाव से आंधी-तूफान और बारिश से भीषण गर्मी और लू की गतिविधियां शांत हैं। मौसम विभाग ने अगले कई दिनों तक तमिलनाडु, केरल, कर्नाटक, तेलंगाना, आंध्र प्रदेश और अंडमान निकोबार द्वीप समूह के कई हिस्सों पर तेज तूफानी हवाएं चलने और झमाझम बारिश होने का अलर्ट जारी रखा है। इसका अधिक असर समुद्र के किनारे वाले हिस्सों पर अधिक रहेगा। स्काईमेट ने बताया कि तमिलनाडु में12 मई तक कई पश्चिमी और दक्षिणी जिलों में भारी बारिश होगी। मन्नार की खाड़ी और आसपास के इलाकों में बना एक वायुमंडलीय चक्र राज्य भर में तेज बारिश की गतिविधियों को बढ़ा सकता है।
असम, अरुणाचल में तूफानी बारिश
पूर्वोत्तर भारत में पिछले 15 दिनों से मौसम खराब है। अधिकांश राज्यों में बादलों की आवाजाही बनी रहने से तापमान नियंत्रण में है, जिससे गर्मी और लू से बड़ी राहत है। मौसम विभाग ने बताया कि अगले 72 घंटे तक ओडिशा, सिक्किम, नागालैंड, असम, अरुणाचल प्रदेश, पश्चिम बंगाल, छत्तीसगढ़ के कुछ हिस्सों पर तेज तूफान 70 किलोमीटर की रफ्तार से चलेगा और बारिश से मौसम बदला रहेगा। उधर, मध्य प्रदेश के कुछ जिलों में भारी बारिश से गर्मी और लू से राहत मिलेगी।
