शहर

Delhi Judge Suicide : दिल्ली में जज अमन कुमार शर्मा ने की आत्महत्या, पत्नी भी जज; आखिर क्यों दी जान

दिल्ली के सफदरजंग इलाके में शनिवार को जज अमन कुमार शर्मा ने आत्महत्या कर ली है। वे फांसी पर लटके पाए गए। मृतक की पत्नी भी न्यायिक अधिकारी हैं और उनका बयान दर्ज किया जा रहा है।

Image

(सांकेतिक फोटो-Istock)

दिल्ली के सफदरजंग इलाके में शनिवार को जज अमन कुमार शर्मा ने आत्महत्या कर ली है। वे फांसी पर लटके पाए गए। दिल्ली पुलिस घटना से जुड़े सभी पहलुओं पर जांच कर रही है। दिल्ली पुलिस ने बताया कि सफदरजंग पुलिस स्टेशन में एक पीसीआर कॉल प्राप्त हुई, जिसमें ग्रीन पार्क निवासी अमन कुमार शर्मा के घर सुसाइड करने की सूचना मिली। वे दिल्ली के कड़कड़डूमा कोर्ट स्थित डीएलएसए में सचिव के पद पर तैनात थे। परिवार वाले भी नहीं समझ पा रहे हैं कि इस खौफनाक कदम के पीछे क्या कारण थे। फिलहाल पुलिस सभी पहलुओं पर जांच कर रही है।

मृतक की पहचान 30 वर्षीय अमन कुमार शर्मा के रूप में हुई है, जो उत्तर-पूर्वी जिले की जिला विधिक सेवा प्राधिकरण (डीएलएसए) में सचिव के पद पर कार्यरत थे। पुलिस के अनुसार, अमन शर्मा ग्रीन पार्क मेन स्थित यू-4ए, प्रथम तल पर रहते थे। शनिवार दोपहर करीब 1:45 बजे पुलिस कंट्रोल रूम को सूचना मिली, जिसके बाद पुलिस मौके पर पहुंची। यह सूचना मृतक के बहनोई शिवम ने दी थी, जो डिफेंस कॉलोनी के बी-ब्लॉक के निवासी हैं।

पुलिस अधिकारी ने बताया कि मृतक की पत्नी भी न्यायिक अधिकारी हैं और उनका बयान दर्ज किया जा रहा है। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। हालांकि शुरुआती तौर पर मामला आत्महत्या का लग रहा है, लेकिन पुलिस सभी पहलुओं से जांच कर रही है।

कॉल डिटेल्स की जांच

सफदरजंग एन्क्लेव थाना के एक अधिकारी ने बताया कि अमन शर्मा के मोबाइल फोन और कॉल डिटेल्स की जांच की जा रही है, ताकि किसी असामान्य गतिविधि का पता लगाया जा सके। पुलिस ने मृतक द्वारा कार्यालय और घर में इस्तेमाल किए जाने वाले इलेक्ट्रॉनिक उपकरण भी जब्त कर लिए हैं और उनका विश्लेषण किया जा रहा है। इसके अलावा घर के आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज भी खंगाली जा रही है, ताकि यह पता लगाया जा सके कि घटना से पहले कोई आगंतुक आया था या कोई व्यक्ति उनके साथ था।

पुलिस पड़ोसियों और मृतक के सहकर्मियों के बयान भी दर्ज कर रही है, ताकि यह समझा जा सके कि उन्हें यह कदम उठाने के लिए किस कारण ने मजबूर किया। आधिकारिक सूत्रों के मुताबिक, अमन शर्मा पहले न्यायिक मजिस्ट्रेट प्रथम श्रेणी और सिविल जज के तौर पर भी सेवाएं दे चुके थे। उन्होंने 2018 में पुणे के एक विश्वविद्यालय से कानून की पढ़ाई पूरी की थी और वर्ष 2021 में न्यायिक सेवा में शामिल हुए थे। अक्टूबर 2025 में उन्होंने कड़कड़डूमा कोर्ट स्थित उत्तर-पूर्वी जिले की डीएलएसए में पूर्णकालिक सचिव का पदभार संभाला था।

Pushpendra kumar
पुष्पेंद्र कुमारauthor

पुष्पेंद्र कुमार टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल में चीफ कॉपी एडिटर के रूप में सिटी डेस्क पर कार्यरत हैं। जर्नलिज्म में मास्टर्स डिग्री हासिल करने के बाद से वे पिछले 7 वर्षों से सक्रिय पत्रकारिता में जुड़े हैं। इस दौरान उन्होंने 10,000 से अधिक खबरें लिखी हैं। पुष्पेंद्र हाइपर-लोकल मुद्दों, रेलवे, रोड, इंफ्रास्ट्रक्चर, डेवलपमेंट, कृषि और मौसम से जुड़ी खबरों पर गहरी पकड़ रखते हैं। शहर से लेकर गांव-देहात तक की संवेदनशीलताओं को समझते हुए वे लोकल खबरों को ऐसा रूप देते हैं जो न केवल तथ्यपूर्ण होता है, बल्कि पाठकों से भावनात्मक रूप से भी जुड़ता है।

और पढ़ें
End of Article