पंजाब के उद्योग और वाणिज्य, निवेश प्रोत्साहन, बिजली तथा स्थानीय निकाय मंत्री संजीव अरोड़ा ने राज्य के औद्योगिक क्षेत्र के लिए एक बड़ी खुशखबरी दी है। उन्होंने बताया कि जोगिंद्रा ग्रुप ने 1100 करोड़ रुपये के निवेश के साथ अपने रणनीतिक विस्तार की घोषणा की है, जिससे पंजाब में औद्योगिक विकास और ग्रीन एनर्जी को नई दिशा मिलेगी।
मंत्री संजीव अरोड़ा के अनुसार, इस निवेश से यह स्पष्ट होता है कि पंजाब की उद्योग-अनुकूल नीतियों और बेहतर कारोबारी माहौल पर उद्योगों का भरोसा लगातार बढ़ रहा है। इस विस्तार योजना के तहत स्टील क्षेत्र में 700 करोड़ रुपये का निवेश किया जाएगा, जो मुख्य रूप से जोगिंद्रा कास्टिंग्स और वर्धमान आदर्श के जरिए किया जाएगा। वहीं, जोगिंद्रा ग्रीन इंडिया के जरिए नवीकरणीय ऊर्जा (Renewable Energy) में 400 करोड़ रुपये का निवेश किया जाएगा।
उन्होंने बताया कि इस विस्तार के बाद जोगिंद्रा ग्रुप का टर्नओवर 3000 करोड़ रुपये से बढ़कर 5000 करोड़ रुपये तक पहुंचने की संभावना है। इसके साथ ही कर्मचारियों की संख्या भी 1800 से बढ़कर 3000 हो जाएगी, जिससे हजारों युवाओं के लिए रोजगार के नए अवसर भी पैदा होंगे। इसके अलावा, रिन्युएबल एनर्जी क्षमता 37 मेगावाट से बढ़कर 120 मेगावाट तक पहुंच जाएगी।
बता दें कि जोगिंद्रा ग्रुप की स्थापना वर्ष 1992 में हुई थी और यह उत्तर भारत के प्रमुख औद्योगिक समूहों में से एक है। स्टील निर्माण के क्षेत्र में मजबूत पकड़ रखने वाला यह समूह अब ग्रीन एनर्जी सेक्टर में भी तेजी से विस्तार कर रहा है। इस ग्रुप का नेतृत्व सीएमडी आदर्श गर्ग कर रहे हैं, जबकि संजय गुप्ता और निमित गुप्ता निदेशक के रूप में काम कर रहे हैं।
मंत्री संजीव अरोड़ा ने कहा कि मंडी गोबिंदगढ़ लंबे समय से पंजाब के स्टील उद्योग का केंद्र रहा है और अब यह निवेश इसे और मजबूती देगा। उन्होंने यह भी कहा कि पंजाब तेजी से ग्रीन एनर्जी और मैन्युफैक्चरिंग निवेश के लिए एक पसंदीदा जगह बनता जा रहा है। यह 1100 करोड़ रुपये का निवेश राज्य की औद्योगिक आधार को मजबूत करेगा, रोजगार बढ़ाएगा और सतत विकास को सुनिश्चित करेगा। सरकार उद्योगों को हर संभव सहयोग देने और पर्यावरण के अनुकूल निवेश को बढ़ावा देने के लिए प्रतिबद्ध है।
देश और दुनिया की ताजा ख़बरें (Hindi News) पढ़ें हिंदी में और देखें छोटी बड़ी सभी न्यूज़ Times Now Navbharat Live TV पर। शहर (Cities News in Hindi) अपडेट और चुनाव (Elections) की ताजा समाचार के लिए जुड़े रहे Times Now Navbharat से।
