शहर

'मुझे इंसाफ चाहिए…' लड़ाई लड़ते-लड़ते जिंदगी हार गई महिला, दुष्कर्म पीड़िता की मौत से फूटा गुस्सा

जोधपुर ग्रामीण में दुष्कर्म और ब्लैकमेल मामले में इंसाफ न मिलने से परेशान एक महिला ने पानी की टंकी पर चढ़कर जहर खा लिया, जिससे उसकी मौत हो गई। इससे पहले उसकी बड़ी बहन भी खुदकुशी कर चुकी थी। इस घटना के बाद राजपूत समाज ने विरोध प्रदर्शन शुरू कर दिया है।

Image

पानी की टंकी पर चढ़ी महिला ने पुलिस के सामने खाया जहर

Jodhpur News: जोधपुर में दुष्कर्म और ब्लैकमेलिंग से जुड़ा एक बेहद दर्दनाक मामला सामने आया है। जहां एक महिला इंसाफ न मिलने से इस कदर हताश हुई कि उसने अपनी जान दे दी। बताया जा रहा है कि महिला ने पानी की टंकी पर चढ़कर जहरीला पदार्थ खा लिया। उसे तुरंत अस्पताल ले जाया गया, लेकिन रास्ते में ही उसकी मौत हो गई। इस घटना के बाद लोगों में आक्रोश फैल गया। राजपूत समाज के लोगों ने एमडीएम अस्पातल के मोर्चरी के बाहर विरोध प्रदर्शन शुरू कर दिया और आकोपियों की गिरफ्तारी व जिम्मेदार अधिकारियों पर कार्रवाई की मांग की।

11 दिन पहले पीड़िता ने पुलिस को लिखा था पत्र

यह घटना खेडापा थाना क्षेत्र के बावड़ी इलाके की है। जानकारी के अनुसार, महिला ने कुछ युवकों के खिलाफ दुष्कर्म और ब्लैकमेल का मामला दर्ज कराया था। परिजनों का आरोप है कि शिकायत के बावजूद पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ कोई कार्रवाई नहीं की। जिसके चलते महिला लगातार मानसिक तनाव में थी और कई बार न्याय की गुहार लगा चुकी थी। बताया जा रहा है कि महिला ने 11 दिन पहले भी पुलिस को एक पत्र लिखा था और आरोपियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की थी, लेकिन फिर भी कोई ठोस कदम नहीं उठाया गया।

बड़ी बहन ने भी की थी आत्महत्या

परिजनों का कहना है कि मृतका की बड़ी बहन ने भी करीब एक महीने पहले आत्महत्या की थी। वह इसी मामले से जुड़ी पीड़िता थी। आरोप है कि बड़ी बहन के साथ दुष्कर्म के बाद आरोपियों ने उसकी छोटी बहन को भी ब्लैकमेल करना शुरू कर दिया था। लगातार धमकियों और पुलिस की ओर से कोई कार्रवाई नहीं होने के कारण वह परेशान चल रही थी।

गिरफ्तारी की मांग लेकर टंकी पर चढ़ी थी महिला

घटना वाले दिन महिला आरोपियों की गिरफ्तारी की मांग को लेकर पानी की टंकी पर चढ़ गई। बताया जा रहा है कि इसी दौरान उसने पुलिस की मौजूदगी में जहरीला पदार्थ खा लिया। हालत बिगड़ने पर उसे तुरंत अस्पताल ले जाया गया, लेकिन उसकी जान बच नहीं सकी। महिला का शव एमजीएच की मोर्चरी में रखवाया गया है। वहीं परिजनों ने खेडापा पुलिस पर गंभीर लापरवाही का आरोप लगाया है और कहा कि मुकदमा दर्ज होने के बावजूद पुलिस ने कोई ठोस कार्रवाई नहीं की, जिससे आहत होकर महिला ने यह कदम उठाया। फिलहाल पुलिस मामले की जांच की बात कह रही है। लेकिन दो पीड़ित महिलाओं की मौत के बाद भी आरोपियों की गिरफ्तारी नहीं होने से पुलिस कार्रवाई पर गंभीर सवाल उठ रहे हैं।

Lakhveer Singh Shekhawat
लखवीर सिंह शेखावतauthor

पत्रकारिता में पिछले सात साल से सक्रिय हैं, वर्तमान में Times Now नवभारत में राजस्थान ब्यूरो हेड हैं। इससे पहले, ज़ी मीडिया और न्यूज़18 नेटवर्क के राजस्थान चैनल के लिए दिल्ली ब्यूरो चीफ के रूप में कार्य किया है। उन्होंने जयपुर नेशनल यूनिवर्सिटी से बीजेएमसी की डिग्री प्राप्त की और राजस्थान यूनिवर्सिटी से एमजेएमसी में डिग्री हासिल की है। राजस्थान से संबंधित समाचारों और ख़बरों पर विशेष पकड़ रखते हैं। साथ ही देश की प्रमुख राजनीतिक घटनाओं को कवर करने में भी विशेषज्ञता हासिल है।

और पढ़ें
End of Article