Jharkhand Protest: झारखंड में आज आंदोलन पर बैठे छात्रों के साथ सरकार की बातचीत होनी है। इस बातचीत से पहले भूख हड़ताल पर बैठे छात्र नेता देवेंद्र नाथ महतो (Devendra Nath Mahto) ने कहा है कि सरकार को चाहिए कि वो वार्ता के जरिए छात्रों को संतुष्ट कर दे। ऐसी शिक्षा व्यवस्था तैयार करे, जिससे छात्रों को संघर्ष नहीं करना पड़े। देवेंद्र नाथ महतो पिछले 16 दिनों से अनशन कर रहे हैं और इस समय रांची के एक अस्पताल में भर्ती हैं।
क्या बोले देवेंद्र नाथ महतो?
देवेंद्र नाथ महतो ने अस्पताल से जारी एक वीडियो में कहा, "सरकार वार्ता से छात्रों को संतुष्ट करे और हम चाहते हैं कि एक ऐसी शिक्षा व्यवस्था आए जो आने वाले समय में छात्रों को ऐसा संघर्ष ना करना पड़े। पेपर लीक, धांधली और पैरवी का सामना ना करना पड़े, ऐसी शिक्षा व्यवस्था पर सहमति बने...CBI जांच से आने वाले पीढ़ी को न्याय नहीं मिलेगा। अगर सरकार उम्मीदों पर खड़ी नहीं उतरेगी तो संघर्ष जारी रहेगा।"
छह दौर की हो चुकी है बातचीत
बता दें कि झारखंड सरकार ने भर्ती परीक्षाओं में कथित अनियमितताओं को लेकर आंदोलन कर रहे छात्रों को सोमवार को फिर से बातचीत के लिए आमंत्रित किया है। यह फैसला यहां प्रदर्शन स्थल जयपाल सिंह मुंडा स्टेडियम में अनुमंडल पदाधिकारी (एसडीओ) और अपर जिला मजिस्ट्रेट (कानून-व्यवस्था) की छात्रों के साथ बैठक के बाद लिया गया। इससे पहले झारखंड सरकार और आंदोलनकारी छात्रों के बीच छह दौर की बातचीत हो चुकी है। प्रदर्शन का नेतृत्व कर रहे छात्र संगठन ’जेपीएससी-जेएसएससी रिफॉर्म्स मंच’ ने कहा कि आंदोलनकारी छात्रों ने राज्य अतिथि गृह में सरकार के साथ फिर से बातचीत के प्रस्ताव को स्वीकार कर लिया है, लेकिन वे अपनी मांगों से पीछे नहीं हटेंगे। नौ अगस्त को हुई पिछली दौर की वार्ता में कोई समाधान नहीं निकल सका था। रविवार को प्रदर्शन 23वें दिन में प्रवेश कर गया।
