शहर

प्रेमी ने कुल्हाड़ी से वार कर निकाली प्रेमिका की आंख, झारखंड में लिव-इन पार्टनर की हैवानियत

Gumla Crime News: झारखंड के गुमला जिले में लिव-इन रिलेशनशिप में रहने वाले एक युवक ने अपनी प्रेमिका की कुल्हाड़ी के काटकर हत्या कर दी। बेरहमी की सारे हदें पार करते हुए युवक ने युवती की आंख निकाली और उसके बाद शव के पास बैठा रहा। मौके पर पहुंची पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है और मामले की पूछताछ की जा रही है।

Image

झारखंड में प्रेमी ने कुल्हाड़ी से वार कर निकाली प्रेमिका की आंख (Photo- iStock)

Gumla Crime: झारखंड के गुमला जिले में लिव-इन रिलेशनशिप से जुड़ा एक रूह कंपा देने वाला मामला सामने आया है। यहां एक युवक ने अपनी पार्टनर की कुल्हाड़ी से काटकर बेरहमी से हत्या कर दी है। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस की टीम मौके पर पहुंची। घटनास्थल का खौफनाक मंजर देख पुलिस की टीम भी हैरान रह गई। पुलिस अधिकारी ने बताया कि यह घटना गुरदरी थाना क्षेत्र के आमती पानी इलाके की है। युवती के शव को जब्त कर पुलिस ने पोस्टमार्टम क लिए भेज दिया है और आरोपी को गिरफ्तार कर लिया गया है।

लिव-इन रिलेशनशिप में हैवान बना पार्टनर

न्यूज एजेंसी आईएएनएस के अनुसार, पुलिस अधिकारी ने बताया कि आरोपी युवक ने युवती के शरीर पर कई वार किए, शव को दो टुकड़ों में काट दिया और एक आंख भी निकाल दी और बेरहमी से युवती को मौत के घाट उतारा। पुलिस ने मृतका की पहचान 19 वर्षीय असिखा कुमारी उर्फ पूजा के रूप में की है, जबकि आरोपी का नाम बुधेश्वर असुर बताया जा रहा है।

विवाद के बाद दिया वारदात को अंजाम

पुलिस के अनुसार, दोनों आदिम जनजाति समुदाय से ताल्लुक रखते हैं और लिव-इन रिलेशनशिप में साथ रह रहे थे। प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि दोनों जंगल में लकड़ी लाने गए थे, इसी दौरान किसी बात को लेकर उनके बीच विवाद हो गया। पुलिस सूत्रों के मुताबिक, जंगल में हुए विवाद के दौरान बुधेश्वर असुर आपा खो बैठा और अपने पास मौजूद कुल्हाड़ी से असिखा कुमारी पर ताबड़तोड़ वार कर दिए।

गंभीर चोटों के कारण युवती की मौके पर ही मौत हो गई। वारदात को अंजाम देने के बाद आरोपी मौके से फरार नहीं हुआ, बल्कि वहीं मौजूद रहा। घटना की सूचना मिलने पर गुरदरी थाना पुलिस तत्काल मौके पर पहुंची। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेजा और आरोपी बुधेश्वर असुर को मौके से ही गिरफ्तार कर लिया।

आरोपी ने स्वीकारी हत्या की बात

पूछताछ के दौरान आरोपी ने हत्या की बात स्वीकार कर ली है। पुलिस ने हत्या में प्रयुक्त कुल्हाड़ी भी बरामद कर ली है। अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी (एसडीपीओ) सुरेश प्रसाद यादव ने बताया कि गुरुवार शाम को हुई इस वारदात की पुलिस हर एंगल से इसकी जांच कर रही है। आरोपी से गहन पूछताछ की जा रही है, ताकि हत्या के पीछे की असली वजह स्पष्ट हो सके। फिलहाल, प्रारंभिक तौर पर मामला आपसी विवाद का प्रतीत हो रहा है, लेकिन अन्य पहलुओं की भी जांच की जा रही है।

(इनपुट - आईएएनएस)

Varsha Kushwaha
वर्षा कुशवाहाauthor

वर्षा कुशवाहा टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल की एजुकेशन डेस्क पर बतौर कॉपी एडिटर कार्यरत हैं और पिछले 5 वर्षों से मीडिया में सक्रिय हैं। जर्नलिज़्म में पोस्ट ग्रेजुएशन डिप्लोमा पूरा करने के बाद उन्होंने न्यूज रूम में तेजी, सटीकता और गहराई के साथ काम करते हुए अपनी मजबूत संपादकीय पहचान बनाई है। वर्षा की विशेषज्ञता हाइपर-लोकल खबरों, इवेंट कवरेज और स्टेट पॉलिटिक्स से जुड़ी रिपोर्टिंग में भी है। अब तक वर्षा कुशवाहा 8,000 से अधिक खबरें लिख चुकी हैं, जिनमें कई अहम लोकल रिपोर्ट्स, एजुकेशन और करियर की खबरें तथा फीचर-आधारित स्टोरीज शामिल हैं।

और पढ़ें
End of Article