जमशेदपुर : शहर में अपराधियों के हौसले बुलंद हैं। शनिवार को सोनारी थाना क्षेत्र के मरीन ड्राइव स्थित बिंदल मॉल के पास उस वक्त सनसनी फैल गई, जब एक रेस्टोरेंट में अचानक ताबड़तोड़ गोलियां चलने लगीं। गोलियों की आवाज से पूरा इलाका दहल उठा और मौके पर भगदड़ जैसी स्थिति बन गई। जानकारी के मुताबिक, फायरिंग में चार लोग गोली लगने से घायल हुए हैं। मौके पर भारी संख्या में पुलिस बल पहुंच गया है।
सीसीटीवी कैमरों से अपराधियों को पहचानने का प्रयास
घटना के तुरंत बाद घायलों को इलाज के लिए टाटा मेन हॉस्पिटल (टीएमएच) ले जाया गया, जहां उनका उपचार चल रहा है। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस महकमे में भी हड़कंप मच गया। पुलिस अधिकारी तत्काल मौके पर पहुंचे और घटनास्थल की जांच शुरू कर दी। आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है, ताकि हमलावरों की पहचान और उनके भागने के रास्ते का पता लगाया जा सके।
टाइम्स नाउ नवभारत पर यह भी पढ़ें - SIR विवाद को लेकर NDA नेताओं ने क्या-क्या कहा? चिराग-कुशवाहा के बाद नायडू-कुमारस्वामी ने भी दी प्रतिक्रिया
फायरिंग के पीछे क्या वजह थी, हमलावर कौन थे और वारदात को अंजाम देने के बाद वे किस दिशा में फरार हुए इन सवालों के जवाब तलाशने में पुलिस जुटी है। मरीन ड्राइव जैसे व्यस्त इलाके में दिनदहाड़े गोलीबारी से स्थानीय लोगों में दहशत का माहौल है।
फायरिंग करने वाले कौन?
घटनास्थल पर सुरक्षाकर्मियों के साथ बड़े प्रशासनिक अधिकारी मौजूद हैं। आखिरकार इसके पीछे किसका हाथ है और क्यों फायरिंग की गई, इसकी जानकारी जुटाने का प्रयास किया जा रहा है। पुलिस की टीमें आरोपियों को पकड़ने की कवायत में जुटी हैं। ये वो इलाका है, जहां अधिकांश समय पर लोगों की भीड़ रहती है। ऐसे में आशंका जताई जा रही है कि हमलावर किसी बड़ी घटना को अंजाम कोशिश में थे। या वो किसी पर्सनल को टारगेट करने आए थे। इन सभी पहलुओं की जांच की जा रही है।
