शहर

Jamshedpur News: दिनदहाड़े हथियार लहराते हुए बैंक में घुसे बदमाश, करोड़ों का सोना और नकदी लूट पैदल ही फरार

Jamshedpur News: झारखंड में जमशेदपुर के एक केनरा बैंक ब्रांच में हथियारबंद अपराधियों ने आज दिनदहाड़े डकैती डाल दी। बदमाशों ने कर्मचारियों को बंधक बनाया और सोना व नकदी लूटकर पैदल ही फरार हो गए।

Image

जमशेदपुर में दिनदहाड़े बैंक में डकैती डाल पैदल भागे बदमाश

Jamshedpur News: शहर में आज यानी गुरुवार 24 सितंबर को एक बैंक में दिनदहाड़े बैंक डकैती की वारदात से हड़कंप मच गया। यहां के गोलमुरी थाना क्षेत्र स्थित केनरा बैंक में करीब पांच हथियारबंद अपराधियों ने अचानक धावा बोल दिया। अपराधियों ने बैंक कर्मचारियों को बंधक बना लिया और बड़ी मात्रा में सोना व नकदी लूट ली। स्थानीय रिपोर्टों के अनुसार इस वारदात को अंजाम देने के बाद बदमाश पैदल ही बैंक से फरार हो गए।

घटना की सूचना मिलते ही पुलिस की टीम मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी है। पुलिस आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज भी खंगाल रही है। अपराधियों के बैंक से निकलने के बाद संभावित रास्तों की जानकारी भी जुटाई जा रही है।

अपराधियों ने कर्मचारियों को बनाया बंधक

शुरुआती जानकारी के मुताबिक, अपराधी Canara Bank खुलने के कुछ समय बाद अंदर दाखिल हुए। हथियारों के बल पर उन्होंने बैंक कर्मचारियों को अपने कब्जे में ले लिया। इसके बाद बैंक में मौजूद नकदी और सोना समेटकर फरार हो गए। स्थानीय मीडिया रिपोर्टों में अपराधियों की संख्या पांच बताई गई है।

लूट में कितनी नकदी और कितना सोना गया है, इसका आधिकारिक आंकड़ा फिलहाल सामने नहीं आया है। ऐसे में लूट की कुल रकम को लेकर लगाए जा रहे अनुमान की पुलिस की तरफ से फिलहाल कोई पुष्टि नहीं हुई है।

CCTV फुटेज से अपराधियों की तलाश

इस वारदात के बाद पुलिस ने बैंक और आसपास के इलाकों में जांच तेज कर दी है। CCTV फुटेज के जरिए बदमाशों की पहचान और उनके भागने के रास्ते का पता लगाने की कोशिश की जा रही है। पुलिस संभावित ठिकानों पर भी छापेमारी कर रही है।

इस तरह से दिनदहाड़े बैंक में हथियारबंद अपराधियों के घुसने की घटना के बाद इलाके में सुरक्षा को लेकर भी चिंता जतायी जा रही है। फिलहाल पुलिस अपराधियों की पहचान, लूट की वास्तविक रकम का आकलन और उनकी गिरफ्तारी पर अपना ध्यान केंद्रित किए हुए है। जांच पूरी होने के बाद ही वारदात से जुड़ी सभी बातें साफ हो पाएंगी।

Digpal Singh
दिगपाल सिंहauthor

दिगपाल सिंह टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल में सिटी टीम को लीड कर रहे हैं। शहरों से जुड़ी ताजाखबरें, लोकल मुद्दे, चुनावी कवरेज और एक्सप्लेनर फॉर्मेट पर उनकी मजबूत पकड़ है। 2006 से पत्रकारिता में सक्रिय दिगपाल सिंह को प्रिंट और डिजिटल दोनों माध्यमों में काम करने का अनुभव है। दोनों प्लेटफॉर्म्स पर काम करते हुए उन्होंने ग्राउंड-लेवल रिपोर्टिंग से लेकर सेंट्रल डेस्क पर बड़ी खबरों की हैंडलिंग तक हर स्तर पर अनुभव हासिल किया है। अब तक 30,000 से अधिक खबरें लिख चुके दिगपाल हाइपर-लोकल न्यूज की बारीकियों, शहरों की समस्याओं और लोगों से जुड़े वास्तविक मुद्दों को समझने की विशेष क्षमता रखते हैं।

और पढ़ें
End of Article