Rajasthan Water Tank Tragedy: राजस्थान के बालोतरा जिले में एक दर्दनाक घटना सामने आई है। यहां एक महिला ने अपने तीन बच्चों के साथ पानी की टंकी में छलांग लगा दी, जिससे चारों की मौत हो गई। पुलिस ने बताया कि यह घटना जसोल थाना क्षेत्र के टापरा गांव की है। गुरुवार सुबह महिला और उसके तीनों बच्चों के शव परिवार के खेत के पास स्थित पनौतरी नाड़ी की पानी की हौद से बरामद किए गए।
पुलिस मामले की जांच कर रही है और घटना के कारणों का पता लगाने की कोशिश की जा रही है। सिवाना के पुलिस उपाधीक्षक नीरज शर्मा से मिली जानकारी और शुरुआती जांच में यह सामने आया है कि ममता (32) पिछले करीब दस दिनों से अपने परिवार के साथ टापरा गांव से तीन किलोमीटर दूर स्थित खेत में फसल कटाई के लिए रह रही थी। शर्मा के अनुसार, बुधवार रात परिवार ने खाना खाया और सभी सोने चले गए। इसी दौरान ममता ने कथित तौर पर अपने तीन बच्चों सात वर्षीय नवीन, चार वर्षीय रुगाराम और छह महीने की मानवी को लेकर पानी की टंकी में छलांग लगा दी।
हौद के किनारे मिलीं ममता की चप्पलें
पुलिस के अनुसार, आज सुबह ममता की सास ने देखा कि वह घर में नहीं है और उसकी खोजबीन शुरू की। तलाश के दौरान उन्हें पानी की हौद के किनारे ममता की चप्पलें मिलीं। हौद में झांकने पर उन्होंने पानी में चारों शव देखे। इसके बाद महिला ने तुरंत ग्रामीणों और पुलिस को इसकी जानकारी दी। जसोल थाना और नागरिक सुरक्षा इकाई की टीम ने ग्रामीणों की मदद से चारों शवों को पानी की टंकी से बाहर निकाला।
घटना के कारणों की छानबीन जारी
शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है। पुलिस को प्रारंभिक जांच में यह आत्महत्या का मामला प्रतीत हो रहा है और घटना के कारणों की छानबीन की जा रही है। पुलिस के मुताबिक, ममता के पति अणदाराम पटेल बेंगलुरु में दवा की दुकान चलाते हैं, जिसे उन्होंने लगभग पांच महीने पहले शुरू किया था। अणदाराम को इस घटना की जानकारी दे दी गई है। ममता के ससुर बालोतरा में एक फैक्टरी में काम करते हैं और वहीं रहते हैं। ममता अपने बच्चों और सास के साथ टापरा गांव में रह रही थी।
(इनपुट - भाषा)
