राजस्थान पुलिस ने जैसलमेर के रोजगार कार्यालय में कार्यरत सहायक प्रशासनिक अधिकारी (एएओ) शकूर खान को जासूसी के आरोप में गिरफ्तार किया है। अधिकारियों के अनुसार, शकूर पर भारत की संवेदनशील और सामरिक सूचनाएं पाकिस्तान को भेजने का आरोप है। पुलिस महानिरीक्षक (सीआईडी सुरक्षा) विष्णु कांत गुप्ता ने बताया कि शकूर खान की गतिविधियों पर लंबे समय से नजर रखी जा रही थी। निगरानी के दौरान यह स्पष्ट हुआ कि वह पाकिस्तान दूतावास के कुछ व्यक्तियों, खासतौर से अहसान-उर-रहीम उर्फ दानिश और सोहेल कमर, के साथ लगातार संपर्क में था।
गौरतलब बात ये है कि दानिश को पहले ही भारत सरकार द्वारा अवांछित घोषित कर पाकिस्तान भेजा जा चुका है। पूछताछ में यह सामने आया कि शकूर खान ने दानिश की मदद से कई बार पाकिस्तान का वीजा प्राप्त किया और वहां यात्राएं कीं। वहां उसने पाकिस्तानी खुफिया एजेंसी (आईएसआई) के एजेंट से संपर्क स्थापित किया। भारत लौटकर उसने सामरिक महत्व की गोपनीय जानकारी जुटाई और व्हाट्सऐप जैसे मैसेजिंग ऐप के जरिए पाकिस्तान तक पहुंचाई।
राजनीतिक संबंधों पर टिप्पणी नहीं
इस घटना को शासकीय गुप्त बात अधिनियम (Official Secrets Act), 1923 के अंतर्गत अपराध माना गया है, जिसके तहत आरोपी के खिलाफ मामला दर्ज कर उसे गिरफ्तार कर लिया गया है। हालांकि, पुलिस ने उसके राजनीतिक संबंधों पर कोई टिप्पणी नहीं की, लेकिन सूत्रों के मुताबिक, वह पूर्ववर्ती कांग्रेस सरकार में मंत्री रहे शाले मोहम्मद के निजी सहायक (पीए) के रूप में काम कर चुका है। इस मुद्दे को लेकर राजनीतिक हलकों में भी चर्चाएं हो चुकी हैं।
(इनपुट - भाषा)
