Rajasthan Weather Today: राजस्थान में ठंड का प्रचंड रूप देखने को मिल रहा है। भीषण ठंड से लोगों का हाल बेहाल होने लगा है। यहां सर्दी, जुकाम और बुखार के मामले बढ़ते जा रहे हैं। राजस्थान में हांड कंपा देने वाली ठंड जारी है। इस बीच मौसम विभाग ने आज घने कोहरे के साथ कोल्ड डे का अलर्ट भी जारी किया है। दिन से समय चलने वाली शीतलहर से यहां ठंड और बढ़ रही है। रात तो रात अब दिन भी सर्द होने लगे हैं। इस भीषण ठंड से बचने के लिए और खुद को गर्म रखने के लिए लोग हीटर, ब्लोअर और अलाव का सहारा ले रहे हैं। यहां लोग कंबल-रजाई से बाहर नहीं जाना चाहते। बढ़ती ठंड को देखते हुए मौसम विभाग ने बच्चों और बुजुर्गों का खास ख्याल रखने की सलाह दी है। आने वाले सप्ताह में कहीं-कहीं बारिश होने की संभावना भी जताई गई है। आइए अब आपको बताएं आज कैसा रहेगा मौसम का हाल -
राजस्थान में कोल्ड डे का अलर्ट
मौसम विभाग ने राज्य के कई जिलों में कोहरे के साथ कोल्ड डे का अलर्ट भी जारी किया है। राजस्थान के हनुमानगढ़, झुंझुनू, अलवर, भरतपुर, टोंक में कोल्ड डे का ऑरेंज अलर्ट जारी किया है गया है। वहीं श्री गंगानगर, चूरू, सीकर, सवाई माधोपुर, बूंदी, भीलवाड़ा, चित्तौड़गढ़, कोटा, बारां और झालावाड़ में कोल्ड डे का येलो अलर्ट जारी किया गया है।
राजस्थान में कोहरे का अलर्ट
मौसम विभाग ने कोल्ड डे के साथ कई जिलों में घने कोहरे का अलर्ट भी जारी किया है। इन जिलों में दौसा, करौली, धौलपुर, भरतपुर, अलवर, सवाई माधोपुर, टोंक, श्री गंगानगर, हनुमानगढ़, सीकर, झुंझुनू, चूरू, कोटा, बारां, बूंदी, झालावाड़, भीलवाड़ा और चित्तौड़गढ़ शामिल है। यहां घना कोहरा छाया रहेगा और दोपहर में कहीं-कहीं धूप खिलने की संभावना है।
राजस्थान में बारिश की संभावना
नया पश्चिमी विक्षोभ एक्टिव हो रहा है। इसके एक्टिव होने से 21 और 22 जनवरी को राजस्थान के उत्तर-पश्चिमी और उत्तर-पूर्वी भागों में कहीं-कहीं बारिश होने की संभावना जताई गई है। बारिश से राजस्थान के तापमान में और कमी आने की संभावना है। इससे प्रदेश में कड़ाके की ठंड और बढ़ेगी। मौसम विभाग की मानें तो राजस्थान के लोगों को जनवरी में ठंड से राहत मिलने की संभावना कम है।
