जयपुर

राजस्थान का मौसम 29-October-2025: राजस्थान में मॉनसून जैसा मौसम, कई शहरों में हुई झमाझम बारिश; आज 12 जिलों में अलर्ट

Rajasthan Ka Mausam (राजस्थान में आज का मौसम कैसा रहेगा) 29-October-2025 जयपुर, जोधपुर, उदयपुर, कोटा में जाने आज बारिश होगी या नहीं? के मौसम का पूर्वानुमान: राजस्थान में पिछले 24 घंटों में कई जिलों में भारी बारिश हुई। आज भी 12 जिलों में येलो अलर्ट जारी किया गया है। यहां गरज-चमक के साथ बारिश होने की संभावना है।

Image

राजस्थान में आज का मौसम

Photo : टाइम्स नाउ डिजिटल

Rajasthan Ka Mausam (राजस्थान में आज का मौसम कैसा रहेगा) 29-October-2025: राजस्थान में जारी झमाझम बारिश अक्टूबर माह में मानसून का एहसास करा रही है। बीते 24 घंटे में प्रदेश के कई जिलों में रिकॉर्ड बारिश हुई। उदयपुर में 100 साल में पहली बार अक्टूबर माह के अंत में 9 मिमी से ज्यादा बारिश दर्ज हुई। बारिश के कारण कई जगहों पर जलभराव भी देखने को मिला। जिसके कारण कोटड़ा में स्कूलों में छुट्टी घोषित करनी पड़ी। राजस्थान के मौसम में आए बदलाव की वजह मध्य अरब सागर की खाड़ी पर स्थित अवदाब और एक नए पश्चिमी विक्षोभ का प्रभाव है। इसके अलावा मोंथा चक्रवात का असर भी प्रदेश के मौसम पर देखने को मिल रहा है। अभी राजस्थान में बेमौसम बारिश का सिलसिला बरकरार रहने की संभावना है।

राजस्थान के 12 जिलों में आज अलर्ट

मौसम विभाग ने आज राजस्थान के 12 जिलों में अलर्ट जारी किया है। जिनमें बांसवाड़ा, भीलवाड़ा, बूंदी, चित्तौड़गढ़, डूंगरपुर, प्रतापगढ़, राजसमंद, सलूबंर, सिरोही, उदयपुर, जालौर और पाली शामिल हैं। इन जिलों में गरज-चमक के साथ बारिश होने की संभावना है। राजस्थान में बुधवार से भारी बारिश की गतिविधियों में कमी देखने को मिल सकती है। हालांकि अगले 4-5 दिन दक्षिणी और दक्षिण-पूर्वी भागों में हल्की से मध्यम बारिश का सिलसिला जारी रहने का अनुमान है। वहीं पश्चिमी राजस्थान के सीमावर्ती इलाके, बीकानेर संभाग और शेखावाटी क्षेत्र में अगले 4 से 5 दिन मौसम शुष्क रहने की संभावना जताई गई है।

राजस्थान में क्यों बदला मौसम

मौसम विभाग के अनुसार अरब सागर की खाड़ी में एक अवदाब बना हुआ है। उत्तर-पूर्वी राजस्थान और आसपास के क्षेत्र के ऊपर एक परिसंचरण तंत्र भी बना है। जिसके संयुक्त प्रभाव से राजस्थान के दक्षिण और पूर्वी हिस्से में कहीं भारी और बहुत भारी बारिश हुई। इसके अलावा बंगाल की खाड़ी में मोंथा चक्रवाती तूफान आंध्र प्रदेश के तट से टकरा चुका है। इस तूफान के प्रभाव से राजस्थान में आने वाली पूर्वी हवाओं में नमी की मात्रा में इजाफा हुआ है। आईएमडी के अनुसार एक और नया पश्चिमी विक्षोभ 3 नवंबर से फिर से सक्रिय होने की संभावना है। जिसके प्रभाव से पश्चिमी और पूर्वी हिस्से में गरज-चमक के साथ हल्की से मध्यम बारिश होने का पूर्वानुमान है।

राजस्थान में कहां हुई सबसे अधिक बारिश

राजस्थान में मंगलवार को पूर्वी और दक्षिणी हिस्से में कहीं भारी तो कहीं अति भारी बारिश दर्ज की गई। इस दौरान सबसे अधिक बरसात बूंदी के नैनवा में 130 मिमी रिकॉर्ड हुई। इसके अलावा चित्तौड़गढ़, भीलवाड़ा, झालावाड़, डूंगरपुर, उदयपुर, कोटा, बारां, प्रतापगढञ और बांसवाड़ा जिले में भी 3-4 इंच बारिश हुई। बारिश के कारण तापमान में भी गिरावट देखने को मिल रही है। जिससे ठंड में भी इजाफा महसूस हुआ। जयपुर, बीकानेर, भरतपुर, अजमेर, कोटा और उदयपुर संभाग में मंगलवार दोपहर के बाद हल्की सर्द हवाएं चलीं। इन संभागों के ज्यादातर जिलों का अधिकतम तापमान 20 से 30 डिग्री रहा।

Pooja Kumari
पूजा कुमारीauthor

पूजा टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल की सिटी डेस्क पर कार्यरत हैं। जर्नलिज़्म में पीजी डिप्लोमा कर चुकी पूजा को टीवी मीडिया में भी काम करने का अनुभव है। शहरी मुद्दों की गहरी समझ के कारण पूजा लोकल न्यूज, मेट्रो व रेल अपडेट्स, रोड और इंफ्रास्ट्रक्चर, लोकल डेवलपमेंट, मौसम, क्राइम, स्थानीय राजनीति और सामाजिक मुद्दों पर मजबूत पकड़ रखती हैं। शहरों की नब्ज पहचानने और स्थानीय संवेदनशीलताओं को खबरों में प्रभावी ढंग से पिरोने की क्षमता उनकी राइटिंग स्किल को विशेष बनाती है। पूजा अब तक 3,000 से अधिक न्यूज रिपोर्ट्स लिख चुकी हैं, जिनमें कई महत्वपूर्ण लोकल अपडेट्स, विश्लेषणात्मक स्टोरीज और रिपोर्ताज शामिल हैं।

और पढ़ें
End of Article