जयपुर

Rajasthan Weather: राजस्थान को खूब भिगो रहा मानसून, उफान पर नदियां-सड़कों पर नाव; आज भी बारिश का रेड अलर्ट

Rajasthan Ka Mausam (राजस्थान में आज का मौसम कैसा रहेगा) 29-July-2025 जयपुर, जोधपुर, उदयपुर, कोटा में जाने आज बारिश होगी या नहीं? के मौसम का पूर्वानुमान: राजस्थान में आज भरतपुर, धौलपुर और करौली में बहुत भारी बारिश का रेड अलर्ट जारी किया गया है। इसके अलाव 5 जिलों में भारी बारिश का ऑरेंज अलर्ट और 19 जिलों में येलो अलर्ट जारी किया गया है।

Image

राजस्थान में भारी बारिश से कई जगहों पर जलभराव- सांकेतिक फोटो (PC-istock)

Rajasthan Ka Mausam (राजस्थान में आज का मौसम कैसा रहेगा) 29-July-2025: राजस्थान में सावन के महीने में मानसून कहर बरपा रहा है। प्रदेश में इन दिनों अधिकतर जगहों पर पानी ही पानी नजर आ रहा है। प्रदेश में इस कदर बारिश हो रही है कि कई जगहों पर सड़कों ने तालाब का रूप ले लिया है। जिसके चलते कुछ स्थानों पर गाड़ियों की जगह नावें चलती भी देखी गईं। लगातार हो रही बारिश के कारण नदियां उफान पर हैं और कई बांधों के गेट भी खोले गए हैं। जिससे निचले इलाकों में बाढ़ जैसे हालात हो गए हैं। राजस्थान में आज भी तीन जिलों बहुत भारी बारिश का रेड अलर्ट जारी किया गया है। इसके अलावा अन्य जिलों में कहीं तेज तो कहीं मध्यम बारिश होने की संभावना जताई गई है। बारिश को देखते हुए आज कई जिलों के स्कूल में भी छुट्टी घोषित की गई है।

राजस्थान में आज कहां-कहां होगी बारिश

मौसम विज्ञान केंद्र जयपुर ने मंगलवार को तीन जिलों में अति भारी बारिश का 'रेड अलर्ट' जारी किया है। जिनमें भरतपुर, धौलपुर और करौली शामिल हैं। वहीं पांच जिलों अलवर, बारां, दौसा, कोटा और सवाई माधोपुर में भारी बारिश का 'ऑरेंज अलर्ट' जारी है। इसके अलावा प्रदेश के 19 जिलों में 'येलो अलर्ट' जारी किया है। हालांकि दो अगस्त से भारी बारिश से राहत मिलने की उम्मीद है।

कई जिलों में बारिश से जलभराव

न्यूज एजेंसी भाषा के अनुसार राजस्थान के भीलवाड़ा, चित्तौड़गढ़, झालावाड़, कोटा, पाली और सिरोही सहित अनेक जिलों में भारी बारिश के कारण जलभराव हो गया। वहीं नदियों के उफान पर होने के कारण चंबल, कालीसिंध और बनास नदी पर बने बांधों के गेट खोल दिए गए। राजधानी जयपुर में सोमवार शाम मूसलाधार बारिश हुई जिससे अनेक निचले स्थानों में पानी भर गया। प्रमुख मार्गों पर जाम लगने से लोग परेशान हुए। मौसम केंद्र जयपुर के अनुसार सोमवार को जयपुर में जेएलएन मार्ग के सिंचाई भवन में 111.5 मिलीमीटर, जयपुर हवाई अड्डे पर 74.2 मिलीमीटर व मौसम केंद्र कार्यालय में 66.8 मिलीमीटर बारिश दर्ज की गई। इसमें से अधिकांश बारिश शाम साढ़े छह बजे के बाद हुई।

सड़कों पर चली नाव

राजस्थान के सिरोही में केराल नदी की पुलिया पर निजी स्कूल बस फंस गई। बस में 35 बच्चे सवार थे। वहीं पुलिस ने बताया कि चित्तौड़गढ़ में बेड़च नदी का पुल पार करते समय दो बाइक सवार बह गए। भीलवाड़ा के बिजोलिया इलाके में जलभराव के कारण बाढ़ जैसे हालात हो गए जहां पानी से भरी एक सड़क पर नाव चलती देखी गई। जबकि एरू नदी के पुल पर पांच फुट तक पानी भर गया। झालावाड़ में भारी बारिश के कारण करीब आधा दर्जन गांवों में हालात खराब हैं।

आज राजस्थान के 11 जिलों में स्कूल बंद

भारी बारिश की चेतावनी को देखते हुए प्रशासन ने 11 जिलों में मंगलवार को स्कूलों की छुट्टी घोषित की है। इनमें झालावाड़, कोटा, चित्तौड़गढ़, टोंक, भीलवाड़ा, बारां, डूंगरपुर, धौलपुर, सलूंबर, बांसवाड़ा और अजमेर शामिल हैं। मौसम केंद्र के अनुसार मध्य प्रदेश व आसपास के पूर्वी राजस्थान के ऊपर आज कम दबाव का क्षेत्र बना हुआ है। इसके प्रभाव से पिछले 24 घंटो में दक्षिण-पूर्वी भागों में कहीं-कहीं भारी, अत्यंत भारी बारिश दर्ज हुई है। इस दौरान कोटा, भीलवाड़ा, झालावाड़, चित्तौड़गढ़, प्रतापगढ़, टोंक, सिरोही, राजसमंद, पाली, बूंदी, बारां, बांसवाड़ा और अजमेर जिलों में भारी बारिश हुई।

राजस्थान में कहां-कितनी हुई बारिश

पिछले 24 घंटों में पूर्वी राजस्थान में सबसे ज्यादा बारिश कोटा के रामगंज मंडी में 242 मिलीमीटर और भीलवाड़ा के जेतपुरा में 235 मिलीमीटर हुई। मौसम केन्द्र के अनुसार दक्षिण-पूर्वी व उत्तर-पूर्वी राजस्थान के कुछ भागों में 28-29 जुलाई को भारी, अतिभारी व कहीं-कहीं अत्यंत भारी बारिश होने की पूरी संभावना है। वहीं 30-31 जुलाई को भरतपुर, जयपुर व अजमेर संभाग में कहीं-कहीं भारी व अतिभारी बारिश होने तथा बीकानेर संभाग में कहीं-कहीं मध्यम से भारी बारिश होने का अनुमान है।

(इनपुट - भाषा)

Pooja Kumari
पूजा कुमारीauthor

पूजा टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल की सिटी डेस्क पर कार्यरत हैं। जर्नलिज़्म में पीजी डिप्लोमा कर चुकी पूजा को टीवी मीडिया में भी काम करने का अनुभव है। शहरी मुद्दों की गहरी समझ के कारण पूजा लोकल न्यूज, मेट्रो व रेल अपडेट्स, रोड और इंफ्रास्ट्रक्चर, लोकल डेवलपमेंट, मौसम, क्राइम, स्थानीय राजनीति और सामाजिक मुद्दों पर मजबूत पकड़ रखती हैं। शहरों की नब्ज पहचानने और स्थानीय संवेदनशीलताओं को खबरों में प्रभावी ढंग से पिरोने की क्षमता उनकी राइटिंग स्किल को विशेष बनाती है। पूजा अब तक 3,000 से अधिक न्यूज रिपोर्ट्स लिख चुकी हैं, जिनमें कई महत्वपूर्ण लोकल अपडेट्स, विश्लेषणात्मक स्टोरीज और रिपोर्ताज शामिल हैं।

और पढ़ें
End of Article