Rajasthan Ka Mausam (राजस्थान में आज का मौसम कैसा रहेगा) 28-July-2025: राजस्थान में मौसम कहर बरपा रहा है। प्रदेश में मानसून के फिर से एक्टिव होने के बाद से जोरदार बारिश हो रही है। रविवार को भी उदयपुर, जयपुर समेत कई जिलों में भारी से बहुत भारी बारिश दर्ज की गई। लगातार हो रही बारिश के चलते कई इलाके भी जलमग्न हो गए हैं। जिससे लोगों का जीवन प्रभावित हो रहा है। मौसम विभाग ने आज भी कई जिलों में भारी बारिश की चेतावनी जारी की है। जिसे दखते हुए कई जिलों में एहतियातन छुट्टी घोषित कर दी गई है।
राजस्थान में आज कैसा रहेगा मौसम
मौसम विभाग के अनुसार सोमवार को भरतपुर, कोटा, उदयपुर संभाग में भारी से बहुत भारी बारिश की संभावना जताई गई है। वहीं एक-दो स्थानों पर अत्यंत भारी बारिश होने की भी चेतावनी जारी की गई है। वहीं जयपुर, अजमेर, जोधपुर संभाग में भी कहीं-कहीं भारी बारिश होने के आसार हैं। साथ ही आकाशीय बिजली गिरने और 30 से 50 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से अंधड़ चलने की भी संभावना है। आईएमडी के अनुसार बारां, भरतपुर, झालावाड़, करौली में बहुत भारी बारिश का रेड अलर्ट जारी किया गया है। वहीं अलवर, बांसवाड़ा, बूंदी, चित्तौड़गढ़, दौसा, धौलपुर, डूंगरपुर, कोटा, प्रतापगढ़, सवाई माधोपुर में ऑरेंज अलर्ट है। बारिश की चेतावनी को देखते हुए 28-29 जुलाई को बारां, अंता, बांसवाड़ा, कोटा, डूंगरपुर, झालावाड़, भीलवाड़ा, अजमेर, टोंक और चित्तौड़गढ़ जिलों के जिलाधिकारियों ने स्कूलों की छुट्टियों के आदेश जारी किए हैं।
राजस्थान में कहां हुई सबसे अधिक बारिश
मौसम विभाग के अनुसार रविवार को पाली, अजमेर, टोंक, बारां सहित कई जगहों पर बारिश दर्ज की गई। जयपुर स्थित मौसम विज्ञान केंद्र के प्रवक्ता ने रविवार को बताया कि मध्य प्रदेश के ऊपर बना अवदाब रविवार को कमजोर होकर स्पष्ट कम दबाव के क्षेत्र में बदल चुका है। जिसके प्रभाव से पिछले 24 घंटो में कोटा, उदयपुर, जयपुर, भरतपुर, जोधपुर संभाग में कहीं-कहीं भारी से अति भारी बारिश दर्ज की गई है। इस दौरान सबसे अधिक बारिश 136 मिमी बांसवाड़ा के कुशलगढ़ में हुई।
पाली में बारिश से सड़कें जलमग्न
मौसम विभाग के अनुसार पाली, चित्तौड़गढ़ और बारां सहित कई इलाकों में रविवार को हल्की से मध्यम बारिश दर्ज की गई। वहीं लगभग दो घंटे तक हुई भारी बारिश से पाली के सादड़ी इलाके में सड़कें जलमग्न हो गईं। विभाग ने रविवार को उदयपुर, कोटा, अजमेर, जोधपुर, जयपुर संभाग में कहीं-कहीं भारी, अति भारी बारिश व शेष भागों में हल्की मध्यम बारिश होने की संभावना जताई थी। वहीं कोटा, उदयपुर संभाग में कहीं-कहीं अत्यंत भारी बारिश भी होने की संभावना जताई थी।
(इनपुट - भाषा)
