Rajasthan Ka Mausam (राजस्थान में आज का मौसम कैसा रहेगा) 12-August-2025: राजस्थान में मानसून सुस्त पड़ गया है। जिसके कारण बारिश की गतिविधियों में भी कमी देखने को मिल रही है। पिछले 24 घंटों में राज्य के अलग-अलग हिस्सों में हल्की से मध्यम बारिश दर्ज की गई। इस दौरान कहीं भी भारी बारिश नहीं हुई। अगले 3 दिनों तक भारी बारिश को लेकर कोई अलर्ट जारी नहीं किया गया है। हालांकि 14 अगस्त के बाद एक बार फिर से मानसून एक्टिव हो सकता है। बंगाल की खाड़ी से आने वाली पूर्वी हवाएं अपने साथ बारिश भी लाने वाली हैं। 15 अगस्त से राजस्थान में फिर से तेज बारिश की संभावना जताई गई है।
राजस्थान में आज कैसा रहेगा मौसम
मौसम विभाग के अनुसार आज पूर्वी राजस्थान के कोटा, उदयपुर, भरतपुर, अजमेर और जयपुर संभागों में कहीं-कहीं पर बारिश होने की संभावना है। वहीं पश्चिमी राजस्थान में जोधपुर और बीकानेर संभागों में कहीं-कहीं बारिश हो सकती है। इस दौरान कहीं भी किसी भी तरह का अलर्ट जारी नहीं किया गया है। 14 अगस्त तक प्रदेश के दोनों हिस्सों में ऐसा ही मौसम रहने की संभावना है। 14 अगस्त को अलवर, बारां, भरतपुर, बूंदी, दौसा, धौलपुर, झालावाड़, कोटा, सवाई माधोपुर और करौली में येलो अलर्ट जारी किया गया है। इस दौरान बारिश के साथ मेघगर्जन और वज्रपात की संभावना जताई गई है।
बारिश की कमी से बढ़ा पारा
राजस्थान में बारिश की कमी के चलते एक बार फिर उमस भरी गर्मी लोगों को परेशान करने लगी है। आसमान साफ होने के कारण तेज धूप निकल रही है। जिससे तापमान में भी इजाफा देखने को मिला है। प्रदेश में सबसे अधिक तापमान श्रीगंगानगर में 39 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। वहीं बीकानेर में 38.4 डिग्री और चूरू में 38.2 डिग्री सेल्सियस अधिकतम तापमान रहा।
