Jaisalmer News: राजस्थान के जैसलमेर के डेजर्ट नेशनल पार्क से कुछ अद्भुत तस्वीर आई सामने है। यहां गोडावण के अब तक के सबसे बड़े झुंड की तस्वीरों को कैमरे में कैद किया गया है। बता दें कि इससे पहले अक्टूबर 2023 और फरवरी 2023 में एक साथ 9 गोडावण दिखाई दिए थे। लेकिन इस बार जैसलमेर में 12 गोडावण के समूह को देखा गया है। इनकी बढ़ी हुई संख्या को एक साथ देखना एक अद्भुत नजारे से कम नहीं है।
राजस्थान के राज्य पक्षी की बढ़ी संख्या
गोडावण राजस्थान का राज्य पक्षी है। यह काफी शर्मीले होते हैं। बता दें कि पक्षियों की इस प्रजाति को विलुप्तप्राय पक्षियों की सूची में शामिल किया गया है। बीते सालों में इनकी घटती संख्या राज्य सरकार, वन विभाग और पर्यावरण के लिए चिंता का विषय बन गई थी। लेकिन अब इनकी संख्या में कुछ बढ़ोतरी देखी गई है। गोडावण के संरक्षण के लिए किए गए प्रयास रंग ला रहे हैं। ब्रीडिंग सेंटर की शुरुआत से इनकी संख्या में वृद्धि देखी जा रही है।
एक साथ दिखे 12 गोडावण
बीते सालों में एक साथ गिने चुने गोडावण दिखाई देते थे, लेकिन इस बार एक साथ 12 गोडावण का दिखना एक अच्छा संकेत माना जा रहा है। गोडावण का समूह डीएनपी के सुदासरी क्षेत्र में दिखाई दिया है। इनके संरक्षण से आने वाले समय में इनकी संख्या और बढ़ने की संभावना जताई जा रही है। 12 गोडावण की जारी की गई फोटो और वीडियो राजस्थान फॉरेस्ट डिपार्टमेंट ने अपनी आधिकारिक हैंडल से शेयर की है। यह फोटो उप वन संरक्षण आशीष व्यास ने अपने कैमरे में कैद की थी।
