जयपुर

Jhunjhunu News: डिजिटल दोस्ती पड़ी भारी; युवक से मिलने मेघालय से राजस्थान आई युवती को मिला धोखा, पुलिस ने घर छोड़ा

Rajasthan Jhunjhunu News Today (झुंझुनू की खबर ): मेघालय की एक युवती को सोशल मीडिया पर प्यार हुआ और दोस्त से मिलने वह 2500 किलोमीटर दूर से मिलने झुंझुनू के नवलगढ़ आ तक गई। उसे उसका दोस्त नहीं मिला, जब लोगों ने उसे बदहवास घूमते देखा तो पुलिस को सूचना दी। पुलिस ने युवती को फ्लाइट में बैठाया।

Image

भटकती युवती को पुलिस ने फ्लाइट से घर छोड़ा

Photo : Times Now Digital

Jhunjhunu: एक बार फिर सोशल मीडिया की चमक असल में फीकी साबित हुई। सोशल मीडिया पर परवान चढ़े प्यार के लिए एक लड़की मेघालय से झुंझुनू आ गई लेकिन उसके हाथ निराशा लगी। अपने प्रेमी से मिलने की ख्वाहिश में करीब ढाई हजार किलोमीटर दूर तय करके नवलगढ़ पहुंची वह युवती भटकती रही लेकिन उसे अपना दोस्त नहीं मिला।

क्या है मामला

लोगों ने जब नवलगढ़ के चुणा चौक पर बदहवास युवती को घूमते देखा तो नवलगढ़ पुलिस को इसकी सूचना दी। सूचना के बाद नवलगढ़ पुलिस टीम तुरंत मौके पर पहुंची। जब युवती से पूछताछ की गई, तो उसने अपना नाम सैंगमीची ए. मार्क, पुत्री सोहिता ए. मार्क बताया। वह अपर बागान देहल री, भोई, मेघालय की रहने वाली है। पुलिस को जब उसके राजस्थान आने का कारण पता चला, तो मामला चौंकाने वाला निकला। युवती ने बताया कि वह फेसबुक और इंस्टाग्राम पर एक लड़के से दोस्ती के चलते नवलगढ़ मिलने आई थी। मगर यहां उसे उसका दोस्त नहीं मिला।

दर्ज हो चुकी थी गुमशुदगी की रिपोर्ट

मामले का पता चलने के बाद नवलगढ़ पुलिस ने मेघालय पुलिस और उसके परिजनों से संपर्क किया। उधर परेशान परिजनों ने लड़की की गुमशुदगी की रिपोर्ट दर्ज करा चुके थे। जब नवलगढ़ पुलिस ने सूचना दी कि वह सही सलामत है परिवार वालों ने राहत की सांस ली।

पुलिस ने फ्लाइट से किया रवाना

नवलगढ़ पुलिस ने जिम्मेदारी का परिचय देते हुए, युवती को सांगानेर एयरपोर्ट, जयपुर से गुवाहाटी एयरपोर्ट के लिए एयर टिकट बुक कराकर, पूरी सुरक्षा और सम्मान के साथ वापस भेजा। युवती को रवाना करने से पहले परिजनों और संबंधित थाने से संपर्क सुनिश्चित किया गया। यह घटना आज के युवाओं के लिए एक बड़ा संदेश है। डिजिटल दोस्ती कभी-कभी असल दुनिया में बहुत जोखिम भरी हो सकती है। सैंगमीची के प्रेम मिलने की आशा टूट गई लेकिन गनीमत रही कि वह सुरक्षित थी और समय रहते पुलिस की मदद से घर पहुंच गई।

Lakhveer Singh Shekhawat
लखवीर सिंह शेखावतauthor

पत्रकारिता में पिछले सात साल से सक्रिय हैं, वर्तमान में Times Now नवभारत में राजस्थान ब्यूरो हेड हैं। इससे पहले, ज़ी मीडिया और न्यूज़18 नेटवर्क के राजस्थान चैनल के लिए दिल्ली ब्यूरो चीफ के रूप में कार्य किया है। उन्होंने जयपुर नेशनल यूनिवर्सिटी से बीजेएमसी की डिग्री प्राप्त की और राजस्थान यूनिवर्सिटी से एमजेएमसी में डिग्री हासिल की है। राजस्थान से संबंधित समाचारों और ख़बरों पर विशेष पकड़ रखते हैं। साथ ही देश की प्रमुख राजनीतिक घटनाओं को कवर करने में भी विशेषज्ञता हासिल है।

और पढ़ें
End of Article